Listen to this article

राजधानी के यमुना विहार क्षेत्र में गुरुवार को सेवा और सामाजिक समरसता का एक अनूठा दृश्य देखने को मिला। नव ज्योति निष्काम सेवा ट्रस्ट द्वारा आयोजित ‘सामूहिक विवाह’ समारोह में 26 हिंदू वर कन्‍याओं ने एक दूसरे का हाथ थामकर अपने वैवाहिक जीवन की शुरुआत की। यह भव्य आयोजन समाज के उन वर्गों की सहायता के उद्देश्य से किया गया, जो आर्थिक चुनौतियों के कारण भव्य विवाह का भार उठाने में असमर्थ हैं। ट्रस्ट के इस सराहनीय कदम की स्थानीय निवासियों और गणमान्य अतिथियों ने जमकर प्रशंसा की। कार्यक्रम का शुभारंभ गुरुवार सुबह बेहद उत्साह के साथ हुआ। विवाह की रस्में ‘चढ़त’ (बारात) के साथ शुरू हुईं, जो सुबह 10:00 बजे कावड़ सेवा मंदिर, यमुना विहार से भव्य रूप में निकली। गाजे बाजे के साथ निकली यह बारात पूरे क्षेत्र में आकर्षण का केंद्र रही और अंततः एम.टी.एन.एल. ग्राउंड, सी-ब्लॉक, यमुना विहार स्थित विवाह स्थल पर पहुँची। यहाँ ट्रस्ट के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बारातियों का तिलक लगाकर और पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया।
ट्रस्ट के अध्यक्ष महेश सिंघल ने इस अवसर पर कहा कि सामूहिक विवाह न केवल फिजूलखर्ची को रोकता है, बल्कि समाज में एकता और समानता का संदेश भी देता है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में देश के जाने माने समाजसेवी डॉ. बसंत गोयल भी उपस्थित रहे। उन्होंने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि परोपकार का यह कार्य समाज के लिए एक प्रेरणा है। दोपहर में सभी मेहमानों और बारातियों के लिए ‘प्रीतिभोज’ का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने शिरकत की।
विवाह की सभी धार्मिक रस्में पूरी होने के पश्चात, शाम को भावुक क्षणों के बीच कन्याओं की ‘विदाई’ की गई। ट्रस्ट द्वारा सभी नवविवाहित जोड़ों को उनके नए घर के लिए आवश्यक घरेलू उपहार और शुभकामनाएँ प्रदान की गईं। इस पूरे आयोजन ने न केवल 26 परिवारों की खुशियों को दोगुना किया, बल्कि सामूहिक प्रयासों से समाज कल्याण की एक नई मिसाल पेश की। नव ज्योति निष्काम सेवा ट्रस्ट ने भविष्य में भी इस प्रकार के सेवा कार्य जारी रखने का संकल्प दोहराया। आइए देखते हैं के लाइव इंडिया की यह रिपोर्ट में।

Print Friendly, PDF & Email

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *