दिल्ली नगर निगम के विशेष अधिकारी ने निगम मुख्यालय सिविक सेंटर में केंद्रीय पुस्तकालय का उद्घाटन किया

Listen to this article

दिल्ली नगर निगम के विशेष अधिकारी, श्री अश्विनी कुमार ने आज निगमायुक्त, श्री ज्ञानेश भारती की गरिमामयी उपस्थिति में सिविक सेंटर स्थित निगम मुख्यालय में केंद्रीय पुस्तकालय का उद्घाटन किया। इस अवसर पर, अतिरिक्त आयुक्त, सुश्री साक्षी मित्तल, श्री सुनील भादु और सूचना एवं प्रेस निदेशक, श्री अमित कुमार भी उपस्थित रहे। दिल्ली नगर निगम के केंद्रीय पुस्तकालय को टाउन हॉल, चांदनी चौक से निगम मुख्यालय-डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविक सेंटर स्थानांतरित कर पुनर्स्थापित किया गया है।

दिल्ली नगर निगम का केंद्रीय पुस्तकालय 1958 में टाउन हॉल, चांदनी चौक में स्थापित किया गया था। अपनी स्थापना के समय से ही यह पुस्तकालय जनप्रतिनिधियों/निगम पार्षदों के साथ-साथ निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों और शोधकर्ताओं के लिए अध्ययन का एक महत्वपूर्ण केंद्र रहा है। केंद्रीय पुस्तकालय में छह हजार से अधिक किताबें हैं, जिनमें कुछ किताबें बहुत पुरानी और बेशकीमती हैं। इसके अलावा, बड़ी संख्या में सरकारी रिपोर्ट, संदर्भ ग्रंथ, संविधान , कानून, विज्ञान, वाणिज्य, इतिहास और साहित्य विषयों पर पुस्तकें हैं। पुस्तकालय में हिंदी, अंग्रेजी, उर्दू और भारतीय भाषाओं में विभिन्न महत्वपूर्ण पुस्तकें उपलब्ध हैं। भारत के संविधान के मूल संस्करण की एक डुप्लीकेट प्रति, सिविल लिस्ट और स्वतंत्रता-पूर्व समय के राजपत्र और ऐतिहासिक दस्तावेज भी पुस्तकालय में उपलब्ध हैं। इनके अलावा यहां बड़ी संख्या में ऐसी पुस्तकें उपलब्ध हैं जिनके माध्यम से पाठक निगम के नियमों, कानूनों और इतिहास की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

केंद्रीय पुस्तकालय पूरी तरह से कम्प्यूटरीकृत है, जिसमें कैटलॉग खोजने और किताबें जारी करने और इसकी ऑनलाइन ट्रैकिंग की सुविधा प्रदान की गई है। उपयोगकर्ताओं के लिए पुस्तकें जारी करने और रसीद प्राप्त करने के लिए एक ऑनलाइन पुस्तकालय प्रबंधन प्रणाली तैयार की गई है। पुस्तकों की वापसी के लिए उपयोगकर्ताओं को अलर्ट भेजने के लिए क्यूआर कोड और ई-मेल का उपयोग किया जाएगा। एक होम पेज भी डिजाइन किया गया है जिसे निगम की आधिकारिक वेबसाइट से जोड़ा गया है। केंद्रीय पुस्तकालय किताबों के ऑनलाइन उपयोग के लिए उन्हें डिजिटाइज़ भी करेगा।

केंद्रीय पुस्तकालय में नवीनतम पुस्तकें, संदर्भ पुस्तकें भी शामिल हैं। केंद्रीय पुस्तकालय आधुनिक सुविधाओं, आरामदायक फर्नीचर, पीने के पानी, वॉशरूम, आंखों के लिए आरामदेह सफेद रोशनी की व्यवस्था आदि से सुसज्जित है। पुस्तकालय द्वारा वर्तमान में 25 से अधिक मासिक या पाक्षिक पत्रिकाओं, जर्नल्स और समाचार पत्रों की सदस्यता ली गई है और ये पाठकों के लिए उपलब्ध हैं।

पाठक यहां न केवल किताबों का अध्ययन कर सकते हैं, बल्कि आवश्यकता के अनुसार पुस्तकें जारी भी करवा सकते हैं, जिन्हें निर्धारित समयावधि में लौटाना होता है। पुस्तकालय सभी कार्य दिवसों में प्रातः 9 बजे से सांय 5:30 बजे तक खुला रहेगा। पुस्तकालय शनिवार, रविवार और राजपत्रित अवकाश के दिन बंद रहेगा। प्रेस और सूचना निदेशालय द्वारा मान्यता प्राप्त प्रेस संवाददाता भी लागू नियमानुसार पुस्तकालय सुविधाओं का उपयोग कर सकते हैं।

केंद्रीय पुस्तकालय अब अध्ययेताओं के स्वागत के लिए खुला हुआ है और ज्ञान के प्रकाश के प्रसार के लिए उद्देश्यित है।

Print Friendly, PDF & Email

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *