कांग्रेस बोली- मणिपुर से ही शुरू होगी ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’

Listen to this article

*‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के लिए न्याय योद्धा अभियान की शुरुआत

कांग्रेस ने राहुल गांधी के नेतृत्व में 14 जनवरी से शुरू होने जा रही ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के लिए न्याय योद्धा अभियान और वेबसाइट की शुरुआत की है। इसी के साथ यात्रा का पैम्फलेट भी जारी किया गया है। इस मौके पर कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल और संचार विभाग के प्रभारी महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ 14 जनवरी को मणिपुर से ही शुरू होगी। 

केसी वेणुगोपाल ने कहा कि 14 जनवरी को मणिपुर से ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ शुरू की जा रही है। जानकारी मिली है कि मणिपुर सरकार ने इंफाल के पैलेस ग्राउंड में ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ आयोजित करने के कांग्रेस के अनुरोध को अस्वीकार कर दिया है। बार-बार आश्वासन दिए जाने के बावजूद कि यात्रा राजनीतिक नहीं है, मणिपुर सरकार ने अनुमति देने से इनकार कर दिया, जबकि सरकार राज्य में अपने स्वयं के कार्यक्रम आयोजित कर रही है। कांग्रेस ने पहले ही कहा था कि मणिपुर से यात्रा निकाली जाएगी। फिर भी राज्य सरकार इसके लिए क्यों मना कर रही है। भाजपा इस यात्रा से डर गई है, इसलिए इजाजत नहीं दी गई है। इससे पहले भी राहुल गांधी ने हिंसा के समय मणिपुर का दौरा किया था। जब कांग्रेस पूरब से पश्चिम तक यात्रा शुरू कर रही है, तो मणिपुर को कैसे नजरअंदाज किया जा सकता है। यात्रा की शुरुआत मणिपुर से ही होगी। कांग्रेस द्वारा मणिपुर में यात्रा के स्थान का विवरण जल्द बता दिया जाएगा। 

केसी वेणुगोपाल ने आगे कहा कि इस यात्रा को लेकर जमीन पर जबरदस्त ऊर्जा और उत्साह है। लोग यात्रा का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। यात्रा को सफल बनाने के लिए विभिन्न राज्य पूरी तरह से तैयार हैं। यह यात्रा ऐतिहासिक होने जा रही है। यह कोई राजनीतिक यात्रा नहीं है, बल्कि इस देश की जनता के लिए है। कांग्रेस देश की जनता के लिए न्याय मांग रही है।

वहीं जयराम रमेश ने कहा कि 14 जनवरी को ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ इंफाल से शुरु होने वाली है। यात्रा को लेकर हिंदी और अंग्रेजी में पैम्फलेट जारी किया गया है। पैम्फलेट में विवरण दिया गया है कि भारत जोड़ो न्याय यात्रा का मकसद क्या है, उद्देश्य क्या हैं और कैसे यात्रा में भाग लिया जा सकता है। पैम्फलेट में रूट मैप भी दिया गया है। साथ ही वेबसाइट https://www.bharatjodonyayyatra.com/ भी जारी की गई है। वेबसाइट में रोज की खबरें आती रहेंगी। साथ ही यात्रा की लाइव स्ट्रीमिंग भी होगी। इसके अलावा जो लोग यात्रा में भाग लेना चाहते हैं। इसकी पूरी जानकारी उन्हें वेबसाइट पर मिलेगी। इसी के साथ न्याय योद्धा अभियान की भी  शुरुआत की गई है। 9891802024 पर मिस्ड कॉल देकर न्याय योद्धा बना जा सकता है। 

जयराम रमेश ने कहा कि ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ 14 जनवरी को मणिपुर के इंफाल से ही शुरू होगी। कांग्रेस अडिग है कि यात्रा इंफाल से ही शुरू होगी। पैलेस ग्राउंड के अलावा किसी और स्थान के लिए अनुमति मांगी जा रही है। उम्मीद है कि मंजूरी दे दी जाएगी। इंफाल में कहां से यात्रा शुरू होगी, इसकी जानकारी जल्द दे दी जाएगी।

Print Friendly, PDF & Email

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *