ड्यूटी के दौरान दुर्घटना में दोनों पैर गंवाने वाले सफाई कर्मचारी को मेयर महेश कुमार के प्रयास से एमसीडी ने 26.33 लाख रुपए की आर्थिक मदद और बेटे को नौकरी दी

Listen to this article
  • एमसीडी के कर्मचारियों की सैलरी से 22.33 लाख, सेंट्रल जोन से 3 लाख और मेयर फंड से एक लाख रुपए दिए गए- महेश कुमार, मेयर
  • शीशपाल के बेटे को उनकी जगह सफाई कर्मचारी की नौकरी दी जाएगी, अगले 10 दिन में नियुक्ति पत्र दे दिया जाएगा- महेश कुमार
  • तीन फरवरी को ओखला लैंड फिल साइट पर ड्यूटी के दौरान सफाई कर्मचारी शीशपाल के पैरों पर जेसीवी मशीन चढ़ गई थी- महेश कुमार

ओखला लैंड फिल साइट पर ड्यूटी के दौरान दुर्घटना में अपने दोनों पैर गंवाने वाले सफाई कर्मचारी शीशपाल को एमसीडी की तरफ से 26 लाख 33 हजार 500 रुपए की आर्थिक मदद दी गई है। बुधवार को सेंट्रल जोन के उपायुक्त कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में दिल्ली नगर निगम के मेयर महेश कुमार खिंची ने पीड़ित शीशपाल को यह आर्थिक मदद दी। मेयर ने बताया कि एमसीडी के कर्मचारियों ने अपनी सैलरी से 22.33 लाख और सेंट्रल जोन ने 3 लाख रुपए दिए हैं, जबकि मेयर फंड से एक लाख रुपए दिए गए हैं। साथ ही, शीशपाल के बेटे को उनकी जगह सफाई कर्मचारी की नौकरी दी जाएगी। अगले 10 दिन में उनको नियुक्ति पत्र दे दिया जाएगा।

दिल्ली के मेयर महेश कुमार खिंची ने बताया कि तीन फरवरी 2025 को लाजपत नगर जोन स्थित ओखला लैंड फिल साइट पर काम करने के दौरान सफाई कर्मचारी शीशपाल के पैरों पर जेसीवी का पहिया चढ़ गया था। इसकी वजह से उनके दोनों पैरों को काटने पड़े। इस बात से पूरा एमसीडी दुखी था कि एमसीडी के कर्मचारी के साथ इस तरह की दुखद घटना घटी। इस संबंध में मैंने कर्मचारियों बैठक की और उसमें शीशपाल को आर्थिक मदद पहुंचाने को लेकर चर्चा हुई। इसके बाद सभी अधिकारियों के साथ भी बैठक की। हमने शीशपाल को अधिक से अधिक आर्थिक मदद देने का निर्णय लिया।

मेयर महेश कुमार ने कहा कि एमसीडी के सभी कर्मचारियों ने एकत्र करके 22 लाख 33 हजार 500 रुपए शीशपाल को दिए हैं। यह पैसा पूरी एमसीडी के सभी कर्मचारियों की सैलरी से एकत्र करके दिया गया है। कर्मचारियों ने अपनी कटेगरी के अनुसार आर्थिक मदद की है। यह पैसा शीशपाल के बैंक खाते में आरटीजीएस करा दिया है। साथ ही, सेंट्रल जोन के कर्मचारियों ने तीन लाख रुपए की आर्थिक मदद की है। इसके अलावा, मेयर फंड से एक लाख रुपए का चेक दिया गया है। शीशपाल ने अपने बेटे को अपनी जगह नौकरी देने की मांग की थी। हमने उनके बेटे को नौकरी देने का निर्णय लिया है। अगले दस दिनों के अंदर उनके बेटे को नियुक्ति पत्र दे दिया जाएगा।

मेयर महेश कुमार ने कहा कि दिल्ली नगर निगम हमेशा अपने कर्मचारियों के साथ खड़ी है। हम अपने कर्मचारियों को कोई भी परेशानी नहीं आने देंगे। सभी कर्मचारियों ने एकता दिखाते हुए आज यह आर्थिक मदद की है। भविष्य में भी शीशपाल को कोई मदद की जरूरत होती है तो हम हमेशा उनके साथ खड़े हैं।

Print Friendly, PDF & Email

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *