*दिल्ली वालों को समय पर सम्पत्ति कर जमा कराने पर मिलने वाली छूट भी पुन: 15% की जाए – वीरेन्द्र सचदेवा
दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने आज दिल्ली नगर निगम आयुक्त को पत्र लिखकर उनका ध्यान समय पर हाउस टैक्स जमा कराने पर मिलने वाली छूट बंद होने से दिल्ली की ग्रुप हाउसिंग सोसाइटीज मे रहने वाले लोगों में व्याप्त रोष की ओर आकृष्ट करते हुए मांग की है कि ग्रुप हाउसिंग सोसाइटीज के निवासियों को समय पर सम्पत्ति कर जमा करवाने पर गत वर्ष तक मिलने वाली 15% छूट + 20% अतिरिक्त छूट पुनः दी जाए।
इसी के साथ वीरेन्द्र सचदेवा ने सभी दिल्ली वालों को समय पर सम्पत्ति कर जमा कराने पर मिलने वाली छूट 15% से घटा कर 10% किये जाने का भी विरोध किया है।
सचदेवा ने कहा कि ग्रुप हाउसिंग सोसाइटीज अपने भीतरी परिसर में सफाई, रखरखाव आदि स्वंय करती हैं और उनके निवासियों को 20% अतिरिक्त छूट मिलती है उसी से उनको आर्थिक संसाधन मिलते थे जो कि नगर निगम साल 2001 से देता आया है। उन्होंने कहा कि छूट बंद होने से सोसाइटीज प्रशासकों के सामने आर्थिक समस्या उत्पन्न हो गई है और ऐसा माना जा रहा है कि उनकी आंतरिक रखरखाव सेवाएं शीघ्र ठप्प हो जाएंगी।
सचदेवा ने नगर निगम आयुक्त से मांग की है कि दिल्ली नगर निगम अविलंब दिल्ली में सभी को समय पर सम्पत्ति कर जमा कराने पर मिलने वाली छूट पुन: 15% करे और ग्रुप हाउसिंग सोसाइटीज को मिलने वाली अतिरिक्त 20% छूट पुनः बहाल करें।