महिला हेल्पलाइन 181 का प्रबंधन अब महिला एवं बाल विकास विभाग के जिम्मे; पहले दिल्ली महिला आयोग द्वारा हो रहा था संचालित

Listen to this article

*महिला एवं बाल विकास विभाग ने सम्बंधित तैयारियां की पूरी; अभी लाइन ट्रांसफर में एक-दो दिन लगेंगे

*फिलहाल हेल्पलाइन नंबर 112 पर कॉल की जा सकती है

*हम दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं-कैलाश गहलोत

*मुझे विश्वास है कि महिला हेल्पलाइन नंबर 181 कुछ ही दिनों में फिर से चालू हो जाएगा- कैलाश गहलोत

महिला हेल्पलाइन नंबर 181 का प्रबंधन अब दिल्ली सरकार के महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा किया जाएगा। इस सम्बन्ध में दिल्ली सरकार के महिला एवं बाल विकास विभाग ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। उल्लेखनीय है कि कल तक यानी 30 जून, 2024 तक महिला हेल्पलाइन, दिल्ली महिला आयोग द्वारा संभाला जा रहा था। फिलहाल ट्रांज़िशन फ़ेज में लाइन हस्तांतरण में एक दो दिन का समय लगेगा। इस दौरान महिला हेल्पलाइन नंबर 112 पर कॉल किया जा सकता है। इस नंबर पर महिलाओं से संबंधित आने वाले सभी कॉल को विभाग को भेज दिया जाएगा। यदि कोई महिला वर्तमान में 118 पर कॉल करती है तो उन्हें “महिला हेल्पलाइन-181 वर्तमान में तकनीकी बदलाव के चरण में है, कृपया किसी भी सहायता के लिए 112 पर कॉल करें” सुनाई देगा।

इस पर टिप्पणी करते हुए दिल्ली के महिला एवं बाल विकास मंत्री कैलाश गहलोत ने कहा, “हम दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हमारा लक्ष्य संकटग्रस्त महिलाओं को समय पर आवश्यक मदद पहुँचाना है। हमारे विभाग ने कॉल को प्रभावी ढंग से संभालने और समय पर सहायता प्रदान करने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की हैं। मुझे विश्वास है कि महिला हेल्पलाइन नंबर 181 कुछ दिनों के भीतर फिर से चालू हो जाएगा।”

यह परिवर्तन केंद्र सरकार के निर्देश पर हुआ है। 4 मई, 2023 को केंद्र सरकार द्वारा मुख्य सचिव को लिखे पत्र में महिला हेल्पलाइन-181 का प्रबंधन दिल्ली सरकार के महिला एवं बाल विकास विभाग को सौंपने को कहा गया था।

कल, 30 जून, 2024 तक, दिल्ली महिला आयोग के तहत महिला हेल्पलाइन चालू थी। महिला हेल्पलाइन नंबर 181 पर हर महीने लगभग 40,000 कॉल आती हैं। यह एक टोल-फ्री, 24 घंटे की दूरसंचार सेवा है जो सहायता चाहने वाली महिलाओं को सहायता और जानकारी प्रदान करती है।

Print Friendly, PDF & Email

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *