जम्मू कश्मीर में बोले खरगे- कांग्रेस-नेशनल कॉन्फ्रेंस का गठबंधन देख भाजपा बौखलाई

Listen to this article

*कांग्रेस-नेशनल कॉन्फ्रेंस गठबंधन सरकार आने पर पर्यटन, उत्पादन, नौकरी, शिक्षा पर ध्यान दिया जाएगा

*जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा दिलाकर रहेगी कांग्रेस

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने जम्मू कश्मीर के अनंतनाग में चुनाव प्रचार करते हुए कहा कि कांग्रेस-नेशनल कॉन्फ्रेंस का गठबंधन देख भाजपा बौखला गई है। इसीलिए भाजपा जम्मू-कश्मीर में उम्मीदवारों की लिस्ट बार-बार बदल रही है। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि भाजपा इंडिया गठबंधन की एकता को देखकर डर गई है।

कांग्रेस अध्यक्ष जम्मू कश्मीर के अनंतनाग में विशाल जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इसके उपरांत उन्होंने श्रीनगर में पत्रकार वार्ता को भी संबोधित किया।

जनसभा में उमड़े विशाल जनसमूह के बीच मल्लिकार्जुन खरगे ने आरोप लगाया कि जम्मू-कश्मीर में चल रहे राज्यपाल के शासन में भ्रष्टाचार हो रहा है। जम्मू-कश्मीर के पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने कहा कि उन्होंने जिन लोगों पर सैकड़ों करोड़ के भ्रष्टाचार का आरोप लगाया, उनकी जांच करने के बजाए सरकारी एजेंसियां तानाशाही आदेश के तहत उनके घर पर छापेमारी कर रही हैं। ये बात सत्यपाल मालिक ने कही, जिन्हें भाजपा ने ही राज्यपाल बनाया था।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, भाजपा यहां के लोगों को धर्म के नाम पर बांटने की कोशिश कर रही है, लेकिन वो कभी कामयाब नहीं होगी। कांग्रेस की सरकार खाद्य सुरक्षा बिल लेकर आई थी। जम्मू-कश्मीर में पहले 11 किलो चावल मिलता था, आज केवल पांच किलो मिल रहा है। इससे पता चलता है कि गरीबों का हमदर्द कौन है। यही कांग्रेस और भाजपा में फर्क है। अनंतनाग के इस क्षेत्र में दस साल पहले एक मार्केट बनने वाला था, जिसका उद्घाटन भी हो गया था। लेकिन, मोदी सरकार में ये वैसे ही पड़ा रह गया। इसको कोई देखने वाला नहीं है। उन्होंने आगे कहा कि जम्मू कश्मीर में बेरोजगारी और महंगाई बढ़ रही है, बिजली और पानी समेत कई चीजों की समस्या है।

आतंकी हमलों को लेकर केंद्र सरकार को घेरते हुए खरगे ने कहा, जम्मू-कश्मीर में आज हर जगह हमले हो रहे हैं, फिर भी प्रधानमंत्री मोदी झूठ बोलने में शर्माते नहीं हैं। क्योंकि वे झूठों के सरदार हैं। नरेंद्र मोदी ने कहा था कि सभी को 15-15 लाख रुपये दिए जाएंगे। हर साल दो करोड़ नौकरियां देंगे। विदेश से काला धन वापस लाएंगे। लेकिन उन्होंने किया कुछ भी नहीं, सिर्फ लोगों को गुमराह किया।

कांग्रेस अध्यक्ष ने आगे कहा कि मोदी सरकार टीडीपी और नीतीश कुमार के बल पर चल रही है। नरेंद्र मोदी पहले 400 पार बोलते थे, मगर भाजपा की 240 सीटें ही आईं। इंडिया गठबंधन को सिर्फ 20 सीट और मिल जाती, तो सरकार में बैठे भ्रष्ट लोग जेल जाते।

खरगे ने वादा दोहराया कि कांग्रेस जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा दिलाकर रहेगी। विधानसभा के साथ-साथ विधान परिषद को भी बहाल किया जाएगा। कश्मीरी पंडितों के पुनर्वास के लिए पूरा प्रयास किया जाएगा। जम्मू-कश्मीर के लिए कांग्रेस की गारंटियां गिनाते हुए खरगे ने कहा कि कांग्रेस-नेशनल कॉन्फ्रेंस गठबंधन की सरकार बनने पर परिवार की महिला मुखिया को हर महीने 3,000 रुपये दिए जाएंगे। एक लाख खाली पड़े सरकारी पदों को भरा जाएगा। परिवार के हर सदस्य को 11 किलो चावल मिलेगा। 25 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा दिया जाएगा। स्वयं सहायता समूहों में शामिल महिलाओं को पांच लाख रुपये का ब्याज मुक्त कर्ज मिलेगा। यहां हजारों सरकारी स्कूल बंद हो गए हैं, उन्हें दोबारा शुरू किया जाएगा। गठबंधन की सरकार आते ही पर्यटन, उत्पादन,नौकरी, शिक्षा पर ध्यान दिया जाएगा।

इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला, कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, जम्मू-कश्मीर कांग्रेस प्रभारी भरत सोलंकी, कांग्रेस महासचिव गुलाम अहमद मीर, प्रदेश अध्यक्ष हामिद कर्रा समेत अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद थे।

Print Friendly, PDF & Email

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *