अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय शतरंज (महिला) टूर्नामेंट 2024-25 में विजेता का खिताब मद्रास विश्वविद्यालय चेन्नई को गया है। इसके साथ ही एडमास विश्वविद्यालय, कोलकाता दूसरे स्थान पर और डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर मराठवाड़ा विश्वविद्यालय, औरंगाबाद तीसरे स्थान पर रहे। एसआरएम विश्वविद्यालय, चेन्नई को चौथा स्थान प्राप्त हुआ। इस संबंध में जानकारी देते हुए डीयू के शारीरिक शिक्षा और खेल निदेशक डॉ. अनिल कुमार कलकल ने बताया कि इस टूर्नामेंट का आयोजन 18 से 20 मार्च तक दिल्ली विश्वविद्यालय के खेल परिसर स्थित मल्टी पर्प्ज हाल में हुआ था।
टूर्नामेंट के समापन समारोह में मुख्य अतिथि डॉ. बलजीत सिंह सेखों, संयुक्त सचिव, एआईयू द्वारा पुरस्कार प्रदान किए गए। सेखों ने विद्यार्थियों के जीवन में खेलों की भूमिका के महत्व पर जोर दिया। टूर्नामेंट का आयोजन बहुत ही सहज और निष्पक्ष तरीके से किया गया। डॉ कलकल ने बताया कि भारतीय विश्वविद्यालय संघ (एआईयू), नई दिल्ली द्वारा अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय शतरंज (महिला) टूर्नामेंट 2024-25 के आयोजन की जिम्मेदारी दिल्ली विश्वविद्यालय को सौंपी गई थी।
उन्होंने बताया कि इस अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय शतरंज (महिला) टूर्नामेंट में 4 जोन से कुल 16 विश्वविद्यालयों ने भाग लिया। उत्तरी जोन से दिल्ली विश्वविद्यालय, पंजाब विश्वविद्यालय चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपी) और पंजाबी विश्वविद्यालय पटियाला थे। पूर्वी जोन से एडमस विश्वविद्यालय पश्चिम बंगाल, हेमचंद यादव विश्वविद्यालय दुर्ग (छतीसगढ़), कलकत्ता विश्वविद्यालय तथा पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय रायपुर (छतीसगढ़) शामिल थे। दक्षिणी जोन से मद्रास विश्वविद्यालय चेन्नई, अन्ना विश्वविद्यालय चेन्नई, भारथिअर विश्वविद्यालय (कोयंबटूर) तमिलनाडु और एसआरएम आईएसटी विश्वविद्यालय तमिलनाडु भाग ले रहे थे। डॉ कलकल ने बताया कि पश्चिम जोन से डॉ. बाबासाहेब अम्बेडकर मराठवाड़ा विश्वविद्यालय, भारती विद्यापीठ डीम्ड यूनिवर्सिटी पुणे, मुंबई विश्वविद्यालय और महाराष्ट्र स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय नासिक भाग ले रहे थे। उन्होंने बताया कि इन 16 टीमों में शतरंज के 96 खिलाड़ी भाग ले रहे थे।