*किसानों के खेतों में पावर ग्रेड के खंबो और लाइने बिछ रही हैं उसका 100 फीसदी मुआवजा दिया जाए – दिल्ली किसान अधिकार मोर्चा
*उच्चतम न्यायालय के आदेश के बावजूद केजरीवाल सरकार दिल्ली के किसानों के साथ कर रही है सौतेला व्यवहार – वेद प्रकाश
दिल्ली किसान अधिकार मोर्चा द्वारा आज मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ मुख्यमंत्री आवास के बाहर हाई टेंशन लाइन को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। बवाना से पूर्व विधायक वेदप्रकाश और दिल्ली किसान अधिकार मोर्चा के संयोजक सतेन्द्र लोचब के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में महिलाएं, युवा और बुजुर्गों ने विरोध प्रदर्शन में भाग लिया और केजरीवाल सरकार से मांग की कि किसानों के खेतों में पावर ग्रेड के खंबो और लाइने बिछ रही हैं उसका 100 फीसदी उन्हें मुआवजा दिया जाए।
धरने में शामिल किसानों ने दिल्ली विधानसभा का भी घेराव करने की कोशिश की लेकिन पुलिस द्वारा उन्हें रोक दिया गया। किसानों की मांग है कि अगर हरियाणा सरकार अगर 100 फीसदी मुआवजा देने की मंजूरी दे सकती है तो फिर खुद को किसान का बेटा कहने वाले अरविंद केजरीवाल दिल्ली में किसानों को क्यों नहीं सुविधा दे रहे हैं। किसानों का आरोप है कि उन्हें अभी तक किसान का दर्जा तक नहीं मिला है और धारा 81 भी अभी तक दिल्ली सरकार द्वारा नहीं हटाया गया और ना ही मुआवजे की राशि बढ़ाई गई।
वेदप्रकाश ने बताया कि 2015 में उच्चतम न्यायालय के आदेशानुसार अगर किसी किसान के खेत में पावर ग्रेड के खम्बे लगाए जा रहे हैं तो उन्हें 100 फीसदी मुआवजा मिलेगा लेकिन केजरीवाल सरकार ने अभी तक किसी भी किसान को मुआवजा नहीं दिया है। उन्होंने बताया कि दिल्ली के किसान पिछले दो महीनों से दिल्ली की सड़कों पर हैं।

