यमुना सफाई महत्वपूर्ण, खेद कि केजरीवाल सरकार ने इस पर ध्यान नहीं दिया पर अब उपराज्यपाल तेज़ी से यमुना सफाई करवा रहे हैं और मेरा दिल्ली वालों से निवेदन अपना पूरा सहयोग दें — वीरेन्द्र सचदेवा

Listen to this article

नई दिल्ली, 4 जून : दिल्ली भाजपा अध्यक्ष श्री वीरेन्द्र सचदेवा आज दिल्ली भाजपा कार्यकर्ताओं एवं सामाजिक, व्यापारिक और अन्य संगठनों के कार्यकर्ताओं के साथ यमुना संसद द्वारा आयोजित यमुना मानव श्रृंखला कार्यक्रम में सम्मलित हुए एवं यमुना सफाई -पूजन का संकल्प दोहराया। यमुना सफाई आदि के भव्य कार्यक्रम के तहत आई.टी.ओ. छठ घाट पर लम्बी मानव श्रृंखला बनाकर यमुना जी को स्वच्छ बनाने का संदेश दिया और साथ ही यमुना किनारे आरती कर यमुना को निरंतर स्वच्छ रखने का संकल्प लिया। इस मौके पर जैन मुनि श्री लोकेश मुनि, राष्ट्रीय चिंतक श्री गोविंदाचार्य, यमुना संसद के संयोजक श्री रवि तिवारी, एल्डरमैन श्री मनोज जैन, श्री अशोक उपाध्याय सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे।

नेता प्रतिपक्ष श्री रामवीर सिंह बिधूड़ी कालिंदी कुंज यमुना घाट पर आयोजित मानव श्रृंखला में सम्मिलित हुये और यमुना को स्वच्छ बनाने का संकल्प लिया।

श्री वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा कि अरविंद केजरीवाल के सत्ता में आए आठ साल से ज्यादा हो गए हैं और जो बातें वह यमुना सफाई को लेकर आठ साल पहले कहा करते थे, वहीं बात आज भी दोहरा रहे हैं लेकिन यमुना की सफाई के लियें कुछ ठोस नही किया। उन्होंने कहा कि हम दिल्ली के लोग अपनी जरूरत का करीब 70 फीसदी पानी यमुना से लेते हैं और दिल्ली की पूरी गंदगी यमुना में डाल देते हैं, तभी यमुना यहां खत्म होने के करीब, मृतप्राय हो गई है और यह पीड़ादायक है।

श्री सचदेवा ने सभी को आगे आकर यमुना सफाई की मुहिम में साथ जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि यमुना की सफाई पर पिछले आठ सालों से काम की जगह दिल्ली सरकार राजनीति करती आ रही है, केंद्र सरकार द्वारा लगातार इसकी सफाई के लिए फंड दिया गया और इसके लिये कई अभियान चलाये गये, लेकिन केजरीवाल सरकार की निष्क्रियता का परिणाम है कि आज यमुना प्रदूषित, विषैली और खत्म होने के कागार पर आ चुकी है।

उन्होंने कहा कि लाखों दिल्लीवासियों की जीवनरेखा यमुना आज खतरे में है और हम सब की जिम्मेदारी है कि एक दूसरे का हाथ पकड़कर यमुना की सफाई के लिए एक साथ चले और नाले में बदलती यमुना को फिर से साफ-सूथरा और अविरल यमुना बनायें।

श्री वीरेन्द्र सचदेवा ने दिल्ली के उपराज्यपाल श्री विनय कुमार सक्सेना द्वारा यमुना सफाई का मोर्चा सम्भालने की सराहना करते हुए कहा कि दिल्ली वाले उपराज्यपाल द्वारा यमुना किनारे साफ कराये गये स्थानों पर नियमित चर्चा करें और सामाजिक संस्थाऐं वहाँ पिकनिक आदि रख लोगों को यमुना सफाई का महत्व समझायें।

Print Friendly, PDF & Email

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *