बहुप्रतीक्षित पुस्तक ‘गार्जियन ऑफ हेरिटेज’ का नई दिल्ली के त्रिवेणी कला संगम में शुक्रवार को विमोचन हुआ। प्रसिद्ध वियतनामी कलाकार डॉ चू बाओ क्वे की जीवनी पर आधारित इस पुस्तक के लेखक डॉ बिस्वरूप रॉय चौधरी हैं। किताब पारंपरिक वियतनामी लोक कलाओं को संरक्षित करने के प्रति डॉ क्वे की प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करती है। समारोह का आयोजन इ्ंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स (आईबीआर) द्वारा विश्व हिंदी परिषद के सहयोग से किया गया। इस भव्य कार्यक्रम में जल शक्ति राज्य मंत्री राज भूषण चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि राज्यसभा सांसद डॉ संगीता बलवंत और राम चंद्र जांगड़ा ने विशेष अतिथि के रूप में कार्यक्रम शिरकत करी। भारत के अग्रणी और प्रतिष्ठित प्रकाशक, डायमंड बुक्स के अध्यक्ष नरेंद्र कुमार वर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद थे। इसके अलावा, सुश्री उटा हन्ना डेनहर्ट, एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स की प्रतिनिधि (सिंगापुर) और डॉ विपिन कुमार, महासचिव, विश्व हिंदी परिषद भी उपस्थित थे। यह आयोजन भारत-वियतनाम सांस्कृतिक विनिमय कार्यक्रम का हिस्सा था, दोनों देशों के बीच गहरे सांस्कृतिक संबंधों का प्रतीक है।
वियतनाम की कला एवं संस्कृति में अमूल्य योगदान देने वाले डॉ क्वे ने पारंपरिक वियतनामी कला रूपों के संरक्षण तथा प्रचार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके अथक प्रयासों को वैश्विक स्तर पर पहचाना गया जब वर्ल्ड रिकॉर्ड यूनिवर्सिटी ने उन्हें मानद प्रोफेसर की उपाधि से सम्मानित किया। लेखक डॉ बिस्वरूप रॉय चौधरी ने डॉ क्वे की प्रशंसा करते हुए कहा, “यह किताब मात्र एक जीवनी नहीं है, बल्कि यह दर्शाती है कि कला की शक्ति कैसे किसी राष्ट्र की विरासत को संरक्षित कर सकती है।” अपनी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए डॉ क्वे ने कहा, “कला किसी भी राष्ट्र की आत्मा होती है। लोक कलाओं का संरक्षण केवल इतिहास को संजोने तक सीमित नहीं होता, बल्कि यह भविष्य की पीढ़ियों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों को समझने और संजोने के लिए भी प्रेरित करता है।”
इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, जो इस वर्ष अपनी 20वीं वर्षगांठ मना रही है, पिछले दो दशकों से भारत में रिकॉर्ड्स को संकलित और प्रकाशित कर रही है। यह अपनी वार्षिक रिकॉर्ड बुक, मासिक पत्रिका और साप्ताहिक टीवी शो के माध्यम से भारतीय रिकॉर्ड्स को जीवंत बनाए हुए है। इस अवसर पर, इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स ने डॉ क्वे को भारत-वियतनाम सांस्कृतिक विनिमय कार्यक्रम का राजदूत नियुक्त किया। आइए देखते हैं टोटल ख़बरें के वरिष्ठ संवाददाता की यह रिपोर्ट में डॉक्टर बिस्वा रॉय चौधरी एवं वियतनाम के अतिथियों ने क्या कहा।
2025-02-14