*एयरटेल पेमेंट्स बैंक द्वारा प्रस्तुत डेबिट और प्रि-पेड एनसीएमसी इनेबल्ड कार्ड पेश किए
दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) ने यात्रियों की सुविधा के लिए डिजिटल टिकटिंग समाधान को
और आगे बढ़ाते हुए एयरटेल पेमेंट्स बैंक के साथ साझेदारी की है, जिसके अंतर्गत यात्रियों को अनेक
डिजिटल पेमेंट समाधानों का लाभ मिल सकेगा।
एयरटेल पेमेंट्स बैंक को नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (एनसीएमसी) द्वारा डिजिटल पेमेंट समाधानों की
मेंटेनेंस और प्रोसेसिंग के अधिकार दिए गए हैं। यह बैंक अब किसी भी बैंक द्वारा जारी एनसीएमसी कार्ड
विनिमयों की प्रोसेसिंग करेगा ताकि दिल्ली मेट्रो की सभी लाईनों और एयरपोर्ट एक्सप्रेस तथा देश में
अन्य ओपन लूप ट्रांसपोर्ट सिस्टम्स पर यात्रियों की यात्रा सुविधाजनक बन सके।
यह घोषणा दिल्ली मेट्रो के मुख्यालय में आयोजित हुए एक समारोह में की गई, जिसमें डीएमआरसी के
एमडी, डॉ. विकास कुमार, एयरटेल पेमेंट्स बैंक के एमडी एवं सीईओ, श्री अनुब्रत बिस्वास और दोनों
संगठनों के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
इस अवसर पर एयरटेल पेमेंट्स बैंक द्वारा प्रस्तुत डेबिट, प्रि-पेड एनसीएमसी इनेबल्ड कार्ड्स का अनावरण
भी किया गया। बैंक ये एनसीएमसी इनेबल्ड कार्ड मेट्रो स्टेशनों पर जारी करेगा, जिससे दिल्ली मेट्रो एवं
देश में अन्य ओपन लूप ट्रांसपोर्ट सिस्टम्स पर यात्रा सुविधाजनक बन सकेगी, और साथ ही रिटेल खरीद,
एटीएम एवं ई-कॉमर्स विनिमय भी संभव हो सकेंगे। एनसीएमसी पेमेंट्स सुविधा के अलावा इस कार्ड का
उपयोग विभिन्न ट्रैवल सेगमेंट्स, जैसे मेट्रो, बस, रेलवे, और पार्किंग लॉट्स के लिए भी किया जा सकेगा।
दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर, डॉ. विकास कुमार ने कहा, ‘‘एयरटेल पेमेंट्स
बैंक के साथ हम दिल्ली मेट्रो स्टेशनों पर अनेक डिजिटल पेमेंट समाधान प्रदान कर सकेंगे। इस
पार्टनरशिप द्वारा हम राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में दैनिक यात्रियों को यात्रा का सुगम और सुविधाजनक
अनुभव प्रदान कर सकेंगे।’’
श्री अनुब्रत बिस्वास, एमडी एवं सीईओ, एयरटेल पेमेंट्स बैंक ने कहा, ‘‘हमें एनसीएमसी द्वारा डिजिटल
पेमेंट्स सॉल्यूशन की मेंटेनेंस और प्रोसेसिंग करने के लिए दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के साथ साझेदारी
करने की खुशी है। यह गठबंधन वन कार्ड वन नेशन के उद्देश्य के अनुरूप है। इसके साथ हम अपनी
विस्तृत प्रस्तुतियों द्वारा ग्राहकों को बेहतर सेवाएं देने की दिशा में एक कदम आगे बढ़ सकेंगे और अपनी
सेवाएं ज्यादा ग्राहकों तक पहुँचा सकेंगे।’’
यात्रियों के लिए सुगम डिजिटल टिकटिंग के विकल्पों की शुरुआत डीएमआरसी के लिए एक प्राथमिकता
का क्षेत्र है। डीएमआरसी ने पिछले कुछ समय में ऐसे अनेक समाधान पेश किए हैं। आधुनिक डिजिटल
पेमेंट समाधानों की मदद से डीएमआरसी और एयरटेल पेमेंट्स बैंक यात्रा के अनुभव में क्रांतिकारी
परिवर्तन ला रहे हैं, ताकि रोज लाखों यात्रियों को ज्यादा सुविधा, एफिशियंसी, और उपलब्धता मिल सके।
2024-07-22




