14 अगस्त को प्रतिवर्ष मनाए जाने वाले ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ के अवसर पर, दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने राजीव चौक और कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशनों पर प्रदर्शनी लगाई है। प्रदर्शनी में विभाजन की विभीषिका और हमारे साझा इतिहास पर इसके गहरे प्रभाव को स्पष्ट रूप से दर्शाया गया है। प्रदर्शनियों का औपचारिक रूप से जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ नागरिकों की उपस्थिति में उद्घाटन किया गया।
‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ की परिकल्पना विभाजन के शिकार लाखों लोगों की पीड़ा, तकलीफ और दर्द को सामने लाने के लिए की गई है। यह हमारे देश के इतिहास में मानव आबादी के सबसे बड़े विस्थापन की याद दिलाता है, एक ऐसी घटना जिसने अनगिनत लोगों की जान ले ली और देश के सामाजिक ताने-बाने को हमेशा के लिए बदल दिया।
यह प्रदर्शनी भारतीय ऐतिहासिक अनुसंधान परिषद (ICHR) और इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र (IGNCA) के बीच एक संयुक्त प्रयास है। यह एक चिंतनशील और शैक्षिक अनुभव प्रदान करता है, जो आगंतुकों को विभाजन के आसपास की दुखद घटनाओं की गहन समझ प्रदान करता है।
राजीव चौक के अलावा कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन पर भी ऐसी ही प्रदर्शनी लगाई गई है, ताकि अधिक से अधिक यात्रियों को इतिहास के इस महत्वपूर्ण हिस्से से जुड़ने का अवसर मिले। ये प्रदर्शनी 21 अगस्त, 2024 तक आम जनता के देखने के लिए उपलब्ध रहेंगी।





