*हेरिटेज वॉक का एक मुख्य आकर्षण दारा शिकोह की कब्र की खोज की कहानी थी
*यह पहल दिल्ली की सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने और संरक्षित करने के लिए एमसीडी के प्रयासों का हिस्सा है
दिल्ली नगर निगम की “हेरिटेज वॉक सीरीज” के तहत, एमसीडी की हेरिटेज सेल ने आज ऐतिहासिक हुमायूं के मकबरे पर हेरिटेज वॉक का आयोजन किया, जिसमें 40 से अधिक उत्साही प्रतिभागियों ने भाग लिया। इस दौरान एमसीडी के अपर आयुक्त श्री अमित कुमार शर्मा और निगम के अन्य अधिकारी भी मौजूद थे। एमसीडी ने पिछले महीने हेरिटेज वॉक सीरीज शुरू की थी और इसके तहत फिरोज शाह कोटला में सफरनामा मीनार-ए-जरीन और टाउन हॉल, चांदनी चौक में हेरिटेज वॉक का सफलतापूर्वक आयोजन किया था।
एमसीडी के वरिष्ठ अभियंता और इतिहास मर्मज्ञ संजीव कुमार के नेतृत्व में आयोजित इस हेरिटेज वॉक ने हुमायूं के मकबरे के इतिहास और सांस्कृतिक महत्व की एक अनूठी झलक पेश की। वॉक का एक मुख्य आकर्षण दारा शिकोह की कब्र की खोज की दिलचस्प कहानी थी, जिसे प्रतिभागियों के साथ साझा किया गया।
यह पहल दिल्ली की सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने और संरक्षित करने के लिए एमसीडी के प्रयासों का हिस्सा है। इस तरह के आयोजनों के माध्यम से, हेरिटेज सेल का उद्देश्य शहर के ऐतिहासिक स्थलों और स्मारकों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उनके लिए लोगों के रूझान को बढ़ाना है। दिल्ली नगर निगम को आशा है कि इस तरह के आयोजनों के माध्यम से हम शहर की सांस्कृतिक धरोहरों के लिए नागरिकों में गर्व और स्वामित्व की भावना का संचार करने में सहायक होंगे।










