‘‘आप’’ का ‘जेल का जवाब वोट से’ कैंपेन शुरू, कार्यकर्ता घर-घर पहुंचा रहे केजरीवाल का संदेश

Listen to this article
  • आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश संयोजक गोपाल राय ने पूर्वी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र के शहादरा के विश्वास नगर से कैंपेन की शुरूआत की

-जेल से मुख्यमंत्री चुनाव प्रचार नहीं कर सकते, इसलिए हर कार्यकर्ता केजरीवाल बनकर उनका संदेश लेकर घर-घर जा रहा है- गोपाल राय

  • चुनाव के बीच केजरीवाल को जेल भेजने पर जनता में भाजपा के खिलाफ भारी आक्रोश है, जेल का जवाब वोट से देंगे- गोपाल राय
  • केजरीवाल ने मुफ्त बिजली, पानी, स्कूल, अस्पताल के साथ बुजुर्गों के लिए तीर्थ यात्रा, महिला के लिए बस में सफर का इंतजाम किया- गोपाल राय
  • केजरीवाल की गिरफ्तारी को लेकर जनता में दिखा आक्रोश, भाजपा के षड़यंत्र को नाकाम करने का लिया संकल्प
  • लोगों ने कहा, हमारा आशीर्वाद केजरीवाल के साथ हैं, हमने उन्हें मुख्यमंत्री चुना है, वो ही हमारे मुख्यमंत्री रहेंगे

आम आदमी पार्टी ने मंगलवार को पूर्वी दिल्ली लोकसभा से ‘जेल का जवाब वोट से’ कैंपेन की शुरूआत कर दी। ‘‘आप’’ के दिल्ली प्रदेश संयोजक एवं कैबिनेट मंत्री गोपाल राय ने पूर्वी दिल्ली के शहादरा के विश्वास नगर से इसकी शुरूआत की। इस दौरान उन्होंने घर-घर जाकर बताया कि भाजपा ने कैसे साजिश के तहत सीएम अरविंद केजरीवाल को जेल भेज दिया है, ताकि वो चुनाव प्रचार न कर सकें। उन्हांेने कहा कि दिल्ली की जनता केजरीवाल को जेल भेजने से दुखी है। जनता ने संकल्प लिया हैं कि केजरीवाल को जेल भेजने का जवाब वोट से देंगे। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने तानाशाही रवैया दिखाते हुए केजरीवाल को जेल में डालकर चुनाव प्रचार से रोक दिया है, लेकिन हम केजरीवाल बनकर उनका संदेश घर-घर पहुंचाएंगे। अपने चहेते मुख्यमंत्री को जेल भेजने से आक्रोशित दिल्ली की जनता का कहना है कि हमारा आशीर्वाद केजरीवाल के साथ हैं। हमने केजरीवाल को मुख्यमंत्री चुना है और वो ही हमारे मुख्यमंत्री रहेंगे।

पूर्वी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र से कैंपेन की शुरुआत कर ‘‘आप’’ के दिल्ली प्रदेश संयोजक गोपाल राय ने कहा कि दिल्ली के चुने हुए मुख्यमंत्री को मोदी सरकार ने तानाशाही रवैया अपनाते हुए गिरफ्तार कर जेल में बंद कर दिया। आज दिल्ली के मुख्यमंत्री चुनाव प्रचार नहीं कर सकते। इसलिए अरविंद केजरीवाल की तरफ से संदेश लेकर मंगलवार से आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता डोर टू डोर अभियान के तहत घर-घर जा रहे हैं। हर कार्यकर्ता लोगों को संदेश दे रहा है कि जबसे दिल्ली के लोगों ने अपनी वोट की ताकत से अरविंद केजरीवाल को मुख्यमंत्री बनाया है, तब से उन्होंने दिल्ली के लोगों को 24 घंटे मुफ्त बिजली दी, मुफ्त पानी दिया। स्कूल और अस्पतालों को बेहतर किया। महिलाओं के लिए बसों में मुफ्त यात्रा की व्यवस्था की। बुजुर्गों के लिए तीर्थयात्रा की व्यवस्था की। इस बार के बजट में दिल्ली की महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये देने की व्यवस्था की। दिल्ली के लोगों के लिए अरविंद केजरीवाल ने काम किया। इसलिए उनको वोट देकर जनता ने चुना। लेकिन मोदी सरकार ने उन्हें गिरफ्तार कर जेल में डाल दिया। इसलिए उनके गैरकानूनी गिरफ्तारी के विरोध में इस अभियान की शुरूआत हुई है।

उन्होंने कहा कि अगर दिल्ली के लोग चाहते हैं कि काम करने वाला मुख्यमंत्री जेल से बाहर आएं तो लोगों के पास एक ही रास्ता है कि जेल का जवाब वोट से दें, झाड़ू की चोट से दें। इसलिए आज से दिल्ली में हर जगह यह नारा गूंजेगा कि “झाड़ू की चोट से, जेल का जवाब वोट से।“ इस डोर टू डोर अभियान के तहत हम लोग अरविंद केजरीवाल बनकर घर-घर जाएंगे। जिन लोगों के लिए अरविंद केजरीवाल ने काम किया है। वही लोग इस चुनाव में अब उनके लिए काम करेंगे। यही इस डोर टू डोर अभियान का मकसद है।

गोपाल राय ने कहा कि मैंने अरविंद केजरीवाल के जेल जाने को लेकर जिन भी लोगों से बातचीत की, वो सभी लोग दुखी हैं। उनका कहना है कि हमने जिसको मुख्यमंत्री बनाया, उनको चुनाव के मौके पर जेल में क्यों डाल दिया? सभी ने यह वादा किया है कि चुनाव में इसका जवाब देंगे। वोट ही जनता की ताकत है और हमको लगता है कि अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद लोगों का उनके प्रति भावनात्मक जुड़ाव और अधिक बढ़ा है। इस बार सभी लोग मिलकर इस तानाशाही को हराएंगे और अरविंद केजरीवाल को जेल से बाहर लाएंगे।

वहीं, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी को लेकर विश्वास नगर की जनता में भी काफी गुस्सा दिखा। लोगों का कहना था कि पूरी दिल्ली जानती है कि हमारे बेटे अरविंद केजरीवाल को षड्यंत्र रचकर भाजपा ने जेल में डाला है। हम किसी भी हालत में भाजपा के षड्यंत्र कामयाब नहीं होने देंगे। हम जानते हैं कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी ईमानदार हैं। दिल्ली के बेटे अरविंद केजरीवाल ने हमारे लिए बहुत सारे अच्छे काम किए हैं। हमें फ्री बिजली, फ्री पानी, अच्छे स्कूल और अच्छी स्वास्थ्य सेवाएं दी हैं। जिस तरीके से दिल्ली के बेटे को भाजपा ने जेल में डाल रखा है, यह बहुत गलत है। आने वाले लोकसभा चुनाव में हम इस षड्यंत्र का बदला आम आदमी पार्टी को वोट देकर पूरा करेंगे। जल्द ही हमारे मुख्यमंत्री जेल से छूटेंगे। डोर टू डोर कैंपेन के दौरान विश्वास नगर की जनता ने कहा कि हमारा आशीर्वाद अरविंद केजरीवाल जी के साथ है। भाजपा हमारे नेता को जेल में डालकर उनका इस्तीफा लेना चाहती है। हम अपने मुख्यमंत्री से अनुरोध करते हैं कि वह किसी भी हाल में, किसी भी परिस्थिति में अपना इस्तीफा न दें। अगर उन्होंने अपना इस्तीफा दे दिया तो भाजपा अपने षड्यंत्र में कामयाब हो जाएगी। अरविंद केजरीवाल जी को हमने मुख्यमंत्री चुना था, वही हमारे मुख्यमंत्री रहेंगे।

Print Friendly, PDF & Email

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *