हरियाणा में कांग्रेस को बड़ी सफलता, भाजपा सांसद बृजेन्द्र सिंह कांग्रेस में शामिल

Listen to this article

*कद्दावर नेता पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह भी जल्द भाजपा छोड़कर होंगे कांग्रेस में शामिल

लोकसभा चुनाव से पहले हरियाणा में कांग्रेस को बड़ी सफलता मिली है। कद्दावर नेता पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह के पुत्र और भाजपा के हिसार से लोकसभा सांसद बृजेन्द्र सिंह ने रविवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की मौजूदगी में कांग्रेस का दामन थाम लिया। इस दौरान कांग्रेस के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष अजय माकन, राष्ट्रीय महासचिव मुकुल वासनिक और हरियाणा कांग्रेस प्रभारी दीपक बाबरिया भी मौजूद रहे। पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह भी जल्द ही बड़ी रैली का आयोजन कर कांग्रेस में शामिल होंगे। पत्रकारों से बातचीत में सांसद बृजेन्द्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस में शामिल होने पर वह कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी और राहुल गांधी के आभारी हैं। उन्होंने कहा कि लंबे समय से वह किसानों, अग्निपथ योजना और अंतरराष्ट्रीय महिला पहलवानों के मुद्दों पर भाजपा में सहज महसूस नहीं कर रहे थे। इन मुद्दों के कारण उन्हें भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल होने का फैसला लेना पड़ा। चौधरी बीरेंद्र सिंह के कांग्रेस में शामिल होने पर कांग्रेस के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष अजय माकन ने कहा कहा कि चौधरी बीरेंद्र सिंह जी ने सूचित किया है कि वो जनसभा में लोगों के बीच कांग्रेस में शामिल होंगे। लोकसभा चुनाव से पहले चुनाव आयुक्त के इस्तीफा देने को लेकर पूछे एक प्रश्न के उत्तर में मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि कलकत्ता में हाईकोर्ट जज इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल हुए और दूसरे दिन ही उन्होंने टीएमसी को गालियां देना शुरू कर दिया। ऐसी मानसिकता वाले लोगों को भाजपा ने हर जगह बैठाया हुआ है। गठबंधन से जुड़े एक अन्य प्रश्न पर खरगे ने कहा कि तमिलनाडु में डीएमके के साथ कांग्रेस का गठबंधन हो गया है। 10 सीट कांग्रेस को दी गई हैं। इसके लिए वह तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन और कांग्रेस की टीम को धन्यवाद करते हैं।

Print Friendly, PDF & Email

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *