3 फरवरी को पूर्वी दिल्ली के गीता कालोनी स्थित रामलीला मैदान में कांग्रेस न्याय संकल्प कार्यकर्ता सम्मेलन करेगी – हजारों कार्यकर्ता शामिल होंगे। – अरविन्दर सिंह लवली

Listen to this article

*सम्मेलन की तैयारियों के सिलसिले में प्रदेश कांग्रेस ने व्यापक स्तर पर सातों संसदीय क्षेत्रों में दनादन बैठकें की है- दिल्ली में कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जबरदस्त जोश है।- अरविन्दर सिंह लवली

*दिल्ली के सातों संसदीय क्षेत्रों में बूथ स्तर पर कांग्रेस का संगठन मजबूती से लोकसभा चुनाव के लिए तैयार है।- अरविन्दर सिंह लवली

आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारियों के सिलसिले में कांग्रेस पार्टी ने दिल्ली में बड़े पैमाने पर न केवल अभियान छेड़ रखा है बल्कि दिल्ली में कांग्रेस संगठन को सातों संसदीय क्षेत्रों में जमीनी स्तर पर मजबूती देने के लिए पार्टी लगातार अलग-अलग स्तर पर काम कर रही है। राहुल गांधी जी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा की अभूतपूर्व सफलता से गदगद कांग्रेस ने न्याय संकल्प सम्मेलन करने का निर्णय किया है, जिसकी शुरुआत पूर्वी दिल्ली स्थित गीता कालोनी के रामलीला मैदान में 3 फरवरी को सुबह 11 बजे होगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरविन्दर सिंह लवली ने आज एक संवाददाता सम्मेलन में इसकी घोषणा करते हुए कहा कि इस सम्मेलन को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, संगठन महासचिव केसी वेनुगोपाल, गठबंधन समन्वय समिति के संयोजक मुकुल वासनिक, दिल्ली के प्रभारी महासचिव दीपक बाबरिया सहित सभी वरिष्ठ नेता संबोधित करंगे।

ज्ञातव्य है कि इस सम्मेलन की बड़े व्यापक रुप से तैयारियों के सिलसिले में प्रदेश अध्यक्ष अरविन्दर सिंह लवली ने स्वयं दिल्ली के सभी पूर्व मंत्रियों, विधायकों, पार्षदों व सभी जिम्मेदार लोगों को साथ लेकर दिल्ली के सातों संसदीय क्षेत्रों में न केवल सभाऐं की है बल्कि पूर्वी और उत्तर पूर्वी दिल्ली में ब्लाक स्तर पर व्यापक अभियान भी चल रहा है। एक अनुमान के मुताबिक जहां एक ओर हजारों बूथ स्तर के कार्यकर्ता रामलीला मैदान में होंगे वही रामलीला मैदान के बाहर यमुना पुस्ते तक भारी भीड़ उमड़ने की आशंका के चलते यह व्यवस्था की गई है कि कार्यकर्ता वहीं से सारी बात सुन सकें व सम्मेलन की कार्यवाही देख सकें।

अरविन्दर सिंह लवली ने केन्द्र की भाजपा सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि आज न केवल लोकतंत्र की हत्या हो रही है बल्कि जिस तरीके से चंडीगढ़ निगम के मेयर चुनाव में सरे आम गुंडागर्दी का नंगा नाच जनता ने देखा है, उससे पूरा देश स्तब्ध है। उन्होंने कहा कि इसलिए लोकतंत्र की रक्षा व जनहित में कांग्रेस पार्टी यह न्याय संकल्प सम्मेलन कर रही है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए कांग्रेस के कार्यकर्ता सड़कों पर भी उतरेंगे और आंदोलन भी करेंगे। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से पार्टी ने समय-समय पर अत्याचार के खिलाफ मुखर होकर अपनी बात कही है। जिस तरीके से आज देश में सरकारी तंत्र के माध्यम से खौफ का माहौल बनाया जा रहा है उससे देश की जनता दुखी है और समय आने पर भाजपा को उसका माकूल जवाब देगी।

लवली ने बताया कि पार्टी मुख्यतः 3 फरवरी, शनिवार को 5 संकल्प लेगी जिसमें युवा न्याय, महिला न्याय, भागीदारी न्याय, श्रमिक न्याय, किसान न्याय शामिल है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता 3 फरवरी को न्याय संकल्प सम्मेलन में भाजपा को आगामी लोकसभा चुनाव में परास्त करने की प्रतिज्ञा भी लेंगे।

लवली ने पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए स्पष्ट किया कि दिल्ली का राजनीतिक दल होने के नाते हम न केवल जनहित के मुद्दों को मुखर रुप से उठा रहे है बल्कि सातों संसदीय क्षेत्रों में पार्टी अपने संगठनात्मक ढ़ांचे को बूथ स्तर पर मजबूत करने में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि सातों संसदीय क्षेत्रों में पार्टी पूरी शक्ति के साथ लोकसभा चुनाव के लिए तैयार है। उन्होंने दिल्ली में गठबंधन को लेकर चल रही बातचीत को सकारात्मक बताते हुए कहा कि गठबंधन की स्थिति में कांग्रेस संगठन गठबंधन धर्म को निभाऐगी।

लवली ने यह भी कहा कि संगठन के संबंध में सभी स्तरों पर कवायद चल रही है और जल्द ही संगठन में जमीनी स्तर पर बदलाव भी होंगे, जिसके लिए बकायदा सभी जिलों व ब्लाकों व संसदीय क्षेत्रों में कोऑर्डिनेटर व पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए है जो लगातार पार्टी नेतृत्व के सम्पर्क में है। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता एक बार फिर कांग्रेस की तरफ देख रही है और कांग्रेस के 15 साल के शानदार शासनकाल को याद कर रही है।

वरिष्ठ नेता पूर्व विधायक मुकेश शर्मा ने कहा कि लोकसभा चुनावों के मद्देनजर कांग्रेस संगठन की ढ़ांचागत मशीनरी सभी सातों सीटों पर कारगर तरीके से काम कर रही है। 3 फरवरी को गीता कालोनी के रामलीला मैदान में होने वाला न्याय संकल्प सम्मेलन ऐतिहासिक होगा। उन्होंने कहा कि रैली स्थल पर द्वार भी बनाए जाऐंगे जिसमें अम्बेडकर द्वार, पं0 जवाहरलाल नेहरु द्वार, इंदिरा गांधी द्वार, राजीव गांधी द्वार, मौलाना अबुल कलाम आजाद द्वार आदि शामिल है। उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष श्री अरविन्दर सिंह लवली की अध्यक्षता में गीता कालोनी के रामलीला मैदान में हाने वाले न्याय संकल्प सम्मेलन का आगाज होगा। कांग्रेस लोकसभा चुनावों के लिए शंखनाद दिल्ली से कर रही है। सम्मेलन में हजारों की संख्या में कार्यकर्ता पहुॅचेंगे और पूरे क्षेत्र में मेले जैसा माहौल दिखाई देगा।

प्रदेश पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष अली मेंहदी ने कहा कि 3 फरवरी को गीता कालोनी के रामलीला मैदान में होने वाले न्याय संकल्प सम्मेलन की तैयारियों के लिए सभी विधानसभाओं की बैठक सम्पूर्ण हो चुकी है। उन्होंने कहा कि बैठकों में तमाम कांग्रेस कार्यकर्ता संकल्प ले रहा है कि कार्यक्रम को सफल बनाने के हम एक होकर काम करेंगे। उन्होंने कहा कि मैं उत्तर पूर्वी दिल्ली से हूँ और वहां का एक-एक कार्यकर्ता कार्यकर्ता सम्मेलन में अपनी मौजूदगी दर्ज कराऐगा।

संवाददाता सम्मेलन में अरविन्दर सिंह लवली के साथ वरिष्ठ नेता पूर्व विधायक मुकेश शर्मा, निगम में सदन के पूर्व नेता जितेन्द्र कुमार कोचर, पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष अली मेंहदी और प्रवक्ता अनुज आत्रेय मौजूद थे।

Print Friendly, PDF & Email

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *