*यह कार्यालय नहीं बल्कि संस्कार केंद्र है जहां संस्कारों को देने का कार्य होता है – जे. पी. नड्डा
*लोक पाल को छोड़ लोभ यात्रा पर चल निकले अरविंद केजरीवाल आज एक ब्लैक स्पॉट बन गये हंै – जे. पी. नड्डा
*दिल्ली भाजपा के सफर में चुनौतियां भी थी, संघर्ष भी था लेकिन कार्यकर्ताओं की इच्छाशक्ति का परिणाम है कि जो हमने सपना देखा वह आज साकार हो रहा है – वीरेन्द्र सचदेवा
दिल्ली भाजपा के नये कार्यालय का भूमी पूजन राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जगत प्रकाश नड्डा जी ने पार्टी के अनेक वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में किया।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने सपत्नीक आज प्रातः से दिल्ली भाजपा कार्यालय के शिलान्यास से जुड़ा पूजन किया। इस मौके पर भाजपा के वरिष्ठ नेता बी. एल. संतोष, बैजयंत जय पांडा, कैलाश विजयवर्गीय, दुष्यंत गौतम, डा. अल्का गूजर, विश्व हिन्दू परिषद के कार्यकारी अध्यक्ष अलोक कुमार, दिल्ली भाजपा के वरिष्ठ नेता पवन राणा, रामवीर सिंह बिधूड़ी, मीनाक्षी लेखी, प्रो. जगदीश मुखी, मनोज तिवारी, रमेश बिधूड़ी, प्रवेश साहिब सिंह, विजय गोयल, विजेन्द्र गुप्ता, सतीश उपाध्याय, हर्ष मल्होत्रा, दिनेश प्रताप सिंह, विष्णु मित्तल, मूलचंद चावला, डॉ. वेदव्यास महाजन, लाल बिहारी तिवारी, प्रो. पी.के. चांदला, धर्मदेव सोलंकी, संजय मयूख, सुश्री बांसुरी स्वराज के अतिरिक्त विधायक, पार्षद, प्रदेश पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष आदि पूजन में उपस्थित हैं।
इस मौके पर राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने सभी दिल्ली भाजपा के कार्यकर्ताओं को बधाई दी और आज के दिन को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि अजमेरी गेट से शुरू हुई यह यात्रा पंडित पंत मार्ग से होती हुई आज दीनदयाल उपाध्याय मार्ग तक आ गई है। यह सफर काफी संघर्ष पूर्ण लेकिन शानदार रहा। उन्होंने स्व. केदारनाथ साहनी, स्व. अरुण जेटली , स्व. ओमप्रकाश कोहली, स्व. श्री मांगेराम गर्ग के साथ ही दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. सुषमा स्वराज , स्व. मदन लाल खुराना जी और स्व. साहिब सिंह वर्मा जी को याद करते हुए कहा कि इन सभी का एवं प्रो. विजय कुमार मलहोत्रा का भाजपा को एक छोटी पार्टी से बड़ी पार्टी बनने में इन सभी महान शख्सियतों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
जे पी नड्डा ने कहा कि भाजपा का यह निर्माणाधीन भवन हमारे लियें प्रदेश ऑफिस नहीं बल्कि एक कार्यालय है क्योंकि ऑफिस 10.00 बजे से खुलकर 5.00 बजे बंद हो जाता है, लेकिन कार्यालय का दरवाजा कभी बंद नहीं होता। यह एक संस्कार केंद्र है और कार्यकर्ताओं को संस्कार देने का रास्ता है।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने राजनीति में आकर सिर्फ सरकार ही नहीं बल्कि संस्कार के साथ संस्कृति भी बदलने का काम किया है। उन्होंने परिवारवाद को खत्म किया और बताया कि एक सामान्य परिवार से निकला हुआ व्यक्ति भी प्रधानमंत्री, राष्ट्रीय अध्यक्ष या फिर प्रदेश अध्यक्ष बन सकता है। अगर दीनदयाल उपाध्याय जी ने अंत्योदय और एकात्म मानववाद की यात्रा शुरू की तो उसे प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने आगे बढ़ाते हुए सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास के तहत समाज के हर शोषित, वंचित, पीड़ित, गरीब, महिला, युवा के लिए काम किया।
नड्डा ने कहा कि भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है और यही कारण है कि 887 कार्यालय बनाने का कार्यालय बनाने का निर्णय लिया गया था जिसमें 500 से अधिक कार्यालय बनाकर समर्पित कर दिए गए, 166 कार्यालयों पर निर्माण कार्य चल रहा है और यह 167वां निर्माणाधीन कार्यालय है। यह 4 मंजिला कार्यालय होगा जिसमें एक बड़ा ऑडिटोरियम, प्रेस के लिए अलग हाल और छोटी बड़ी कॉन्फ्रेंस करने के लिए भी व्यवस्था होगी और साथ ही डिजिटल एवं इलेक्ट्रॉनिक सुविधाओं से लैस होगा। उन्होंने कहा कि आज सारी पार्टियां सत्ता के लिए तो हैं लेकिन विचार से शून्य की ओर जा रही हैं। यह वैचारिक पार्टियां नहीं हैं। लेकिन हमने जो बात 1952 में कही आज भी उसी विचारधारा पर हम सतत आगे बढ़ रहे हैं। जहां अन्य पार्टियां वोट बैंक की राजनीति करती हैं वहीं हम रिपोर्ट कार्ड की राजनीति पर काम करते हैं और आज हमारे विरोधियों को भी अपना रिपोर्ट कार्ड देना पड़ रहा है।
नड्डा ने अरविंद केजरीवाल सरकार पर कहा कि लोक पाल को छोड़कर लोभ यात्रा पर चल पड़े अरविंद केजरीवाल एक ब्लैक स्पॉट बन गये है। इस तस्वीर को बदलने की जरुरत है। आज दिल्ली के हर विभाग में घोटाला है चाहे वह दिल्ली जल बोर्ड घोटाला हो, डीटीसी बस घोटाला हो, स्कूल के कमरों के निर्माण में घोटाला हो या फिर बहुचर्चित शराब घोटाला हो। अरविंद केजरीवाल पहले मुख्यमंत्री है जो साइन बोर्ड लेकर चलते हैं कि हम कट्टर ईमानदार हैं। शिक्षा और स्वास्थ्य की बात करने वाले केजरीवाल ने स्कूल और दवाखाना के बगल में शराब की दुकान खोल दी।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में जहां झुग्गी वहीं मकान के तहत 3024 पक्के मकान देने के अलावा 376 झुग्गियों की पहचान कर ली गई है जहां पक्का मकान बनाकर देना है। मेट्रो का विस्तार, ईस्टर्न-वेस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस वे बनाकर दिल्ली के प्रदूषण को कम किया। आज दिल्ली में जिन घोटालेबाज लोगों की सरकार है वह हमारे लिए शर्म की बात है। सत्ता में आना महत्वपूर्ण नहीं लेकिन इस तरह के नेतृत्व दिल्ली की सत्ता में नहीं रहना चाहिए इसके लिए हमारा संघर्ष जारी रहेगा।
वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा कि हम सभी को इस बात की खुशी है कि हम सब इस ऐतिहासिक पल का गवाह बन रहे हैं जिसका हम वर्षों से इंतजार कर रहे थे। दिल्ली भाजपा के सफर में चुनौतियां भी थी, संघर्ष भी था और आज उसी का परिणाम है कि जो हमने और हमारे वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने सपने देखे वह आज साकार हो रहा है। आज दिल्ली भाजपा को अपना स्थायी पता मिल गया।
उन्होंने विशेष रुप से राष्ट्रीय नेतृत्व का धन्यवाद करते हुए कहा कि हम सभी कार्यकर्ताओं की मेहनत से लोकसभा चुनाव में दिल्ली की सातों सीटें जीतेंगे और साथ ही जैसे जैसे यह कार्यालय बड़ा होगा दिल्ली में भी भाजपा की सरकार बनेगी, इसका हमें पूर्ण विश्वास है।
सचदेवा ने कहा कि स्व. श्री केदारनाथ साहनी, स्व. अरुण जेटली, स्व. श्री ओमप्रकाश कोहली, स्व. मदन लाल खुराना, स्व. साहिब सिंह वर्मा, स्व. सुषमा स्वराज, स्व. श्री मांगेराम गर्ग एवं अनेकों वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने दिल्ली के कार्यकर्ताओं के लिए अपने आप को हमेशा उपलब्ध रखा और आज अगर भाजपा को दिल्ली में इतनी मजबूती मिली है तो उन सभी लोगों का विशेष योगदान है। उन्होंने कहा कि मेरे लिए यह गर्व का विषय है कि जिस मटिया महल विधानसभा से मैंने अपनी राजनीतिक सफर की शुरुआत की थी आज उसी विधानसभा में पार्टी का प्रदेश कार्यालय स्थापित होने जा रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में पूरे देश में भाजपा का व्यापक विस्तार हो रहा है जिसमें दिल्ली भी शामिल है।
सचदेवा ने कहा की हमारी पीढ़ी के कार्यकर्ताओं ने प्रो. विजय कुमार मलहोत्रा से विशेष मार्गदर्शन पाया है और आज भी हमें उनका मागदर्शन शुलभ है, सभी कार्यकर्ताओं के लिये प्रेरक है।
प्रदेश अध्यक्ष ने बताया की श्री हर्ष मल्होत्रा, श्री विष्णु मित्तल, श्री सुमन कुमार गुप्ता एवं श्री सतीश गर्ग की चार सदस्यीय टीम इस कार्यालय का निर्माण समयबद्ध पूरा करेगी ताकि हम 2025 का विधानसभा चुनाव यही से संचालित करेंगे।
रामवीर सिंह बिधूड़ी ने दिल्ली के सभी जिलों के कार्यालयों के साथ ही प्रदेश कार्यालय के निर्माण की बाधाओं को हल कराने मे सहयोग के लियें केन्द्रीय नेतृत्व का आभार प्रकट किया।
उन्होने कहा कि आज दिल्ली में भाजपा के 12 जिलों में अपना कार्यालय है और एक कार्यालय 28 जून, 2023 तक बनकर तैयार हो जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा की बढ़ती ताकत इस बात का प्रमाण है कि आने वाले लोकसभा चुनाव में सातों सीटे और 2025 विधानसभा चुनाव जीतकर भाजपा अपनी सरकार बनाएगी।