भाजपा पूर्वांचलियों को बांग्लादेशी-रोहिंग्या कहकर अपमानित करना बंद करे, हम इनका वोट काटने नहीं देंगे- संजय सिंह

Listen to this article
  • भाजपा ने पूर्वांचलियों को रोहिंग्या बताकर शाहदरा में 11 हजार, जनकपुरी में 4,874, तुगलकाबाद में 2,435, करवाल नगर में 3,260 समेत कई विधानसभाओं में हजारों वोट कटवाने की एप्लिकेशन दी है – संजय सिंह
  • डिजिटल इंडिया की बात करने वाली भाजपा सुल्तानपुर की वोटर लिस्ट चेक कर ले, वहां मेरे माता-पिता के अलावा किसी का वोट नहीं है – संजय सिंह
  • भाजपा वाले दिल्ली में पूर्वांचलियों का वोट कटवाकर जीतने के मंसूबे पाल रहे थे, लेकिन आम आदमी पार्टी ने उसकी साजिशों का खुलासा कर दिया- संजय सिंह

दिल्ली में वर्षों से रह रहे पूर्वांचल समाज के लोगों को बांग्लादेशी और रोहिंग्या बताकर उनका वोट कटवाने की कोशिश कर रही भाजपा को आम आदमी पार्टी ने एक बार फिर सख्त चेतावनी दी है। “आप” के वरिष्ठ नेता एवं सांसद संजय सिंह ने कहा कि भाजपा पूर्वांचल समाज के लोगों को बांग्लादेशी और रोहिंग्या कहकर अपमानित करना बंद करे। हम किसी भी हाल में पूर्वांचल के लोगों का वोट काटने नहीं देंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा ने पूर्वांचलियों को रोहिंग्या बताकर शाहदरा में 11 हजार, जनकपुरी में 4,874, तुगलकाबाद में 2,435, पालम में 1,641, करवाल नगर में 3,260 समेत कई विधानसभाओं में हजारों वोट कटवाने की एप्लिकेशन दी है। साथ ही, नई दिल्ली विधानसभा में रह रही मेरी धर्मपत्नी का वोट भी कटवाने की एप्लिकेशन दी है और कह रही है कि उनका सुल्तानपुर में भी वोट है। डिजिटल इंडिया की बात करने वाली भाजपा से कहना चाहता हूं कि वह सुल्तानपुर की वोटर लिस्ट को चेक कर ले। वहां मेरे माता-पिता के अलावा किसी का वोट नहीं है।

आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने गुरुवार को पार्टी मुख्यालय पर प्रेस वार्ता कर कहा कि पूरी दुनिया में झूठ फैलाने में माहिर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और उनके केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सुबह से कुछ झूठ फैलाने की कोशिश की है। आम आदमी पार्टी के तौर पर हमारी यह जिम्मेदारी है कि हम भारतीय जनता पार्टी के हर एक झूठ का जवाब दें। भाजपा के राष्ट्रीय नेता से लेकर प्रदेश नेता तक कान खोलकर सुन लें, हम दिल्ली में किसी पूर्वांचली का वोट नहीं कटने देंगे। दिल्ली में 30-40 साल से जो हमारे यूपी, बिहार और पूर्वांचल के लोग रह रहे हैं, जिन्होंने अपने श्रम और परिश्रम से दिल्ली को बनाने का काम किया, अगर भाजपा सोचती है कि उनका वोट कटवा लेगी, तो आम आदमी पार्टी ऐसा कतई नहीं होने देगी। जब हमने भाजपा को एक्सपोज कर दिया, तो आज ये लोग हास्यास्पद आरोप लगा रहे हैं कि आम आदमी पार्टी वाले वोट बढ़वा और कटवा रहे हैं।

संजय सिंह ने एक-एक करके रिकॉर्ड सामने रखते हुए बताया कि किस तरह भाजपा के लोगों ने दिल्ली में रह रहे हमारे पूर्वांचली भाई-बहनों को रोहिंग्या और बांग्लादेशी कहकर अपमानित करके उनका वोट कटवाने के लिए आवेदन दिया है। शाहदरा विधानसभा में 11,000 लोगों का वोट कटवाने के लिए भाजपा के एक पदाधिकारी ने आवेदन किया। जनकपुरी विधानसभा में भाजपा के 24 कार्यकर्ताओं ने 4,874 वोट कटवाने के लिए आवेदन किया। तुगलकाबाद विधानसभा में भाजपा के 15 कार्यकर्ताओं ने 2,435 वोट कटवाने के लिए आवेदन दिया। तुगलकाबाद में बूथ नंबर 117 पर कुल 1,337 वोट हैं, जबकि भाजपा ने इनमें से 554 वोट कटवाने के लिए भाजपा के कार्यकर्ता ने आवेदन किया। वहीं, पालम में भाजपा के 9 कार्यकर्ताओं ने 1,641, रजौरी गार्डन में 6 कार्यकर्ताओं ने 571, हरी नगर में 4 कार्यकर्ताओं ने 637, करावल नगर में 2 भाजपा कार्यकर्ताओं ने 3,260 वोट और मुस्तफाबाद में एक कार्यकर्ता ने 534 वोट काटने के लिए आवेदन दिया। यह भाजपा के कुकर्मों और पाप का लेखा-जोखा है। भाजपा को गलतफहमी है कि वह पूर्वांचल के हमारे भाइयों को बांग्लादेशी और रोहिंग्या कहेंगे, उन्हें गाली देंगे, उनका वोट कटवाएंगे और मैं चुप रहूंगा। मैं सदन में भी भाजपा से लड़ूंगा और सड़क पर भी लड़ूंगा।

संजय सिंह ने आगे कहा कि आज फिर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने हास्यास्पद बात की। और पता नहीं क्यों वह योगी जी से नाराज हैं? आज अपनी ही पार्टी की सरकार के खिलाफ बोल रहे हैं। भाजपाइयों का पढ़ाई-लिखाई से कोई वास्ता नहीं है। इन्हें कोई जानकारी नहीं। भाजपा वालों को सुबह उठकर केवल एक ही चीज सिखाई जाती है कि झूठ बोलने का काम कैसे करना है। मैंने बताया था कि मेरी पत्नी अनीता सिंह ने अपना वोट कटवाने के लिए 4 जनवरी 2024 को सुल्तानपुर के जिला निर्वाचन आयोग के कार्यालय में दिया।

संजय सिंह ने सुल्तानपुर की वोटर लिस्ट दिखाते हुए कहा कि यह लिस्ट मैं वीरेंद्र सचदेवा, उनकी पार्टी और मोदी जी को भेंट कर रहा हूं जो डिजिटल इंडिया की बात करते हैं। ये लोग जाकर खुद सुल्तानपुर की वोटर लिस्ट भी चेक करें। इसमें मेरी माता जी राधिका सिंह और पिता जी दिनेश सिंह का नाम है। इसके अलावा इस लिस्ट में न मेरा नाम है और न मेरी पत्नी का नाम है। मैंने सुल्तानपुर के उस पूरे बूथ की वोटर लिस्ट मंगा ली है। भाजपा के लोग इस वोटर लिस्ट में मेरा और मेरी पत्नी का नाम ढूंढ कर दिखाएं। जब हमने लिखकर आवेदन दे दिया। मेरी पत्नी ने 4 जनवरी 2024 को आवेदन दिया है और मैंने 2013 में सुल्तानपुर के जिला निर्वाचन आयोग के कार्यालय में आवेदन दिया कि हमारा वोट काट दिया जाए। नगर पालिका का चुनाव राज्य निर्वाचन अधिकारी की देखरेख में होता है। ये लोग कह रहे हैं कि 2018 के नगर पालिका चुनाव में मेरा नाम था। लेकिन नगर पालिका की सूची तो योगी जी के कर्मचारी तैयार करते हैं। जाकर देखो, उनसे बात करो। जब मैंने सूचना दे दी कि आप मेरा नाम यहां से काट दीजिए। मैंने अपनी जिम्मेदारी पूरी कर दी। इसके बाद अगर नगर पालिका की वोटर लिस्ट में मेरा नाम था, तो इसे देखना और इसकी जिम्मेदारी उस कर्मचारी की है, जो वोटर लिस्ट तैयार करता है। भाजपा के नेताओं में इतनी सामान्य समझ तो होनी चाहिए।

संजय सिंह ने कहा कि हम दिल्ली में पूर्वांचल के लोगों का वोट काटने नहीं देंगे। भाजपा वाले इन्हें बांग्लादेशी और रोहिंग्या कहकर अपमानित करना बंद करें। भाजपाइयों को हम पूरी दुनिया और देश के सामने एक्सपोज कर चुके हैं। हमने इनका चुनावी घोटाला पकड़ा है। भाजपा के लोग दिल्ली में वोट कटवाकर चुनाव जीतना चाहते थे, लेकिन उन मनसूबों पर पानी फिर गया है। इसलिए अब विचलित होकर ये लोग कुछ भी बोल रहे हैं। लेकिन इन सबसे कोई फायदा नहीं होने वाला है।

Print Friendly, PDF & Email

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *