थाना कंझावला जबरन वसूली मामले में वांछित ‘गोगी गैंग’ का शातिर शूटर अपराध शाखा द्वारा गिरफ्तार

Listen to this article

 पूर्व में 02 आपराधिक मामलों में संलिप्त
 01 लोडेड पिस्तौल बरामद

परिचय:
उत्तरी रेंज-II/अपराध शाखा की टीम ने आरोपी अमित @ मिट्टू, उम्र 27 वर्ष, निवासी माजरा डबास, दिल्ली को एक लोडेड पिस्तौल के साथ गिरफ्तार किया है। इस सन्दर्भ में प्राथमिकी संख्या 258/2023, धारा 25/54/59 आर्म्स एक्ट, थाना अपराध शाखा दर्ज की गयी है | वह गोगी गैंग का सदस्य है और पहले भी गंभीर अपराधों में संलिप्त रहा है। वह थाना कंझावला के जबरन वसूली के मामले में भी शामिल था, जो प्राथमिकी संख्या 426/2023, धारा 336/387 भारतीय दण्ड संहिता व 25/27 आर्म्स एक्ट, थाना अपराध शाखा, दिल्ली दर्ज की गयी थी |
घटना:
दिनांक 24.10.2023 को शिकायतकर्ता, निवासी ग्राम लाडपुर, रोहिणी, दिल्ली ने शिकायत दर्ज कराई की दिनांक 23.10.2023 को कुछ बदमाशों ने गांव लाडपुर, दिल्ली में उसके घर के मुख्य द्वार पर गोलीबारी की है। उसके घर के मुख्य द्वार के पास 02 खाली कारतूस और 03 पर्ची मिलीं, जिसमें ₹1 करोड़ की रंगदारी की मांग की गई थी और गोगी गैंग के सदस्य दीपक @ तीतर और दिनेश कराला द्वारा धमकी दी गई थी। पर्ची में धमकी भरा संदेश लिखा था कि मांग पूरी ना होने पर अगली बार उसके परिवार में किसी एक के सीने पर गोली चलाई जाएगी। इस सन्दर्भ में प्राथमिकी संख्या 426/2023, धारा 336/387 भारतीय दण्ड संहिता व 25/27 आर्म्स एक्ट, थाना कंझावला, दिल्ली मामला दर्ज की गयी थी | शिकायतकर्ता ने बतलाया कि पहले भी इसी तरह की धमकियां और जबरन वसूली की मांग की गई है |
जानकारी, टीम और ऑपरेशन:
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए उत्तरी रेंज-II/अपराध शाखा की टीम को संदिग्धों पर कड़ी निगरानी रखने व उन्हें पकड़ने का काम सौपा गया था | उप निरीक्षक प्रदीप दहिया को गुप्त सूचना मिली कि थाना कंझावला, दिल्ली के जबरन वसूली मामले में शामिल आरोपी अमित @ मिट्टू अपने साथियों से मिलने के लिए द्वारकाधीश अपार्टमेंट, सेक्टर 26, रोहिणी, दिल्ली के पास आने वाला है। अगर समय में कार्यवाही की जाए तो उसे पकड़ा जा सकता है |
तदानुसार, आरोपी को पकड़ने के लिए उपायुक्त संजय भाटिया द्वारा सहायक आयुक्त नरेंद्र सिंह की देखरेख में व निरीक्षक संदीप स्वामी व निरीक्षक संदीप तुषिर के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया | जिसमे उप निरीक्षक प्रदीप दहिया, उप निरीक्षक सतेंद्र दहिया, सहायक उप निरीक्षक प्रवीण दहिया, सहायक उप निरीक्षक परवीर, सहायक उप निरीक्षक अशोक, सहायक उप निरीक्षक प्रीतम, प्रधान सिपाही राज आर्यन, प्रधान सिपाही कपिल, प्रधान सिपाही सुमित, प्रधान सिपाही अशोक और प्रधान सिपाही प्रदीप शेओक शामिल थे |
मिली सूचना के अनुसार टीम द्वारा द्वारकाधीश अपार्टमेंट, सेक्टर 26, रोहिणी दिल्ली के पास जाल बिछाया और आरोपी अमित @ मिट्टू, उम्र 27 वर्ष, निवासी गांव माजरा डबास, दिल्ली को एक लोडेड पिस्तौल सहित सफलतापूर्वक गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ:
पूछताछ के दौरान, आरोपी अमित @ मिट्टू ने खुलासा किया कि वह ‘गोगी गैंग’ का शातिर शूटर है और अब गिरोह के सदस्यों के लिए काम करता है। हाल ही में उसे गोगी गैंग के सदस्य मोहित द्वारा गिरोह के अन्य सदस्य कुलवंत @ कल्लू और मंजीत की दिल्ली में एक व्यापारी के घर की पहचान कराने में उनकी मदद करने व जबरन वसूली के लिए चोरी की बाइक की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया था | इसके बाद वह कंझावला में कुलवंत @कल्लू से मिला व लाडपुर, दिल्ली में कारोबारी के घर की रेकी की | हाल ही में अपराध शाखा द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपी कुलवंत @ कल्लू सहित उसके अन्य सहयोगियों ने मंजीत की मदद से व्यापारी के घर के सामने गोलियां चलाईं और एक पर्ची के ज़रिये जबरन वसूली की धमकी दी।

पिछली अपराधिक संलिप्तता:
स. क्र. प्राथमिकी संख्या धारा थाना

  1. 223/2022 392/394/34 भारतीय दण्ड संहिता कंझावला
  2. 823/2022 379A/341/34 भारतीय दण्ड संहिता नांगलोई

सुलझाए गए मामले:

  1. प्राथमिकी संख्या 426/2023, धारा 336/387 भारतीय दण्ड संहिता व 25/27 आर्म्स एक्ट, थाना कंझावला, दिल्ली।
  2. प्राथमिकी संख्या 258/2023, थाना 25 आर्म्स एक्ट, थाना अपराध शाखा, दिल्ली।

बरामदगी:

  1. एक पिस्तौल

आरोपी का प्रोफाइल:
आरोपी अमित @ मिट्टू, उम्र 27 वर्ष, निवासी माजरा डबास, थाना कंझावला, जिला रोहिणी, दिल्ली ने केवल 12 वीं कक्षा तक पढ़ाई की है। वर्ष 2020 में, वह दीपक @ तीतर (गोगी गैंग) के संपर्क में आया व आसानी से पैसे कमाने के लिए अपराध की दुनिया में शामिल हो गया।

Print Friendly, PDF & Email

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *