शराब नीति मात्र एक बहाना है, भाजपा का लक्ष्य आम आदमी पार्टी को खत्म करना है- गोपाल राय

Listen to this article
  • अगर मसला शराब नीति का होता तो इससे पहले सीबीआई सीएम कार्यालय में छापा न मारी होती और शुंगलू कमेटी एक-एक फाइल नहीं खंगाला होता- गोपाल राय
  • ‘‘आप’’ के विधायकों पर 170 से अधिक मुकदमें कर उन्हें तोड़ने की कोशिश नहीं की जाती और न तो एमसीडी का चुनाव टाला गया होता – गोपाल राय
  • शराब नीति मामले में सीबीआई ने भी अरविंद केजरीवाल को बुलाया था और उन्होंने सभी सवालों के जवाब दिए थे- गोपाल राय
  • भाजपा को अरविंद केजरीवाल से डर लगता है, इसलिए अब ये लोग ईडी के जरिए अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार कराएंगे- गोपाल राय
  • जितनी बार ‘‘आप’’ को खत्म करने की कोशिश की गई, उतनी बार और ताकत के साथ खड़ी हुई, क्योंकि हम देश के लिए काम कर रहे हैं- गोपाल राय
  • देश भर से भाजपा की केंद्र सरकार के निकम्मेपन की खबरें आ रही हैं, 2024 के चुनाव में भाजपा की विदाई तय है- गोपाल राय
  • दिल्लीवालों से कहना है कि हम इनकी तानाशाही का डटकर मुकाबला करेंगे और दिल्ली के विकास कार्य को भी जारी रखेंगे- गोपाल राय

सीएम अरविंद केजरीवाल को ईडी द्वारा समन भेजे जाने पर आम आदमी पार्टी ने भाजपा और मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला। ‘‘आप’’ दिल्ली प्रदेश संयोजक गोपाल राय ने जांच एजेंसियों की कार्रवाई के पीछे की असल वजह को उजागर करते हुए कहा कि शराब नीति तो केवल एक बहाना है। असल में भाजपा का लक्ष्य ‘‘आप’’ को खत्म कर देना है। अगर ऐसा न होता तो 2014 में नरेंद्र मोदी जी के प्रधानमंत्री बनने के बाद सीबीआई मुख्यमंत्री कार्यालय पर छापामारी नहीं की होती और न तो शुंगलू कमेटी ने एक-एक फाइलों को खंगाला होता। हमारे विधायकों को तोड़ने के लिए उनपर 170 से अधिक मुकदमें नहीं होते। तब तो शराब नीति नहीं थी। उन्होंने कहा कि शराब नीति मामले में सीबीआई पहले ही अरविंद केजरीवाल को बुला चुकी है और उन्होने सारे सवालों के जवाब दिए हैं। ऐसे में ईडी द्वारा बुलाया जाना ये दर्शाता है कि भाजपा का ‘‘आप’’ को खत्म करने का मिशन अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार किए बगैर पूरा नहीं होने वाला है। लेकिन ये भी सत्य है कि जितनी बार आम आदमी पार्टी को खत्म करने की कोशिश की गई, उतनी बार और ताकत के साथ खड़ी हुई। क्योंकि हम देश के लिए काम कर रहे हैं।

भाजपा का ‘‘आप’’ को खत्म करने का मिशन अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार किए बगैर पूरा नहीं होने वाला- गोपाल राय

आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश संयोजक एवं दिल्ली सरकार में कैबिनेट मंत्री गोपाल राय ने पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल को ईडी द्वारा समन किए जाने को लेकर मंगलवार को पार्टी मुख्यालय में प्रेसवार्ता की। उन्होंने कहा कि ईडी ने दो नवंबर को सीएम अरविंद केजरीवाल को पूछताछ के लिए बुलाया है। इससे पहले सीबीआई ने भी बुलाया था और अरविंद केजरीवाल ने सभी सवालों के जवाब दिए थे। सोमवार को जिस तरह से ईडी ने देर रात नोटिस जारी किया है, वो इस बात को दर्शा रहा है कि सभी सवालों का जवाब देने के बावजूद भाजपा की केंद्र सरकार का आम आदमी पार्टी को खत्म करने का मिशन है, वो अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार किए बगैर पूरा नहीं होने वाला है। इसलिए आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद से आम आदमी पार्टी को खत्म करने के लिए साजिश चल रही है और अब भाजपा के लोग ईडी के जरिए अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी की तैयारी कर रहे हैं।

मनीष सिसोदिया की जमानत रद्द होने के बाद से ही भाजपा के नेता चिल्ला रहे हैं कि अब अरविंद केजरीवाल गिरफ्तार होंगे- गोपाल राय

‘‘आप’’ दिल्ली प्रदेश संयोजक गोपाल राय ने कहा कि भाजपा के नेता सोमवार से ही चिल्ला रहे हैं कि मनीष सिसोदिया की जमानत रद्द करने का सुप्रीम कोर्ट का फैसला आया है, इसलिए अब अरविंद केजरीवाल गिरफ्तार होंगे। सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी की है, इसलिए वो गिरफ्तार होंगे। दिल्ली में तथाकथित शराब घोटाला हुआ है, इसलिए अरविंद केजरीवाल गिरफ्तार होंगे। आम आदमी पार्टी भाजपा से कहना चाहती है कि जब 2014 में हमारी सरकार बनी और नरेंद्र मोदी देश के प्रधानमंत्री बने थे। उसके बाद पहला प्रेम पत्र लेकर सीबीआई ने सीएम कार्यालय पर छापा मारा था। उस समय कौन सा शराब घोटाला हुआ था? दिल्ली सरकार की सभी फाइलों को शुगलू कमेटी ने जब्त कर लिया था। तीन महीने तक दिन-रात फाइलों की जांच हुई थी। एक-एक पन्ने को छाना गया था। इसमें कुछ नहीं निकला। इस कार्रवाई से आम आदमी पार्टी खत्म नहीं हो गई।

2015 में जब ‘‘आप’’ को 70 में से 67 सीटें मिली, तब भाजपा को यह इत्तेफाक लग रहा था- गोपाल राय

‘‘आप’’ दिल्ली प्रदेश संयोजक गोपाल राय ने कहा कि भाजपा को लगा था कि दिल्ली के लोगों ने गलती से एक बार आम आदमी पार्टी की सरकार बना दी। 2015 में आम आदमी पार्टी को 70 में से 67 सीटें मिलना भाजपा के लिए इत्तेफाक लग रहा था। दिल्ली के लोगों ने संयोगवश अरविंद केजरीवाल को मुख्यमंत्री बना दिया है। पांच साल हमने जमकर काम किया। इसके बाद 2020 के चुनाव में भाजपा के सारे नेताओं ने एड़ी-चोटी का जोर लगा दिया। तब भाजपा को इस बात का भी अहंकार था कि वो पूरी दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी है। इसके बाद भी 2020 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को केवल 8 सीट ही मिली। दिल्ली के लोगों ने 70 में से 62 सीट आम आदमी पार्टी को देकर अरविंद केजरीवाल को फिर मुख्यमंत्री बनाया।

भाजपा की केंद्र सरकार ने गुजरात के साथ एमसीडी का चुनाव कराया, फिर भी उसे हार मिली- गोपाल राय

‘‘आप’’ दिल्ली प्रदेश संयोजक गोपाल राय ने कहा कि दिल्ली के लोगों ने दिल्ली नगर निगम से भी भाजपा की विदाई का कारवां बढ़ाया तो भाजपा ने हर तरह के षणयंत्र किए। मार्च 2022 में एमसीडी का कार्यकाल खत्म होने वाला था। चुनाव आयोग ने एमसीडी चुनाव की घोषणा के लिए प्रेसवार्ता भी बुलाई। प्रेस वार्ता से आधा घंटे पहले चुनाव आयोग के पास प्रेम पत्र पहुंचता है और मजबूर होकर चुनाव आयोग ने एमसीडी चुनाव को स्थगित कर दिया। ऐसा कभी नहीं हुआ था। इसके बाद तीनों नगर निगमों के एकीकरण के नाम पर परिसीमन किया गया। गुजरात के चुनाव के साथ एमसीडी के चुनाव कराए गए। भाजपा की तमाम साजिश के बाद भी दिल्ली के लोगों ने एमसीडी से भाजपा की विदाई कर दी।

विपक्ष में सबसे ज्यादा आम आदमी पार्टी के नेताओं पर हमला किया जा रहा है- गोपाल राय

श्री राय ने कहा कि बहुत सारे लोग कहते हैं कि अरविंद केजरीवाल से भाजपा को डर लगता है। इसलिए विपक्ष में सबसे ज्यादा लक्षित रूप से आम आदमी पार्टी के नेताओं पर हमला किया जा रहा है। सत्ता के अहंकार में जांच एजेंसियों का दुरुपयोग करके आम आदमी पार्टी को खत्म करने की कोशिश की जा रही है। अगर मसला सिर्फ शराब नीति का होता तो इससे पहले सीएम कार्यालय पर सीबीआई का छापा नहीं पड़ा होता और शुंगलू कमेटी ने एक-एक फाइल को नहीं खंगाला होता। नगर निगम का एकीकरण नहीं होता। प्रेस कांफ्रेंस बुलाने के बावजूद चुनाव आयोग को एमीसीडी का चुनाव स्थगित नहीं करना पड़ता। इससे पहले भाजपा ने हमारे विधायकों पर 170 से अधिक मुकदमें करके उनको तोड़ने की कोशिश की। ये सबकुछ क्यों हो रहा है? इन सबका क्या लेना-देना है?

अगर ये ‘‘आप’’ के हर एक नेता को जेल में डाल देंगे, तब भी पार्टी खत्म नहीं होगी- गोपाल राय

‘‘आप’’ दिल्ली प्रदेश संयोजक गोपाल राय ने कहा कि इन सभी कार्रवाई से दो चीजें निकल कर सामने आ रही है। पहली, आम आदमी पार्टी इनकी नाक के नीचे इनको चुनौती दे रही है। मै दावे के साथ कह रहा हूं कि अरविंद केजरीवाल को भी ये लोग गिरफ्तार करेंगे। अगर आम आदमी पार्टी के हर नेता को जेल में बंद कर देंगे तब भी पार्टी खत्म नहीं होगी। राख से जो आग पैदा होती है, उसका नाम आम आदमी पार्टी है। भाजपा ने आम आदमी पार्टी को खत्म करने की बहुत सारी कोशिशें कर ली, लेकिन आज तक खत्म नहीं हुई। जितनी बार आम आदमी पार्टी को खत्म करने की कोशिश की गई है, उतनी बार और ताकत के साथ ‘‘आप’’ खड़ी हो रही है। क्योंकि आम आदमी पार्टी अपने लिए नहीं, बल्कि देश के लोगों के लिए काम कर रही है। देश के बच्चों और देश के भविष्य के लिए काम कर रही है। भाजपा के नेताओं को इस बात का डर सताया जा रहा है कि इतनी साजिशों के बाद भी आम आदमी पार्टी के नेता टूट नहीं रहे हैं।

जबसे अजीत पवार एनसीपी तोड़कर भाजपा की सरकार में शामिल हुए हैं, ईडी उनके घर का पता भूल गई है- गोपाल राय

गोपाल राय ने कहा कि प्रधानमंत्री के भ्रष्टाचार से लड़ने का पैमाना यही है कि अजीत पवार एनसीपी में थे तो ईडी के छापे पड़ रहे थे। अजीत पवार एनसीपी तोेड़कर भाजपा की सरकार में शामिल हो गए तो ईडी उनके घर का पता ही भूल गई। अब ईडी-सीबीआई को नहीं पता है कि अजीत पवार नाम कोई व्यक्ति भी भारत के अंदर है। इसलिए मेरा दिल्ली के लोगों से कहना है कि दिल्ली की जनता की भलाई के लिए अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में दिल्ली सरकार विपरित परिस्थितियों में भी काम करती रही है और आगे भी काम करेगी। हम इनकी तानाशाही का डटकर मुकाबला करेगे और दिल्ली के विकास कार्य को भी जारी रखेंगे।

प्रधानमंत्री ईडी-सीबीआई से लोगों को परेशान कर सकते हैं, लेकिन पराजित नहीं कर सकते हैं- गोपाल राय

‘‘आप’’ दिल्ली प्रदेश संयोजक गोपाल राय ने कहा कि भाजपा और प्रधानमंत्री को आम आदमी पार्टी से जो डर था, वो था ही, लेकिन अब देश भर से भाजपा की केंद्र सरकार की निकम्मेपन की खबर आ रही है कि 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा की विदाई होने जा रही है। मुझे तो ये बात समझ नहीं आती है कि दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी फेल हो गई और अब ईडी-सीबीआई के दम पर चुनाव जीतना चाहती है। ऐसा इतिहास में कभी न हुआ है, न वर्तमान में कभी हो सकता है और न भविष्य में कभी होने वाला है। ईडी-सीबीआई से प्रधानमंत्री लोगों को परेशान कर सकते हैं, लेकिन पराजित नहीं कर सकते हैं। जनता जब मन बना लेती है तो फिर उसके फैसले कोई पलट नहीं सकता। प्रधानमंत्री विपक्ष के एक-एक नेताओं को कुचलना चाहते हैं। यह भी आश्चर्य जनक बात है कि विपक्ष के नेताओं के पास एप्पल की तरफ से अलर्ट आ रहे हैं। ये अलर्ट सिर्फ विपक्ष के नेताओं को ही आ रहे हैं। हैकरों को भी इस बात का पता है कि किसका फोन हैक करना है, किसका नहीं करना है। इसलिए आम आदमी पार्टी इन विपरित परिस्थितियों में पूरी मजबूती के साथ लड़ेगी। इस देश के लिए हर कुर्बानी देगी। हम अपनी लड़ाई जारी रखेंगे और अंजाम तक पहुंचाएंगे।

Print Friendly, PDF & Email

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *