- आम आदमी पार्टी में बूथ अध्यक्ष से राजनीति की शुरूआत करने वाले 45 वर्षीय महेश खिची करोल बाग के देव नगर वार्ड 84 से पार्षद हैं- गोपाल राय
- आंदोलन के समय से ‘‘आप’’ से जुड़े रविंद्र भारद्वाज किराड़ी के अमन विहार वार्ड 41 से दूसरी बार पार्षद चुने गए हैं- गोपाल राय
- सीएम केजरीवाल ने मुफ्त बिजली, पानी, स्कूल, अस्पताल, महिलाओं के लिए बस यात्रा जैसे काम कर दिल्लीवालों का दिल जीता है- गोपाल राय
- भाजपा ने एमसीडी चुनाव जीतने के लिए कई षड़यंत्र किए, लेकिन दिल्लीवालों ने विधानसभा की तरह यहां से भी उसकी विदाई कर दी- गोपाल राय
- एमसीडी की हार से बौखलाई भाजपा ने ‘‘आप’’ को खत्म करने के लिए मनीष सिसोदिया के बाद सीएम केजरीवाल को झूठे केस में जेल भेज दिया- गोपाल राय
- भाजपा ने 15 साल तक दिल्लीवालों को अपमानित किया, कूड़ा हटवाने के लिए लोगो को दर-दर की ठोंकरें खानी पड़ती थी- दुर्गेश पाठक
- ‘‘आप’’ की सरकार में पहली बार एमसीडी कर्मचारियों को एक तारीख को सैलरी मिल रही है, तीन हजार सड़कें बन रही हैं और साफ-सफाई ठीक हुई है- दुर्गेश पाठक
- ‘‘आप’’ की सरकार में पहली बार एमसीडी के बजट में एक हजार करोड़ का मुनाफा हुआ है, जबकि भाजपा सरकार में हमेशा घाटे में होता था- दुर्गेश पाठक
- दिल्ली को विश्वस्तरीय शहर बनाने के अरविंद केजरीवाल के सपने को पूरा करने के लिए हमें अभी बहुत काम करना है- दुर्गेश पाठक
आम आदमी पार्टी ने दिल्ली नगर निगम के मेयर और डिप्टी मेयर पद के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। पार्टी ने करोल बाग के देव नगर वार्ड से पार्षद महेश खिची को मेयर और किराड़ी के अमन विहार से पार्षद रविंद्र भारद्वाज को डिप्टी मेयर का प्रत्याशी बनाया है। पार्टी ने दोनों ही प्रत्याशियों को जमीनी स्तर पर बेहतरीन काम करने का इनाम दिया है। प्रत्याशियों की घोषणा करते हुए ‘‘आप’’ दिल्ली प्रदेश संयोजक गोपाल राय ने कहा कि दोनों लोग आंदोलन के समय से ही आम आदमी पार्टी से जुड़े हैं। जतना के बीच इनकी अच्छी पकड़ है। हमें पूरी उम्मीद है कि दोनों लोग एमसीडी में शुरू किए गए ‘‘आप’’ सरकार के अच्छे कामों को आगे बढ़ाएंगे और जनता की सेवा करेंगे। उन्होंने कहा कि सीएम केजरीवाल ने मुफ्त बिजली, पानी, स्कूल, अस्पताल, महिलाओं के लिए बस यात्रा जैसे काम करके दिल्लीवालों का दिल जीता है। एमसीडी में हुई हार से बौखलाई भाजपा ने ‘‘आप’’ को खत्म करने के लिए मनीष सिसोदिया के बाद सीएम केजरीवाल को झूठे केस में जेल भेज दिया।
गुरुवार को पार्टी मुख्यालय में प्रेस कांफ्रेंस कर आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश संयोजक एवं कैबिनेट मंत्री गोपाल राय और एमसीडी के प्रभारी दुर्गेश पाठक ने एमसीडी के मेयर व डिप्टी मेयर प्रत्याशी की घोषणा की। गोपाल राय ने कहा कि पहले भी दिल्ली के लोग लोकसभा, विधानसभा और एमसीडी के चुनाव में वोट देकर अपना प्रतिनिधि चुनती रही है, लेकिन अरविंद केजरीवाल के उदय के बाद पहली बार दिल्ली और देश में काम की राजनीति शुरू हुई है। अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में दिल्ली सरकार ने मुफ्त बिजली, पानी, स्कूल, अस्पताल, महिलाओं का बस में सफर, बुजुर्गों की तीर्थयात्रा जैसे कामों की झड़ी लगा दी। इस काम की राजनीति से दिल्लीवालों के दिलों में आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल जगह बनाते गए। वहीं, दूसरी तरफ लोग भाजपा की नकारात्मक राजनीति से धीरे-घीरे दूर होते गए। दिल्ली विधानसभा में दूसरी बार बुरी तरह हारने के बाद भाजपा यह समझ गई कि दिल्ली में अरविंद केजरीवाल को किसी भी तरह से हराया नहीं जा सकता है। इसलिए षड़यंत्र करके आम आदमी पार्टी को खत्म करना पड़ेगा।
गोपाल राय ने कहा कि भाजपा के षड़यंत्र की शुरूआत एमसीडी चुनाव से पहले पार्टी के वरिष्ठ नेता सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी के साथ हुई। फिर एमसीडी चुनाव स्थगित कर दिया गया। सबको याद है कि चुनाव आयोग ने एमसीडी चुनाव की घोषणा के लिए प्रेस कांफ्रेंस बुलाई थी। उस प्रेस कांफ्रेंस में चुनाव की घोषणा करने के बजाय परिसीमन के नाम स्थगित करने की घोषणा कर दी गई। इसके बाद तीनों एमसीडी का एकीकरण किया गया, परिसीमन कर वार्डों को तोड़ा गया, एक साल तक हम पर झूठे आरोप लगाए गए और नकारात्मक प्रचार किया गया। इसी दौरान गुजरात विधानसभा चुनाव भी शुरू हो गया। अरविंद केजरीवाल गुजरात में प्रचार करने में व्यस्त थे। भाजपा को लगा कि केजरीवाल को गुजरात में व्यस्त हैं, ऐसे में एमसीडी चुनाव हो जाए तो वो जीत जाएगी। लेकिन सारे षड़यंत्रों के बाद भी दिल्लीवालों ने दिल्ली विधानसभा की तरह एमसीडी से भी भाजपा की विदाई कर दी। एमसीडी में हारने के बाद भाजपा और बौखला गई। इसके बाद भाजपा ने मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार कराया और अब सीएम अरविंद केजरीवाल को भी झूठे आरोपों में जेल में बंद कर दिया गया है।
गोपाल राय ने कहा कि दिल्ली की जनता विधानसभा और एमसीडी से भाजपा की विदाई कर चुकी है। आज वही एमसीडी है, जो पिछले 15 सालों में सबसे टॉप नकारात्मक मार्केट में चली गई थी, आज वही एमसीडी सकारात्मक सूचकांक में खुद को आगे बढ़ा रही है। आम आदमी पार्टी के काम को देखकर जैसे दिल्ली की जनता ने विधानसभा और एमसीडी से भाजपा की विदाई की है और अब लोकसभा में भी उसे जवाब देगी। अरविंद केजरीवाल के काम को गिरफ्तार किया गया है, उनको अपमानित किया जा रहा है। इस जेल का जवाब लोकसभा चुनाव में भी जनता वोट से देगी।
गोपाल राय ने कहा कि हर साल एमसीडी के मेयर का चुनाव होता है। इस साल रिजर्व कटेगरी से मेयर का चुनाव होना है। आम आदमी पार्टी ने निर्णय लिया है कि इस बार आम आदमी पार्टी की तरफ से मेयर के प्रत्याशी महेश खिची होंगे। 45 वर्षीय महेश खिची करोल बाग विधानसभा के देव नगर वार्ड 84 से आम आदमी पार्टी के पार्षद हैं। महेश खिची लंबे समय से आम आदमी पार्टी के लिए काम करते रहे हैं। इन्होंने जमीनी स्तर से पार्टी में काम शुरू किया था। महेश खिची सबसे पहले बूथ अध्यक्ष बने थे। इसके बाद वार्ड अध्यक्ष, आरडब्ल्यूए के विधानसभा अध्यक्ष बने। इन्होंने आम आदमी पार्टी के लिए दिल्ली के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़ समेत अन्य जगहों पर चुनाव प्रचार किया। पार्टी के लिए दिन-रात काम करने वाले महेश खिची को देव नगर वार्ड 84 से पार्षद का प्रत्याशी बनाया था और वो जीते। पिछले एक साल से महेश खिची ने जमीन पर उतर कर काम किया है। महेश जमीन से जुड़े हैं, जनता से सीधा संवाद है और शुरू से पार्टी के लिए काम करते रहे हैं। इन्हींे खूबियों को देखते हुए पार्टी ने महेश खिची को मेयर प्रत्याशी बनाने का निर्णय लिया है। महेश खिची मोती लाल नेहरू कॉलेज से बीकॉम किया है।
डिप्टी मेयर के प्रत्याशी की घोषणा करते हुए गोपाल राय ने पार्टी ने रविंद्र भारद्वाज को डिप्टी मेयर का प्रत्याशी बनाया है। रविंद भारद्वाज आंदोलन के समय से ही आम आदमी पार्टी से जुड़े हैं और दूसरी बार किराड़ी विधानसभा के अमन विहार वार्ड 41 से पार्षद चुने गए हैं। 2019 से 2021 नॉर्थ एमसीडी की स्टैंडिंग कमेटी के सदस्य थे। इसके अलावा, वर्क कमेटी और अपाइंटमेंट कमेटी के भी सदस्य रहे हैं। पार्टी ने 35 वर्षीय रविंद्र भारद्वाज को सबसे पहले स्थानीय प्रभारी बनाया था। इसके बाद बूथ अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष रहे। ‘‘आप’’ के मेयर और डिप्टी मेयर के प्रत्याशी जमीनी स्तर से जुड़े हैं। हमें उम्मीद है कि जो काम पिछले एक सालों में मेयर डॉ. शैली ओबेरॉय और डिप्टी मेयर आले इकबाल ने आगे बढ़ाया है, उसे मजबूती से आगे बढ़ाएंगे।
इस दौरान एमसीडी प्रभारी दुर्गेश पाठक ने कहा कि एक साल पहले दिल्ली की जनता ने एमसीडी में भी अरविंद केजरीवाल की सरकार बनाई। लोगों ने बड़ी उम्मीदों के साथ अरविंद केजरीवाल को एमसीडी की जिम्मेदारी दी। इससे पहले 15 साल तक भाजपा का शासन रहा। उस दौरान हमेशा जगह-जगह कूड़ा फैला होने, ड्रेनेज सिस्टम खराब और भ्रष्टाचार समेत नकारात्मक खबरें सुनने को मिलती थी। हर पॉलिसी में भ्रष्टाचार नजर आ रहा था। 15 साल तक दिल्ली के लोगों को अपमानित किया गया। लोगों को घर के सामने पड़े कूड़े को हटवाने के लिए भी दर-दर की ठोंकरे खानी पड़ती थी। 15 साल की गंदगी को साफ करने में समय लगता है। भाजपा द्वारा एमसीडी के एक-एक विभाग को खत्म कर दिया गया। किसी भी विभाग के कर्मचारी को समय पर सैलरी नहीं मिलती थी। कई बार कर्मचारी आठ से दस महीने तक सैलरी के लिए धरने पर बैठने को मजबूर थे।
दुर्गेश पाठक ने कहा कि एक साल के अंदर बहुत कुछ बदला है। अब एमसीडी से अच्छी खबरें सुनने को मिलती है। अब कर्मचारियों को महीने की पहली तारीख को सैलरी मिलती है। एक लाख से अधिक शिकायतों का निपटारा किया गया है। अब एक छोटी सी शिकायत करने मात्र से घर के सामने से कूड़ा साफ हो जाता है। अब नई-नई पॉलिसी आ रही हैं। अब एमसीडी की 3 हजार से ज्यादा सड़कें बनाई जा रही हैं। अब से पहले कभी भी इतने बड़े पैमाने पर सड़कें नहीं बनाई गईं। गलियों को साफ किया गया, ड्रेनेज सिस्टम साफ करने की कोशिश की जा रही है। पहली बार एमसीडी का बजट मुनाफे का आना शुरू हुआ है। इससे पहले तक एमसीडी का बजट हमेशा घाटे का होता था। ‘‘आप’’ की सरकार ने मात्र एक साल के अंदर एमसीडी के बजट में एक हजार करोड़ रुपए मुनाफा किया है, यह पहली बार है।
दुर्गेश पाठक ने कहा कि सीएम अरविंद केजरीवाल ने एक-एक चीज पर लगातार नजर बनाकर रखे और दिशा-निर्देश देते रहे। सीएम केजरीवाल का पूरा अनुभव एमसीडी की टीम को मिला, जिसकी वजह से हम बेहतरीन काम किए। एमसीडी में अभी और बहुत काम करने की जरूरत है और दिल्ली सरकार की तरह ही एमसीडी को भी और मुनाफे में लेकर आना है। दिल्ली को विश्व स्तरीय शहर बनाने के लिए अभी मैकेनिकल स्वीपिंग, आंतरिक रोड को बनवाने, कूड़े के पहाड़ों का पूरी तरह खत्म करने समेत तमाम काम करने हैं। अरविंद केजरीवाल के इस सपने को पूरा करने का हम पूरा प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली नगर निगम में हर साल नए मेयर-डिप्टी मेयर चुनने की संवैधानिक प्रक्रिया है। पिछली बार डॉ. शैली ओबेरॉय मेयर और डॉ. आले मोहम्मद डिप्टी मेयर थे। उन्होंने बहुत शानदार काम किया। उन्होंने सभी पार्षदों और अधिकारियों को साथ लेकर चलने की कोशिश की। दिल्ली की जनता के सारे मुददों पर काम किया। हमारे सभी पार्षद जनता के मुद्दों का समाधान के लिए दिन-रात काम कर रहे हैं।



