*गांधी जी ने हमे सत्य और अहिंसा का रास्ता दिखाया, गांधी जी का दर्शन आज भी प्रासंगिक- डॉ. शैली ओबेरॉय
*हमें गांधी जी को एक दिन नहीं साल के 365 दिन करना चाहिए याद- आले मोहम्मद इकबाल
दिल्ली नगर निगम द्वारा महात्मा गांधी जी की 154वीं जयंती के उपलक्ष्य में आज सिविक सेंटर स्थित निगम मुख्यालय में गांधी जयंती मेले का आयोजन किया गया। गांधी जयंती मेले का उद्घाटन दिल्ली की मेयर डॉ. शैली ओबेरॉय और डिप्टी मेयर आले मोहम्मद इकबाल ने किया।
गांधी जयंती मेले के अवसर पर दिल्ली की मेयर डॉ. शैली ओबेरॉय ने मेले के आयोजन के लिए शिक्षा विभाग एवं निगम के अधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने वहां उपस्थित स्कूली बच्चों से गांधी जी के जीवन से संबंधित प्रश्न किए।
मेयर डॉ शैली ओबरॉय ने कहा कि गांधी जी का जन्मदिवस संपूर्ण विश्व में अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस के रूप में मनाया जाता है। गांधी जी ने हमें सत्य और अहिंसा का रास्ता दिखाया। गांधी जी ने सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध भी आवाज उठाई। गांधी जी हमारे आदर्श हैं। उन्होंने बच्चों से अनुरोध किया कि वे गांधी जी के बारे में जरूर पढ़ें एवं उनके जीवन दर्शन से प्रेरणा लें।
डिप्टी मेयर आले मोहम्मद इकबाल ने गांधी जयंती मेले के अवसर पर अपने स्कूल के समय को याद करते हुए कहा कि जब हम स्कूल में पढ़ते थे तो हमारे शिक्षक कहते थे कि गांधीजी को सिर्फ 02 अक्टूबर को याद न करके साल के 365 दिन याद करके उनकी विचारधारा को अपने जीवन में समाहित रखना चाहिए।
मेयर ने चरखा कात कर श्रद्धांजलि अर्पित की
मेले के दौरान मेयर ने चरखा काता। इसके जरिए महात्मा गांधी जी को 154 वीं जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की। मेले में आए लोगों ने भी चरखे पर हाथ आजमाएं और स्वतंत्रता आंदोलन में गांधी जी के योगदान को याद किया।
विभागों द्वारा प्रदर्शनी का आयोजन किया गया
मेले में प्राथमिक स्वास्थ्य विभाग,पर्यावरण प्रबंधन सेवाएं विभाग और निगम के अन्य विभागों द्वारा प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्राथमिक स्वास्थ्य विभाग द्वारा दी जा रही सेवाओं जैसे एनीमिया टीकाकरण के बारे में जानकारी,घर-घर से कूड़े के संग्रहण,कचरे के पुन:चक्रण से बनाई जा रही सामग्री, प्रोजेक्ट विकल्प, पॉलिथीन का इस्तेमाल बंद करने के बारे में भी लोगों को अवगत कराया गया।
छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी पेश किए
इन गतिविधियों के अलावा,दिल्ली नगर निगम के स्कूलों के छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी पेश किए गए। निगम मुख्यालय स्थित केदारनाथ साहनी सभागार में प्रस्तुत स्कूली बच्चों के कार्यक्रमों ने दर्शकों का दिल जीत लिया। दर्शकों ने भी तालियों की गड़गड़ाहट से बच्चों को बखूबी उत्साहवर्द्धन किया। इस अवसर पर अतिरिक्त आयुक्त साक्षी मित्तल, अतिरिक्त आयुक्त सुनील भादू सहित निगम के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ बड़ी संख्या में निगम कर्मचारियो ने भी मेले में हिस्सा लिया।