*आम आदमी पार्टी आज एक हताश निराश पार्टी है जिसके नेता कांग्रेस नेताओं के घर-घर जाकर सीट समझौते के लिये गिड़गिड़ा रहे हैं – वीरेन्द्र सचदेवा
*दिल्ली की जनता की आंखों से केजरीवाल की दिखावटी ईमानदारी का पर्दा उठ गया है और इसलिये अब वह दिल्ली में कांग्रेस को पांच सीट देेकर खुद दो सीट पर भी चुनाव लड़ने को तैयार हैं – वीरेन्द्र सचदेवा
दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष श्री वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का व्यवहार अब एक आर्थिक भगौड़े की तरह हो गया है, जिस तरह ईडी के हर समन के बाद केजरीवाल जांच से बचने के लिये नया बहाना प्रस्तुत करते हैं, ऐसा व्यवहार देश की जनता ने नीरव मोदी एवं विजय माल्या जैसे लोगों को करते हुये देखा था जो बाद में देश छोड़कर भी भाग गये।
सचदेवा ने कहा है कि दिल्ली की जनता हैरान है कि जिस शराब घोटाले की जांच में अरविंद केजरीवाल ने अपने मंत्री मनीष सिसोदिया एवं सांसद संजय सिंह को जुड़ने दिया पर जब जांच अपने दरवाजे पर पहुंची तो वह जांच प्रक्रिया में खोट ढूंढ़ रहे हैं और इसे राजनीतिक रंग देने का प्रयास कर रहे हैं।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा है कि आम आदमी पार्टी आज एक हताश निराश पार्टी है जिसके नेता कांग्रेस नेताओं के घर-घर जाकर सीट समझौते के लिये गिड़गिड़ा रहे हैं।
सचदेवा ने कहा है कि यह कहना अतिश्योक्ति न होगा कि आम आदमी पार्टी एवं अरविंद केजरीवाल यह समझ चुके हैं कि दिल्ली एवं देश की जनता की आंखों से उनकी दिखावटी ईमानदारी का पर्दा उठ गया है और इसलिये अब पत्रकारों से मिल रही जानकारी अनुसार वह दिल्ली में कांग्रेस को पांच सीट देेकर खुद दो सीट पर भी चुनाव लड़ने को तैयार हैं।


