हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस जनादेश के साथ विश्वासघात नहीं होने देगी- जयराम रमेश 

Listen to this article

कांग्रेस संचार विभाग के प्रभारी महासचिव जयराम रमेश ने कहा है कि कांग्रेस हिमाचल प्रदेश के जनादेश के साथ विश्वासघात नहीं होने देगी। कांग्रेस के पर्यवेक्षक हिमाचल कांग्रेस के सभी विधायकों से मिलकर जल्द से जल्द अपनी रिपोर्ट कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को देंगे, ताकि कांग्रेस आगे का फैसले ले सके।

नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए जयराम रमेश ने कहा कि हिमाचल की जनता ने प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा को नकार कर कांग्रेस पार्टी को स्पष्ट बहुमत दिया था। मगर एक साजिश रचाई जा रही है कि कांग्रेस सरकार को गिराया जाए। कांग्रेस अपनी गारंटी लागू करने में लगी हुई थी, वहीं प्रधानमंत्री मोदी जी की एक ही गारंटी कांग्रेस की सरकारों को गिराओ है। जनता ने कांग्रेस को जो जनादेश दिया है, कांग्रेस उसके साथ विश्वासघात नहीं होने देगी।

जयराम रमेश ने बताया कि छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला हिमाचल प्रदेश में मौजूद हैं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने वरिष्ठ नेताओं से कहा है कि वह सभी विधायकों से मिलकर उनकी शिकायत एवं मांगे सुनें। जल्द से जल्द इसकी रिपोर्ट उन्हें (कांग्रेस अध्यक्ष) दी जाए। ताकि कांग्रेस अपना आगे का फैसले ले सके।

एक प्रश्‍न पर जयराम रमेश ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का अगला फ़ैसला हमारे ऑब्‍जर्वर्स की रिपोर्ट पर निर्भर है। सारे विकल्‍प खुले हैं। पिछले चुनाव में हिमाचल की जनता ने कांग्रेस पार्टी को जनादेश दिया था, उसका हमें सम्‍मान करना चाहिए, पार्टी सर्वोपरि है। कांग्रेस अध्यक्ष ने ऑब्‍जर्वरों को कहा है कि सबसे बात कीजिए, खुले मन से बात कीजिए, जो कुछ उनके मन में है, आप सुनिए और मुझे एक रिपोर्ट पेश कीजिए, उसके आधार पर एक अंतिम निर्णय लिया जाएगा, शीघ्र ही लिया जाएगा। कांग्रेस को दिसंबर 2022 में जो जनादेश मिला था, उसको हमें बरकरार रखना है।

मोदी सरकार पर हिमाचल प्रदेश में आई आपदा में कोई सहायता नहीं करने का आरोप लगाते हुए जयराम रमेश ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी, जेपी नड्डा के प्रचार के बावजूद दिसंबर 2022 में राज्य में जनता ने कांग्रेस की पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई थी। कांग्रेस सरकार बनने के कुछ समय बाद ही राज्य में भयानक आपदा आई। लाखों लोग विस्थापित हुए, जान-माल का नुकसान हुआ लेकिन केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री मोदी ने कोई मदद नहीं की। कांग्रेस पार्टी और हिमाचल के मुख्यमंत्री की मांग के बावजूद इसे राष्ट्रीय आपदा घोषित नहीं किया गया। ऐसा पहली बार हुआ है, जब भयंकर प्राकृतिक आपदा आने के बाद भी राज्य को केंद्र सरकार से कोई सहायता या राहत नहीं मिली।

भारत जोड़ो न्याय यात्रा के आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए जयराम रमेश ने बताया कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रही भारत जोड़ो न्याय यात्रा दो मार्च को फिर से राजस्थान के धौलपुर से शुरू होगी। धौलपुर से यात्रा उसी दिन मध्य प्रदेश में प्रवेश करेगी, मध्य प्रदेश में यात्रा छह मार्च तक रहेगी। सात मार्च को राजस्थान के बांसवाड़ा में एक जनसभा होगी और उसके बाद यात्रा गुजरात में प्रवेश करेगी। दस मार्च को भारत जोड़ो न्याय यात्रा महाराष्ट्र पहुंचेगी। अपने अंतिम चरण में यात्रा महाराष्ट्र में तीन से चार दिन तक रहेगी।

Print Friendly, PDF & Email

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *