पूर्वी रेंज –II, अपराध शाखा की टीम ने वांछित अभियुक्त संजू, उम्र 28 वर्ष, निवासी ग्राम भलस्वा, दिल्ली और संदीप पंवार, उम्र 28 वर्ष, निवासी जहांगीरपुरी, दिल्ली की गिरफ्तारी के साथ थाना जहाँगीर पूरी के एक सनसनीखेज हत्याकांड मामले को सुलझा लिया गया है।
घटना का संक्षिप्त विवरण:
मृतक बिजेंद्र यादव उर्फ बबली सामाजिक समारोह में शामिल होने मीठा कुआँ, ग्राम भलस्वा, दिल्ली के पास आया था जहाँ उसे गोली मार दी गयी थी। इसके बाद आरोपी व्यक्ति मौके से फरार हो गए थे। पीड़ित को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया जहाँ डॉक्टरो द्वारा उसे मृत घोषित कर दिया गया। घटना के बाद से सभी आरोपित फरार चल रहे थे।
तदानुसार, प्राथमिकी संख्या 445/2023, धारा 302/34 भारतीय दंड संहिता व 25/27 शस्त्र अधिनियम, थाना जहांगीर पुरी, दिल्ली दर्ज की गयी थी।
टीम और संचालन:
प्रधान सिपाही अमरजीत को गुप्त सूचना मिली थी कि जहांगीर पुरी हत्याकांड के वांछित आरोपी आई.एस.बी.टी., कश्मीरी गेट आएंगे | अगर समय पर जाल बिछाया जाये तो आरोपी व्यक्तियों को पकड़ा जा सकता है।
तदानुसार, उपायुक्त सतीश कुमार और संयुक्त आयुक्त एस.डी. मिश्रा द्वारा सहायक आयुक्त राज कुमार साहा की देख रेख में निरीक्षक उमेश सती के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया | जिसमे सहायक उप निरीक्षक रहीशुद्दीन, सहायक उप निरीक्षक लुकमान, सहायक उप निरीक्षक अरविंद, सहायक उप निरीक्षक विनोद कुमार, प्रधान सिपाही अमरजीत, प्रधान सिपाही परीक्षित और प्रधान सिपाही विकास शामिल थे |
आरोपी व्यक्तियों का पता लगाने के लिए स्थानीय और तकनीकी मदद ली गई व आईएसबीटी, कश्मीरी गेट के पास जाल बिछाया गया व दोनों आरोपियों को पकड़ लिया गया। पूछताछ के बाद उनकी पहचान संजू, उम्र 28 वर्ष, निवासी ग्राम भलस्वा, दिल्ली और संदीप पंवार, उम्र 28 वर्ष, निवासी जहाँगीर पुरी, दिल्ली के रूप में हुई। दोनों आरोपियों ने थाना जहांगीर पुरी, दिल्ली के हत्या के मामले में अपनी संलिप्तता भी स्वीकार की है।
पूछताछ:
मृतक बिजेंद्र यादव और आरोपी संजू यादव के बीच प्रतिद्वंद्विता डेढ़ साल पहले शुरू हुई जब मृतक के भाई राहुल यादव @ डीपी ने आरोपी संजू के साथ पार्किंग के लिए झगड़ा किया। आरोपी संजू यादव ने बिजेंद्र यादव से इस घटना के बारे में शिकायत की लेकिन उसने कोई ध्यान नहीं दिया। इसके बाद राहुल यादव ने संजू यादव को फेसबुक पर अभद्र टिप्पणी और धमकी दी।
यह विवाद दिल्ली नगर निगम में पार्षद के चुनाव के दौरान और बढ़ गया। आरोपी संजू यादव के भाई को आम आदमी पार्टी से टिकट मिला और वह चुनाव जीत गया। वहीं मृतक के भाई को भी कांग्रेस पार्टी से टिकट मिला था, लेकिन वह चुनाव हार गया। चुनाव के दौरान मृतक बिजेंद्र यादव ने आरोपी संजू यादव को धमकाने की कोशिश भी की थी।
इसी बीच आरोपी संजू यादव को अपने सूत्रों से पता चला कि मृतक बिजेंद्र यादव उसे व संदीप पंवार को खत्म करने की योजना बना रहा है | आरोपी संजू यादव और आरोपी संदीप पंवार अच्छे दोस्त है और उनका जहांगीर पुरी में वाटर प्लांट सप्लाई का बिजनेस है। इसके बाद उन्होंने बिजेंद्र यादव को खत्म करने का फैसला किया।
सुलझाया गया मामला:
- प्राथमिकी संख्या 445/2023, दिनांक 22.05.2023, धारा 302/34 भारतीय दंड संहिता व 25/27 शस्त्र अधिनियम, थाना जहांगीर पुरी, दिल्ली।
आरोपी व्यक्ति की प्रोफाइल:
- आरोपी संजू, उम्र 28 वर्ष, निवासी ग्राम भलस्वा, दिल्ली का रहने वाला है व स्नातक है। इलाके में अपना दबदबा बनाने के लिए उसने दिल्ली के थाना जहांगीर पुरी हत्याकांड में शामिल आरोपी संदीप पंवार के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया।
- आरोपी संदीप पंवार, उम्र 28 वर्ष, निवासी जहांगीर पुरी, दिल्ली ने 12वीं तक ही पढ़ाई की है। वह व आरोपी संजू साझेदारी में के-ब्लॉक जहांगीरपुरी में वाटर प्लांट चलाते हैं ।