दिल्ली नगर निगम के सिटी एसपी जोन द्वारा रेलवे ट्रैक से लीगेसी कचरा हटाने का अभियान अंतिम चरण में, नगर निगम की तेज़ कार्रवाई

Listen to this article
  • दिल्ली नगर निगम के सिटी एसपी जोन द्वारा रेलवे ट्रैक से लीगेसी कचरा हटाने का अभियान अंतिम चरण में, नगर निगम की तेज़ कार्रवाई
  • 2185 मीटर क्षेत्र की सफाई, 1388.6 मीट्रिक टन कचरा हटाया गया
  • संसाधनों की प्रभावी तैनाती से कार्य में आई गति, एक सप्ताह में पूर्ण सफाई का लक्ष्य

दिल्ली नगर निगम के सिटी एसपी जोन द्वारा रेलवे ट्रैक के किनारे वर्षों से जमा लीगेसी कचरे के निष्पादन हेतु चलाया जा रहा विशेष अभियान निरंतर प्रगति पर है और अब अपने अंतिम चरण में पहुँच चुका है। लगभग 6.5 किलोमीटर लंबे रेलवे ट्रैक के किनारे फैले कचरे को हटाने का कार्य सुनियोजित एवं तीव्र गति से किया जा रहा है।

प्रारंभिक आकलन में कचरा केवल सतही स्तर पर दिखाई दे रहा था, किंतु कार्य के दौरान कई स्थानों पर इसकी गहराई 1 से 1.5 मीटर तक पाई गई, जिससे कार्य चुनौतीपूर्ण रहा। इसके बावजूद नगर निगम की टीम द्वारा लगातार प्रयास करते हुए अभियान को प्रभावी रूप से आगे बढ़ाया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि 18 मार्च 2026 तक कुल 2185 मीटर क्षेत्र में कचरा हटाया जा चुका है तथा अब तक 1388.6 मीट्रिक टन विरासत कचरे का सफलतापूर्वक निष्पादन किया गया है।

इस अभियान के अंतर्गत नगर निगम द्वारा पर्याप्त संसाधनों की तैनाती सुनिश्चित की गई है। 20 से 30 सफाई कर्मचारी भी लगातार लगे हुए हैं। इसके अतिरिक्त 03 जेसीबी, 05 रिफ्यूज कम्पैक्टर, 05 हाईवा ट्रक, 10 ऑटो टिपर एवं 03 ई-रिक्शा के माध्यम से कचरा हटाने का कार्य किया जा रहा है। यह संपूर्ण कार्य संबंधित अभियंताओं की निगरानी में संचालित हो रहा है।

रेलवे प्रशासन के सहयोग से चार विभिन्न स्थानों पर एक साथ कार्य किया जा रहा है। वर्तमान में लगभग 350 से 450 मीट्रिक टन कचरा शेष है, जिसे आगामी एक सप्ताह के भीतर पूर्ण रूप से हटाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। कार्य की प्रगति को देखते हुए लक्ष्य शीघ्र प्राप्त होने की संभावना है।

कार्य के दौरान आने वाली चुनौतियों के बावजूद फील्ड स्टाफ की मेहनत, समर्पण एवं प्रतिबद्धता के चलते अभियान निरंतर सफलता की ओर अग्रसर है। दिल्ली नगर निगम स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए रेलवे ट्रैक के आसपास के क्षेत्र को पूर्णतः स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

Print Friendly, PDF & Email

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *