*दिल्ली नगर निगम के दिव्यांग महोत्सव में आकर अच्छा लगा एवं शरीर में नई ऊर्जा का संचार हुआ- पैरालंपियन श्री अमित सरोहा
*दिव्यांग महोत्सव के प्रतीक चिन्ह में स्थित 12 आकृतियां निगम के सभी 12 क्षेत्र एवं मध्य में स्थित तीन सामान्य एवं एक दिव्यांग आकृति निगम विद्यालयों में समावेशी शिक्षा का सन्देश दे रही हैं- श्री संजय सिंह
दिल्ली नगर निगम के शिक्षा विभाग द्वारा आज डॉ.साहब सिंह वर्मा स्टेडियम,ककरौला में प्रथम दिव्यांग महोत्सव का रंगारंग उद्घाटन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अर्जुन अवार्डी और पैरालिम्पियन अमित सरोहा ने भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता दिल्ली नगर निगम के शिक्षा निदेशक संजय सिंह द्वारा की गई। कार्यक्रम में अतिरिक्त निदेशक शिक्षा और सभी क्षेत्रों के उपशिक्षा निदेशक,विद्यालय निरीक्षक एवं शिक्षक उपस्थित रहे।
दिल्ली नगर निगम के सभी 12 क्षेत्रों के लगभग 1304 दिव्यांग बच्चो ने इस कार्यक्रम में भाग लिया। दिल्ली नगर निगम का प्रथम दिव्यांग महोत्सव 21 फरवरी से 24 फरवरी 2025 तक डॉ. साहब सिंह वर्मा स्टेडियम,ककरौला में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में सिंगिंग, डांसिंग, फैंसी ड्रेस, टैलेंट हंट, पेंटिंग एंव स्पोर्ट्स के इवेंट्स आयोजित किये जाएंगे।कार्यक्रम में कुल 8 दिव्यांगता के बच्चों को शामिल किया गया है।
अर्जुन अवॉर्डी एवं चार पैरालंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले अमित सरोहा ने इस अवसर पर निगम विद्यालयों के छात्रों के बीच अपने संघर्ष को साझा किया। उन्होंने कहा कि सन् 2007 में एक सड़क हादसे में उनकी रीढ़ की हड्डी में चोट आई। उन्होंने कहा कि जीवन में कुछ भी समझ नहीं आ रहा था कि इतनी बड़ी चोट के बाद जीवन कैसे कटेगा। फिर अस्पताल से आने के बाद उन्होंने पैरालंपिक के बारे में जाना लेकिन कहीं से भी कोई मदद नहीं मिल पा रही थी।
अमित सरोहा ने कहा कि शुरुआत करना सबसे कठिन होता है और मैंने खेलना आरम्भ करने के लिए लड़ाई लड़ी। उन्होंने कहा कि 4 पैरालिंपिक खेलो में भाग लेने वाला मैं पहला भारतीय एथलीट हूं तथा मैंने 5 एशियाई पैरालिंपिक खेलो में मेडल जीते हैं। सरोहा ने कहा कि निगम के शिक्षा विभाग के प्रोत्साहन के बाद बच्चों ने इतने मेडल जीते है जोकि अपने आप में एक बड़ी बात है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के द्वारा किया गया एक छोटा सा सहयोग भी किसी दिव्यांग बच्चे की जिंदगी बदल सकता है ताकि वो भी सम्मानजनक जीवन जी सके।
शिक्षा निदेशक,संजय सिंह ने इस अवसर पर उपस्थित छात्रों,शिक्षकों एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों को प्रथम दिव्यांग महोत्सव के सफल आयोजन की बधाई दी। उन्होंने कहा कि हमें अमित सरोहा जी के जीवन से प्रेरणा मिलती है कि कैसे विषम परिस्थितियों में आगे बढ़ा जा सकता है। इसके साथ ही उन्होंने अमित सरोहा का धन्यवाद भी किया। संजय सिंह ने कार्यक्रम में दिव्यांग बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति की सराहना की तथा शिक्षकों से दिव्यांग छात्रों में प्रतिभा खोजने का अनुरोध किया। उन्होंने ने इस अवसर पर मेडल जीतने वाले दिव्यांग छात्रों का भी धन्यवाद किया।