- मंगलवार को ऑड-ईवन को लेकर ट्रांसपोर्ट विभाग और ट्रैफिक पुलिस के साथ बैठक कर विस्तृत कार्य योजना बनाई जाएगी- गोपाल राय
- ऑड वाले दिन सिर्फ 1, 3, 5, 7, 9 और ईवन वाले दिन 0, 2, 4, 6, 8 नंबर प्लेट की गाड़ियां ही दिल्ली के अंदर चलेंगी- गोपाल राय
- दिल्ली के अंदर अब 5वीं तक के अलावा 6वीं, 7वीं, 8वीं, 9वीं और 11वीं की कक्षाएं भी 10 नवंबर तक बंद रहेंगी- गोपाल राय
- आवश्यक वस्तुएं व सेवाएं प्रदान करने वाले एलएनजी, इलेक्ट्रिक और सीएनजी ट्रकों को छोड़कर बाकी को दिल्ली में प्रवेश पर रोक रहेगी- गोपाल राय
- दिल्ली में राजमार्गों, सड़कों, फ्लाईओवर, ओवर ब्रिज, पावर ट्रांसमिशन, पाइप लाइनों समेत सार्वजनिक प्रोजेक्ट के कार्यों पर अब प्रतिबंध रहेगा- गोपाल राय
- 30 अक्टूबर से तापमान में लगातार गिरावट और हवा की गति कम होने की वजह से दिल्ली में प्रदूषण बढ़ रहा है- गोपाल राय
- दिल्ली सरकार ने प्रदूषण को कम करने के लिए ईवी पॉलिसी, इलेक्ट्रिक बसें, ग्रीन बेल्ट, इंडस्ट्री को पीएनजी में शिफ्ट और 24 घंटे बिजली आपूर्ति समेत कई दीर्घकालिक कदम उठाए हैं- गोपाल राय
- इन पहलों की वजह से इस साल दिल्ली में 365 में से 206 दिन हवा की क्वालिटी पुअर कटेगरी से बाहर थी, जबकि 2015 में मात्र 109 दिन ही पुअर कटेगरी से बाहर थे- गोपाल राय
- ग्रैप 1, 2 और 3 के दौरान पीयूसी का उल्लंघन करने पर 28471 वाहनों का चालान किया गया है- गोपाल राय
- 12769 निर्माण साइटों का निरीक्षण किया गया, इसमें 325 जगहों पर नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 74 लाख का जुर्माना लगाया गया है- गोपाल राय
- 611 टीमें ओपेन बर्निंग रोकने, 385 टीमें वाहनों का प्रदूषण चेक करने और पटाखों पर लगाम कसने के लिए 210 टीमें लगाई गई हैं- गोपाल राय
दिल्ली में वायु प्रदूषण को लेकर चिंतित सीएम अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को उच्च स्तरीय बैठक की। जिसमें पर्यावरण मंत्री, परिवहन मंत्री, स्वास्थ्य मंत्री समेत वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। इस दौरान सीएम ने प्रदूषण की वर्तमान स्थिति और सरकार द्वारा प्रदूषण कम करने को लेकर किए जा रहे कार्यों की गहन समीक्षा की और कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक के बारे मे मीडिया को विस्तार से बताते हुए पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने कहा कि सरकार ने दिल्ली में 13 से 20 नवंबर तक ऑड-ईवन लागू करने का निर्णय लिया है। ऑड वाले दिन सिर्फ 1, 3, 5, 7, 9 और ईवन वाले दिन 0, 2, 4, 6, 8 नंबर प्लेट की गाड़ियां ही चलेंगी। इस संबंध में विस्तृत कार्य योजना बनाने के लिए ट्रांसपोर्ट और ट्रैफिक पुलिस समेत संबंधित विभागों के साथ मंगलवार को बैठक की जाएगी। उन्होंने बताया कि दिल्ली में 5वीं तक स्कूल पहले ही 10 नवंबर तक बंद रखने के आदेश दिए जा चुके हैं, लेकिन अब 6वीं, 7वीं, 8वीं, 9वीं और 11वीं की कक्षाएं भी 10 नवंबर तक बंद रहेंगी। जबकि बोर्ड परीक्षा को देखते हुए 10वीं और 12वीं कक्षाएं जारी रखने का निर्णय लिया गया है।
एक हफ्ते बाद प्रदूषण की मौजूदा स्थिति की समीक्षा कर ऑड-ईवन को लेकर आगे का निर्णय लिया जाएगा- गोपाल राय
दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण को लेकर सीएम अरविंद केजरीवाल की अध्यक्षता में हुई उच्च स्तरीय बैठक की जानकारी देते हुए पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने कहा कि संभावना जताई जा रही है कि दीपावली के बाद दिल्ली में प्रदूषण और बढ़ सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए 13 से 20 नवंबर तक ऑड-ईवन फार्मूला लागू किया जाएगा। दीपावली के अगले दिन से एक सप्ताह तक ऑड-ईवन लागू रहेगा। एक हफ्ते बाद प्रदूषण की मौजूदा स्थिति की समीक्षा करके ऑड-ईवन को लेकर आगे का निर्णय लिया जाएगा। ऑड-ईवन पहले भी दिल्ली में लागू हो चुका है और लोगों को पता है। ऑड वाले दिन जिन गाड़ियांे की नंबर प्लेट का आखिरी नंबर 1, 3, 5, 7, 9 होगा, वो चलेंगी। जबकि ईवन वाले दिन 0, 2, 4, 6, 8 नंबर की गाड़ियां सड़कों पर चलेंगी। ऑड-ईवन की तैयारियों के लिए मंगलवार को ट्रांसपोर्ट, ट्रैफिक पुलिस समेत संबंधित विभागों के साथ बैठक की जाएगी। जिसमें इस संबंध में विस्तृत कार्य योजना बनाई जाएगी।
30 अक्टूबर को दिल्ली में एक्यूआई 347 था, जबकि सोमवार को 436 दर्ज किया गया- गोपाल राय
पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने कहा कि बीते 30 अक्टूबर से प्रदूषण के स्तर में धीरे-धीरे बढ़ोत्तरी देखी जा रही है। वैज्ञानिकों और मौसम विभाग के विश्लेषण के अनुसार दिल्ली के अंदर प्रदूषण में वृद्धि का मुख्य कारण तापमान का लगातार गिरना और हवा की गति बहुत कम होना है। 30 अक्टूबर से हवा की गति ठहराव की स्थिति में है। 30 अक्टूबर को दिल्ली में एक्यूआई 347 था। इसके बाद 31 अक्टूबर को 359, एक नवंबर 364, दो नवंबर को 392, तीन नवंबर को 468, चार नवंबर को 415 था। इसके बाद 5 नवंबर को बढ़कर 454 हो गया और सोमवार को एक्यूआई 436 है, जो बीच में बढ़कर 468 तक चला गया था।
दिल्ली सरकार समर और विंटर एक्शन प्लान के जरिए प्रदूषण को कम करने के लिए 365 दिन काम कर रही है- गोपाल राय
पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण को लेकर कुछ लोगों के मन में सवाल पैदा हो रहा है कि दिल्ली के अंदर कुछ नहीं हो रहा है, सबकुछ बर्बाद हो गया है। लेकिन मैं बताना चाहता हूं कि दिल्ली सरकार समर और विंटर एक्शन प्लान के माध्यम से प्रदूषण को कम करने के लिए साल के 365 दिन लगातार काम कर रही है। पिछले कुछ सालों के अंदर सीएम अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में दिल्ली सरकार ने प्रदूषण को कम करने के लिए कई दीर्घकालिक निर्णय लिए हैं। वाहन प्रदूषण को कम करने के लिए ईवी पॉलिसी लाई गई। दिल्ली के अंदर ईलेक्ट्रिक और सीएनजी बसें चलाई जा रही हैं। दिल्ली सरकार 24 घंटे बिजली की आपूर्ति कर रही है। हमने दिल्ली में प्रदूषित ईंधन से चल रहे इंडस्ट्री को 100 फीसद पीएनजी में शिफ्ट कर दिया है। साथ ही दिल्ली में ग्रीन कवर बढ़ाया गया है।
हवा की गति कम होने की वजह से प्रदूषण के कण जमीन की सतह पर हैं, इसका असर एक्यूआई में दिख रहा है- गोपाल राय
पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने कहा कि दिल्ली सरकार द्वारा उठाए गए दीर्घकालिक पहलों के परिणाम स्वरूप इस साल दिल्ली में पुअर कटेगरी से बाहर दिनों की संख्या 206 हो चुकी है, जबकि 2015 में 365 दिनों में 109 दिन ही पुअर कटेगरी से बाहर थे। अर्थात 2015 में 365 में केवल 109 दिन थे, जिसमें हवा की स्थिति पुअर क्वालिटी में नहीं थी। इस साल वो संख्या बढ़कर 206 हो चुकी है। दिल्ली सरकार द्वारा उठाए गए दीर्घकालिक कामों का परिणाम दिल्ली के अंदर दिखने लगा है। वहीं, सर्दियों के मौसम में इमरजेंसी स्थिति पैदा होती है। पिछले कई सालों के बाद इस साल ऐसी स्थिति बनी है कि 30 अक्टूबर के बाद से निरंतर हवा की गति धीमी बनी हुई है। आमतौर पर ऐसा होता है कि दो-तीन दिन हवा की गति धीमी होती है और फिर तेज हो जाती है। हवा की गति लो कटेगरी में बने रहने की वजह से प्रदूषण के कण जमीन की सतह पर हैं। इसका असर एक्यूआई में दिख रहा है।
तीन अक्टूबर से अबतक ग्रीन दिल्ली एप पर 1646 शिकायतें आईं, इसमें 96 फीसद शिकायतों का निस्तारण हो गया है- गोपाल राय
पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने दिल्ली सरकार द्वारा प्रदूषण को कम करने को लेकर की गई कार्रवाई के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि दिल्ली में वाहन प्रदूषण को कम करने के लिए ट्रांसपोर्ट विभाग और ट्रैफिक पुलिस ने अभियान चलाकर पाल्यूशन अंडर कंट्रोल (पीयूसी) सर्टिफिकेट को चेक किया है। पीयूसी का उल्लंघन करने पर 10 हजार रुपए का जुर्माना लगाया जाता है। ग्रैप 1, 2 और 3 के दौरान वाहनों के 28471 चालान किए गए हैं, जिससे कि दिल्ली में प्रदूषण पैदा करने वाली गाड़ियांें पर कंट्रोल किया जा सके। इसी तरह, दिल्ली में एंटी डस्ट कैंपेन चलाया गया। इसके तहत 12769 निर्माण साइटों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। इसमें से 324 जगहों पर नियमों का उल्लंघन पाया गया और करीब 74 लाख रुपए जुर्माना लगाया गया है। ग्रीन दिल्ली एप के माध्यम से प्रदूषण बढ़ने को लेकर शिकायतें आई हैं। इस एप पर 3 अक्टूबर से लेकर अबतक 1646 शिकायतें दर्ज की गईं, जिसमें से 1581 शिकायतो का निस्तारण किया गया। अलग-अलग विभागों के सहयोग से कुल 96 फीसद शिकायतों का निस्तारण किया गया।
विभिन्न प्रोजेक्ट पर 233 और सरकारी बिल्डिंग्स पर 106 स्मॉग गन लगे हैं, 192 मोबाइल स्मॉग गन सड़कों पर पानी का छिड़काव कर रहे- गोपाल राय
उन्होंने बताया कि इसके अलावा, ओपेन बर्निंग पर लगाम कसने के लिए 611 टीमें फील्ड में काम कर रही हैं। गाड़ियों का प्रदूषण चेक करने के लिए 385 टीमें लगाई गई हैं। पटाखों पर रोक लगाने के लिए पुलिस की 210 टीमों का गठन किया गया है। वाटर स्प्रिंकलिंग और सफाई के लिए 82 एमआरएस मशीनें सड़कों पर काम कर रही हैं। अलग-अलग विभागों के 345 वाटर स्प्रिंकलर्स सड़क पर काम कर रहे हैं। विभिन्न जगहों पर चल रहे प्रोजेक्ट पर प्रदूषण रोकने के लिए 233 स्मॉग गन लगाए गए हैं। साथ ही 192 मोबाइल एंटी स्मॉग गन सड़कों पर पानी का छिड़काव कर रहे हैं। 106 एंटी स्मॉग गन अलग-अलग सरकारी बिल्डिंग्स पर लगाए गए हैं।
ग्रैप चार में भी बीएस-3 व 4 गाड़ियों को दिल्ली में चलाने पर प्रतिबंध जारी रहेगा- गोपाल राय
पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने कहा कि दिल्ली के अंदर जब ग्रैप-3 लागू किया गया था, तब बीएस-3 की पेट्रोल गाड़ियों और बीएस-4 की डीजल गाड़ियों को लगाने पर प्रतिबंध लगाया गया था। ग्रैप-4 में भी इन गाड़ियों को चलाने पर प्रतिबंध जारी रहेगा। इसके अलावा आवश्यक सामान और आवश्यक सेवाएं प्रदान करने वाली गाड़ियों में एलएनजी, इलेक्ट्रिक और सीएनजी ट्रकों को छोड़कर बाकी ट्रकों को दिल्ली में प्रवेश पर प्रतिबंधित कर दिया गया है। इलेक्ट्रिक, सीएनजी, बीएस-6 डीजल और इमरजेंसी सेवा व आवश्यक वस्तुओं को ले जाने वाली हल्की कमर्शियल गाड़ियों को छोड़कर दिल्ली के बाहर पंजीकृत सभी हल्की कमर्शियल गाड़ियों के प्रवेश पर भी रोक लगा दिया गया है। दिल्ली के अंदर डीजल पंजीकृत मीडियम और भारी माल वाहकों के चलने पर प्रतिबंध रहेगा। इसमें आवश्यक वस्तुएं और आवश्यक सेवाएं प्रदान करने वाले वाहनों को केवल छूट रहेगी।
अब दिल्ली के अंदर किसी भी तरह के निर्माण या विध्वंस गतिविधि को छूट नहीं है- गोपाल राय
उन्होंने बताया कि दिल्ली के अंदर ग्रैप 3 के अंतर्गत राजमार्गों, सड़कों, फ्लाईओवर, ओवर ब्रिज, पावर ट्रांसमिशन, पाइप लाइनों जैसे सार्वजनिक परियोजनाओं और कार्यों के विध्वंस पर छूट दी गई, लेकिन अब इस पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है। अब दिल्ली के अंदर किसी भी तरह के निर्माण या विध्वंस गतिविधि को छूट नहीं है। सभी पर सीएम ने प्रतिबंध लगाने का निर्देश दिया है। दिल्ली में 5वीं तक के स्कूल 10 नवंबर तक बंद किए गए थे, लेकिन अब 5वीं तक के अलावा 6वीं, 7वीं, 8वीं, 9वीं और 11वीं की कक्षाएं भी 10 नवंबर तक के लिए बंद रहेंगी, लेकिन ऑनलाइन क्लासेज चलाई जा सकेंगी। बोर्ड परीक्षा के चलते 10वीं और 12वीं की कक्षाओं पर रोक नहीं लगाई गई है।
यूपी-हरियाणा की भाजपा सरकारों से अनुरोध, आप भी अपने राज्य में पटाखों पर प्रतिबंध लगाएं- गोपाल राय
पर्यावरण मंत्री ने कहा कि दिल्ली में पटाखों पर पूर्ण प्रतिबंध है। पिछली बार हमने देखा था कि प्रतिबंध के बाद भी कई जगहों पर पटाखे छोड़े गए। इसके मद्देनजर पुलिस को अपनी टीमों को अलर्ट पर रहने का निर्देश दिया गया है। क्योंकि चंद दिनों बाद दीपावली का पर्व है। साथ विश्वकप का मैच है और छठ पूजा भी है। मैं यूपी और हरियाणा की भाजपा सरकारों से अनुरोध है कि आप अपने राज्य में भी पटाखों पर प्रतिबंध लगाएं और मॉनिटरिंग करें, ताकि प्रदूषण की मौजूदा स्थिति को और खतरनाक स्थिति में जाने से रोका जा सके।

