परिचय:
अपराध शाखा की एक टीम ने दो आरोपियों मोहम्मद फैजान, उम्र 22 वर्ष, निवासी जामा मस्जिद, दिल्ली और यमन, उम्र 19 वर्ष, निवासी कटरा गुलाम मो. लाल कुआं, दिल्ली को गिरफ्तार किया है। इनकी गिरफ़्तारी के साथ घातक ‘चाइनीज मांझा’ के कुल 300 रोल व चाइनीज मांझा व्यापार में इस्तेमाल की जा रही एक स्कूटी बरामद की गई है। इस सन्दर्भ में प्राथमिकी संख्या 177/2023, धारा 188/291 भारतीय दण्ड संहिता व पर्यावरण संरक्षण अधिनियम, थाना अपराध शाखा दर्ज की गई है |
जानकारी, टीम और संचालन:
दुर्भाग्यपूर्ण घटनाओं को मद्देनजर रखते हुए, जिसमें प्रतिबंधित ‘चाइनीज मांझा’ के उपयोग के कारण लोगों, जानवरों और पक्षियों ने अपनी जान गवां दी, अपराध शाखा को दिल्ली/एनसीआर में घातक ‘चाइनीज मांझा’ की बिक्री और आपूर्तिकर्ताओ पर कड़ी नजर रखने का काम सौंपा गया था।
टीम को सूचना मिली कि नायलॉन आधारित प्रतिबंधित चाइनीज मांझा की बिक्री व खरीद के अवैध कारोबार में शामिल दो व्यक्ति प्रतिबंधित चाइनीज मांझा की बड़ी खेप के साथ बाहरी रिंग रोड, सराय काले खां, नई दिल्ली के पास आएंगे। अगर समय में कार्यवाही की जाये तो आरोपियों को वहाँ से गिरफ्तार किया जा सकता है |
तदानुसार, अपराधियों को पकड़ने के लिए संयुक्त आयुक्त एसडी मिश्रा और उपायुक्त संजय भाटिया द्वारा सहायक आयुक्त सुशील कुमार की देखरेख में व निरीक्षक दलीप कुमार के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया | जिसमे उप निरीक्षक अशोक कुमार, उप निरीक्षक विजय कुमार, उप निरीक्षक सुरेश कुमार, सहायक उप निरीक्षक वीर सिंह, सहायक उप निरीक्षक विजय कुमार, सिपाही सुमित और सिपाही कपिल शामिल थे |
उपरोक्त सूचना के अनुसार टीम द्वारा बाहरी रिंग रोड, सराय काले खां, नई दिल्ली में जाल बिछाया गया और दो आरोपियों को 05 कार्टूनों सहित गिरफ्तार किया गया | उक्त कार्टूनों की जांच करने पर प्रतिबंधित ‘चाइनीज मांझा’ के कुल 300 रोल बरामद किए गए।
पूछताछ:
पूछताछ के दौरान आरोपी मो. फैजान ने खुलासा किया कि वह मेरठ के सदर बाजार से उक्त कार्टून लाया था और इसे आरोपी यमन को दिया जाना था। उसने आगे खुलासा किया कि उसने ₹ 54000 / – में प्रतिबंधित चाइनीज मांझा के कुल 300 रोल खरीदे थे और ₹ 1,10,000 / – में यमन को बेचने जा रहा था | इस सन्दर्भ में प्राथमिकी संख्या 177/2023, धारा 188/291 भारतीय दण्ड संहिता व 5/15 पर्यावरण संरक्षण अधिनियम, थाना अपराध शाखा, दिल्ली में दर्ज की गई।
बरामदगी:
• प्रतिबंधित चाइनीज मांझा के 300 रोल।
• एक स्कूटी जिसका इस्तेमाल चाइनीज मांझा को ले जाने के लिए किया जाता है।
आरोपी व्यक्तियों की प्रोफाइल:
- आरोपी मो. फैजान, उम्र 22 वर्ष, निवासी जामा मस्जिद, दिल्ली ने जामा मस्जिद के सरकारी स्कूल से 11वीं कक्षा तक की पढ़ाई की है। इससे पहले वह जामा मस्जिद के पास एक फार्मेसी की दुकान में सेल्समैन के रूप में काम कर रहा था। बाद में वह जीशान के संपर्क में आया, जो पहले मेरठ से मांझा (प्रतिबंध से पहले) बेचने का काम करता था और आरोपी फैजान को पता चला कि चाइनीज मांझा की बिक्री से दोगुना लाभ मिलता है। ज्यादा लाभ कमाने के लिए उसने मेरठ से चाइनीज मांझा खरीदने के बाद दिल्ली में बेचना शुरू कर दिया।
- यमन, उम्र 19 वर्ष, निवासी कटरा गुलाम मो. लाल कुआं, दिल्ली, अजमेरी गेट स्थित एंग्लो अरेबिक स्कूल से बीए कर रहा है। आसानी से पैसा कमाने के लिए वह हर साल स्वतंत्रता दिवस के समय अपने घर से चाइनीज मांझा बेचता था | वह आरोपी फैजान के संपर्क में आया और उससे चाइनीज मांझा खरीदने लगा।