*कल पत्रकार वार्ता में हमने मुख्य मंत्री को आज सबूत लेकर पुलिस मुख्यालय आने की चुनौती दी थी पर वह नही आये जो उनके आरोपों के झूठे होने का प्रमाण – वीरेन्द्र सचदेवा
*भाजपा नेताओं पर झूठे आरोप लगाना फिर चुप हो जाना या माफी मांग लेना मुख्य मंत्री केजरीवाल एवं उनके सहयोगियों की पुरानी आदत है पर इस बार हमने मुख्य मंत्री पर कार्रवाई करवाने का निर्णय लिया है – वीरेन्द्र सचदेवा
*हम इस झूठे आरोप पर चुप नही बैठेंगे और दिल्ली की जनता के बीच झूठ को उजागर करने के साथ ही विधानसभा में भी उठायेंगे -रामवीर सिंह बिधूड़ी
गत सप्ताह दिल्ली के मुख्य मंत्री अरविंद केजरीवाल ने बिना किसी सबूत को सामने रखे भाजपा पर झूठा आरोप लगाया की कुछ भाजपा नेताओं ने आम आदमी पार्टी के 7 से 21 तक विधायकों को प्रलोभन देकर तोड़ने का प्रयास किया है।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा एवं अन्य नेताओं ने उसी दिन इस आरोप का खंडन कर मुख्य मंत्री को आरोप सिद्ध करने की चुनौती दी थी।
इस संदर्भ में आज दिल्ली भाजपा अध्यक्ष शरी वीरेन्द्र सचदेवा के नेतृत्व में दिल्ली भाजपा का एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल दिल्ली पुलिस कमिश्नर श्री संजय अरोड़ा से मिला और उन्हे दिल्ली के मुख्य मंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा लगाये बेबुनियाद आरोप को लेकर शिकायत पत्र सौंपा।
शिकायत पत्र में भाजपा ने मुख्य मंत्री के आरोपों की जांच एवं मुख्य मंत्री सहित आरोप लगाने वाले “आप” नेताओं मुख्य मंत्री केजरीवाल, मंत्री आतिशी और विधायक दुर्गेश पाठक एवं दिलीप पांडे पर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
प्रतिनिधिमंडल में वीरेन्द्र सचदेवा के साथ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी, सांसद डा. हर्षवर्धन, मनोज तिवारी, रमेश विधूड़ी, प्रवेश साहिब सिंह एवं हंसराज हंस, विधायक विजेन्द्र गुप्ता, मोहन सिंह बिष्ट, अनिल बाजपेई, जितेंद्र महाजन एवं अभय वर्मा, प्रदेश महामंत्री हर्ष मल्होत्रा, योगेन्द्र चंदोलिया एवं कमलजीत सहरावत और मीडिया प्रमुख श्री प्रवीण शंकर कपूर, कार्यालय मंत्री बृजेश राय और अधिवक्ता नीरज शामिल थे।
पुलिस आयुक्त को शिकायत सौंपने के बाद श्री वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा की मुख्य मंत्री एवं उनके सहयोगियों के विधायकों को प्रलोभन के झूठे आरोप लगाते ही भाजपा ने इनका खंडन किया था एवं उनसे सबूत पेश करने को कहा था पर वह चुप्पी साध गये।
कल हमने पुन: पत्रकार वार्ता मुख्य मंत्री को आरोप सिद्ध करने के लियें सबूतों के साथ पुलिस मुख्यालय आ कर हमारे साथ पुलिस कमिश्नर से मिलने की चुनौती दी पर वह आज यहाँ भी नही आये।
वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा भाजपा नेताओं पर झूठे आरोप लगाना फिर चुप हो जाना या माफी मांग लेना मुख्य मंत्री केजरीवाल एवं उनके सहयोगियों की पुरानी आदत है पर इस बार हमने निर्णय लिया है की अरविंद केजरीवाल के झूठ की पोल खोलेंगे और इसी लियें आज पुलिस कमिश्नर को शिकायत पत्र सौंप कर जांच एवं कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
रामवीर सिंह विधूड़ी ने कहा की हम केजरीवाल के इस झूठे आरोप पर चुप नही बैठेंगे और दिल्ली की जनता के बीच झूठ को उजागर करने के साथ ही विधानसभा में भी उठायेंगे।



