*शुक्रवार से प्रचार अभियान चलाकर घर-घर जाकर जनता को कांग्रेस सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी नीतियों से कराया जाएगा अवगत
*सितंबर के पहले सप्ताह में ही तय कर लिए जाएंगे उम्मीदवारों के नाम
*बृहस्पतिवार को कांग्रेस मुख्यालय में आगामी राजस्थान विधानसभा चुनाव को लेकर हुई बैठक में लिए गए फैसले
कांग्रेस पार्टी एकजुटता के साथ राजस्थान विधानसभा का चुनाव लड़ेगी और जीत दर्ज करेगी। शुक्रवार से पूरे प्रदेश में प्रचार अभियान शुरू कर दिया जाएगा और घर-घर जाकर जनता को कांग्रेस सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी नीतियों से अवगत कराया जाएगा। पार्टी विधानसभा चुनाव में जिताऊ उम्मीदवारों पर दांव लगाएगी। पार्टी द्वारा सितंबर के पहले सप्ताह में ही उम्मीदवार तय कर लिए जाएंगे।
यह फैसले बृहस्पतिवार को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी और संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल के साथ राजस्थान के कांग्रेस नेताओं की कांग्रेस मुख्यालय में हुई बैठक में लिए गए। इस दौरान राजस्थान कांग्रेस प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा के साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद डोटासरा, कांग्रेस नेता सचिन पायलट समेत राजस्थान कांग्रेस के 29 नेता मौजूद रहे। बैठक में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने वीडियो कॉन्फ़्रेंसिंग के ज़रिए हिस्सा लिया।
बैठक के बाद ट्वीट के जरिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि जन-सेवा, राहत और सबके उत्थान के साथ आज राजस्थान प्रगति के पथ पर बढ़ता जा रहा है। कांग्रेस पार्टी ने राजस्थान में समावेशी विकास एवं जन-कल्याण की योजनाओं को घर घर पहुँचाया है। पार्टी एकजुट होकर आगामी चुनाव में जनता के बीच जाएगी। राजस्थान का हर वर्ग-किसान, खेत-मज़दूर, युवा, महिलाएं व समाज का हर एक वर्ग कांग्रेस पार्टी में अपनी आस्था व्यक्त कर रहा है। हम सब की आकांक्षाओं का ख़्याल रखेंगे। राजस्थान का वर्तमान और भविष्य दोनों कांग्रेस के हाथों में सुरक्षित है। इस बार इतिहास बदलेगा।
कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने फेसबुक पोस्ट में कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खरगे जी के नेतृत्व में आज राजस्थान कांग्रेस नेताओं के साथ बैठक की। कांग्रेस राजस्थान में एक बार फिर सरकार बनाएगी और जनता के बेहतर भविष्य के लिए कार्य करती रहेगी।
वहीं कांगेस मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में बैठक के बारे में जानकारी देते हुए कांग्रेस महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल, प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद डोटासरा ने कहा कि राजस्थान चुनाव को लेकर बैठक में सभी सदस्यों से उनके विचार लिए गए। बैठक में सभी नेताओं ने एकजुट होकर चुनाव लड़ने का फैसला किया है।
केसी वेणुगोपाल ने कहा कि राजस्थान की कांगेस सरकार प्रदेश की जनता के हित में बेहतरीन कार्य कर रही है। सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और योजनाओं का फायदा चुनाव में पार्टी को मिलेगा। कांग्रेस मंत्री, विधायक, नेता एवं कार्यकर्ता घर-घर जाकर प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाएंगे एवं योजनाओं के बारे में जानकारी देंगे। शुक्रवार से पार्टी का प्रचार अभियान शुरू हो जाएगा। अगले 90 दिनों में पार्टी के नेता और कार्यकर्ता प्रदेश के सभी वर्गों तक पहुंचेंगे।
केसी वेणुगोपाल ने कहा कि राहुल गांधी जी की भारत जोड़ो यात्रा को राजस्थान की जनता का भरपूर समर्थन मिला है। राहुल गांधी जी की भारत जोड़ो यात्रा और कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत के बाद राजस्थान में कांग्रेस के पक्ष में माहौल बना है। कांग्रेस पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को हराकर जीत दर्ज करने जा रही है। राजस्थान के साथ ही मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और मिजोरम में भी कांग्रेस भाजपा को हराने जा रही है।
केसी वेणुगोपाल ने कहा कि विधानसभा के उम्मीदवारों का चयन उनके जीतने की क्षमता के आधार पर किया जाएगा। पार्टी द्वारा सितंबर के पहले सप्ताह में ही उम्मीदवार तय कर लिए जाएंगे। इसके लिए कांग्रेस पार्टी सर्वे करवा रही है। केवल जिताऊ उम्मीदवार को ही टिकट दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पार्टी में किसी भी कीमत पर अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
वहीं राजस्थान प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कहा कि राजस्थान चुनाव को लेकर हुई बैठक करीब चार घंटे चली। बैठक में मौजूद सभी सदस्यों से उनके विचार लिए गए। सभी ने मिलकर एक ही बात कही कि हम मिलकर भाजपा को हराएंगे।