सीएम केजरीवाल को गिरफ्तार कर ‘‘आप’’ को खत्म करने का डर दिखा हमारे विधायकों को खरीदने की कोशिश कर रही भाजपा- दिलीप पांडे

Listen to this article
  • भाजपा कह रही है कि बहुत जल्द अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार कर ‘‘आप’’ को खत्म कर देंगे, इसलिए 25-25 करोड़ लेकर भाजपा में आ जाओ- दिलीप पांडे
  • अरविंद केजरीवाल के जाबांज विधायकों ने दिल्ली की जनता के जनादेश को सर्वोपरि रखते हुए भाजपा के धनादेश को ठुकरा दिया- दिलीप पांडे
  • भले ही भाजपा पूरी दुनिया खरीद सकती हो, लेकिन ‘‘आप’’ के सच्चे देशभक्त विधायकों को खरीदने की क्षमता उसके पास नहीं है- दिलीप पांडे
  • भाजपा नेताओं ने हमारे जिन विधायकों से संपर्क किया है, उसके साक्ष्य मौजूद हैं और वो डरने वाले नहीं हैं- दिलीप पांडे
  • भाजपा जहां चुनाव हार जाती है, वहां विधायकों को खरीद कर चुनी हुई सरकार को गिरा देती है और अपनी सरकार बना लेती है- दिलीप पांडे
  • जनादेश का अपमान करने वाली भाजपा को दिल्ली व देश की जनता कभी माफ नहीं करेगी और लोकसभा चुनाव में सबक सिखाएगी- दिलीप पांडे

सीएम अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार कर आम आदमी पार्टी को खत्म करने का डर दिखाकर भाजपा हमारे विधायकों को खरीदने का प्रयास कर रही है। ‘‘आप’’ को छोड़ कर भाजपा में शामिल होने के लिए प्रत्येक विधायक को 25-25 करोड़ रुपए का लालच दिया जा रहा है। शनिवार को पार्टी मुख्यालय में प्रेसवार्ता कर ‘‘आप’’ के वरिष्ठ नेता दिलीप पांडे ये बातें कहीं। उन्होंने कहा कि बार-बार अफसल होने के बावजूद भाजपा ‘‘आप’’ के विधायकों को तोड़ने और खरीदने की लगातोेर कोशिश कर रही है। लेकिन पहले की तरह इस बार भी अरविंद केजरीवाल के जाबांज विधायकों ने दिल्ली की जनता के जनादेश को सर्वोपरि रखा और भाजपा के धनादेश को ठुकरा दिया। उन्होंने कहा कि भले ही भाजपा पूरी दुनिया खरीद सकती हो, लेकिन ‘‘आप’’ के सच्चे देशभक्त विधायकों को खरीदने की क्षमता अभी उसके पास नहीं है। भाजपा ने जिन विधायकों से संपर्क किया है, उसके साक्ष्य हमारे पास मौजूद हैं।

आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं विधायक दिलीप पांडे ने कहा कि भाजपा का देश के लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान में कोई विश्वास नहीं है। बार-बार अफसल होने के बावजूद पिछले कुछ दिनों से भाजपा के लोग आम आदमी पार्टी के कुछ विधायकों से संपर्क कर उनको तोड़ने और खरीदने की कोशिश कर रहे हैं। अगस्त-सितंबर 2022 में भी भाजपा ने हमारे विधायकों को खरीदने की घिनौनी कोशिश की थी, जो पूरा देश जनता है। इससे दिल्ली और देश की जनता ने कैमरे पर भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष को पांच करोड़ रुपए में ‘‘आप’’ विधायकों को खरीदने की कोशिश करते हुए देखा था। 2022 में भाजपा ने हमारे विधायकों को 20-20 करोड़ रुपए का लालच देकर खरीदने की कोशिश की, लेकिन नाकाम रही।

विधायक दिलीप पांडे ने कहा कि इस बार भाजपा ने हमारे ईमानदार और देशभक्त विधायकों से संपर्क कर कहा कि ‘‘आप’’ के 21 विधायक उसके संपर्क में हैं। प्रत्येक विधायक को 25-25 करोड़ रुपए दिए जाएंगे, आम आदमी पार्टी में बने रहने का कोई फायदा नहीं है। क्योंकि बहुत जल्द ही अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार कर आम आदमी पार्टी को खत्म कर देंगे। भाजपा वाले पहले आम आदमी पार्टी के लोगों को डराते हैं और फिर ऑफर रखते हैं। भाजपा ने यही कार्यशैली अपना रखी है। यह बात किसी से छिपी नहीं है कि भाजपा ने संवैधानिक मूल्यों की धज्जियां उड़ाकर 5500 से 6000 करोड़ रुपए खर्च कर अब तक करीब 275 विधायक खरीद चुकी है। जहां चुनाव लड़कर भाजपा जीत नहीं पाती है, वहां पिछले दरवाजे से विधायकों को खरीद कर जनादेश से बनी सरकार को गिरा देती है और अपनी सरकार बना लेती है।

विधायक दिलीप पांडे ने कहा कि भाजपा जनादेश के आगे धनादेश भारी कर देती है। लेकिन दिल्ली में भाजपा का धनादेश नहीं चल पा रहा है। हमारी जानकारी में है कि भाजपा ने हमारे सात विधायकों को संपर्क साध कर सभी को एक ही तरह की लालच दी गई है। इसीलिए आम आदमी पार्टी कहती है कि ईडी-सीबीआई के अंदर जो चल रहा है, वो भाजपा द्वारा रची गई कहानी है। भाजपा नेताओं द्वारा हमारे हर विधायक को कॉल कर कहा गया कि अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार कर लेंगे और आम आदमी पार्टी खत्म हो जाएगी। इसलिए आम आदमी पार्टी छोड़ दो, 25-25 करोड़ लेकर भाजपा में आ जाओगे तो सब अच्छा-अच्छा हो जाएगा।

विधायक दिलीप पांडे ने कहा कि भाजपा सभी पार्टियों के विधायकों को तोड़ने में सफल हो जा रही है, लेकिन अरविंद केजरीवाल के पीछे चलने वाले ‘‘आप’’ के जाबांज विधायकों पर न तो भाजपा के भय का डंडा चल पा रहा है और न तो उनको डरा पा रहे हैं। आम आदमी पार्टी अपने जबांज विधायकों को सलाम करती है कि उन्होंने दिल्ली की जनता के जनादेश को भाजपा के धनादेश से उपर रखा। भाजपा से कहना चाहते हैं कि भाजपा वाले समझार इंसान होने की परिभाषा से बहुत आगे निकल चुके हैं। क्योंकि ‘‘आप’’ विधायकों को खरीदने में बार-बार असफल होने के बावजूद खरीद-फरोख्त की छिनौनी कोशिश करते हुए पाए जा रहे हैं। भाजपा के नेताओं की हमारे विधायकों के साथ हुई बातचीत का साक्ष्य मौजूद है। भाजपा नेताओं ने हमारे जिन विधायकों से संपर्क किया है, वो डरने वाले नहीं है।

उन्होंने कहा कि हम भाजपा के नेतृत्व से कहना चाहते हैं कि भाजपा अपनी इस हरकत से जनता की नजरों में बुरी तरह से गिरती जा रही है। जनादेश का अपमान करने वाली भाजपा को दिल्ली और देश की जनता कतई माफ नहीं करेगी और आगामी लोकसभा चुनाव में दिल्ली और देश की जनता धनादेश को उपर रखने वाली भाजपा को जनादेश का तमाचा मारेगी। देश और दिल्ली यह देख रही है कि भाजपा के अंदर पैसा और सत्ता का कितना अहंकार है। भाजपा भले ही पूरी दुनिया खरीद सकती हो लेकिन आम आदमी पार्टी के सच्चे देशभक्त विधायकों को खरीदने के लिए क्षमता नहीं है।

Print Friendly, PDF & Email

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *