दिल्ली के कैबिनेट मंत्री इमरान हुसैन की बल्लीमारान विधानसभा में नए घरेलू बिजली मीटर कनेक्शन के लिए बीएसईएस के विशेष शिविर लगाए गए

Listen to this article

*खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री इमरान हुसैन के निर्देश पर बल्लीमारान विधानसभा में नए बिजली मीटर लगाने की प्रक्रिया में तेजी आएगी

*कैंप के माध्यम से स्थानीय लोगों को आसानी से मिल रहा नया बिजली मीटर कनेक्शन- इमरान हुसैन

*अरविंद केजरीवाल की “मुफ्त की रेवड़ी” वास्तव में दिल्ली की जनता का आशीर्वाद है – इमरान हुसैन

देश के लोकप्रिय जननेता अरविंद केजरीवाल के मार्गदर्शन में नागरिकों को उनके दरवाजे तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने के उद्देश्य से मंगलवार को दिल्ली के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री एवं बल्लीमारान विधानसभा के विधायक इमरान हुसैन ने बस्ती हरफूल सिंह, सदर बाज़ार कैम्प कार्यालय में नए घरेलू बिजली मीटर कनेक्शन लगाने के लिए बीएसईएस के विशेष शिविर का आयोजन कराया।

इस शिविर का उद्देश्य स्थानीय लोगों को जल्द से जल्द नए बिजली कनेक्शन प्रदान करने का है। इस दौरान शिविर में लोगों की बिजली बिलों से संबंधित विभिन्न समस्याओं का भी निवारण किया गया। इस विशेष शिविर में बल्लीमारान विधानसभा क्षेत्र के लगभग 500 से अधिक घरों में नए बिजली मीटर कनेक्शन और सम्बंधित जन शिकायतों का निवारण किया गया। बीएसईएस शिविर का उद्देश्य क्षेत्र के स्थानीय निवासियों को नये घरेलू बिजली मीटर कनेक्शन के लिए पहचान और पते के प्रमाण के रूप में दो वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने की सुविधा प्रदान करना भी था। स्थानीय निवासी बीएसईएस के इस विशेष शिविर से संतुष्ट दिखे, इस दौरान बीएसईएस अधिकारियों द्वारा नए बिजली मीटर कनेक्शन, मीटर लोड, बिजली बिल आदि से संबंधित समस्याओं का भी निराकरण भी किया गया ।

कैंप के दौरान इमरान हुसैन ने स्वयं स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याओं का तत्काल समाधान करवाया और बीएसईएस अधिकारियों को नए बिजली मीटर लगाने की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया। मंत्री इमरान हुसैन ने बीएसईएस के अधिकारियों को स्थानीय निवासियों की आ रही समस्याओं को ध्यान में रखते हुए जल्द से जल्द नए बिजली मीटर लगाने के भी निर्देश दिए। माननीय मंत्री ने यह भी कहा कि यह शिविर यह सुनिश्चित करेगा कि लोगों को अपना काम छोड़ कर अपनी समस्याओं के लिए बीएसईएस कार्यालय का चक्कर न लगाना पड़े।

मंत्री इमरान हुसैन ने जोर देकर कहा कि अरविंद केजरीवाल की “मुफ्त की रेवड़ी” वास्तव में दिल्ली के लोगों का आशीर्वाद है। इस देश में केवल अरविंद केजरीवाल ही जानते हैं कि नागरिक सुविधाएं जनता को सुलभता से कैसे दी जाती हैं। विपक्षी पार्टी के नेता कई बार बोलते हैं कि अरविंद केजरीवाल दिल्ली की जनता को मुफ्त की ‘रेवड़ी’ बांट रहे हैं। हम कहते हैं कि हां हम ये मुफ्त की ‘रेवड़ी’ दे रहे हैं। अगर दिल्ली के लोगों को सुविधा देना मुफ्त की रेवड़ी है तो अरविंद केजरीवाल के मार्गदर्शन में दिल्ली के लोगों को मुफ्त बिजली, मुफ्त पानी, दिल्ली के सरकारी स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, मोहल्ला क्लीनिक और सरकारी अस्पतालों में अच्छा इलाज, दिल्ली की महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा, बुजुर्गों के लिए मुफ्त तीर्थ यात्रा निरंतर जारी रहेगी चाहे विपक्षी दलों के लोग इसमें कितनी भी अड़चन लगा लें।

Print Friendly, PDF & Email

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *