*प्रधानमंत्री कार्यालय के निर्देश पर बनी उच्च स्तरीय कमेटी का अध्यक्ष बनाकर उपमुख्यमंत्री प्रवेश वर्मा को पदोन्नत करके मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के उपर सुपर सी.एम. बनाया है, जबकि प्रवेश वर्मा मुख्यमंत्री के अंतर्गत मंत्रिमंडल के सदस्य है। – देवेन्द्र यादव
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षदेवेन्द्र यादव ने प्रधानमंत्री कार्यालय के निर्देश पर दिल्ली में गठित की गई उच्च स्तरीय कमेटी को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि क्या अब दिल्ली के लोगों द्वारा चुनी हुई सरकार को प्रधानमंत्री कार्यालय चलाएगा। यादव ने याद दिलाया कि दिल्ली में कांग्रेस की सरकार थी और एक समय केन्द्र में भी कांग्रेस की अगुवाई वाली सरकार थी परंतु उस समय केन्द्र सरकार ने दिल्ली सरकार कार्यो में कभी हस्तक्षेप नही किया। इसलिए शीला दीक्षित सरकार ने दिल्ली विकास के ऐतिहासिक कार्य किए थे।
देवेन्द्र यादव ने कहा कि जनता के सामने सवाल यह उठता है कि दिल्ली की महिला मुख्यमंत्री की क्या भूमिका रहेगी। ऐसे समय में जब प्रधानमंत्री कार्यालय की उच्च स्तरीय कमेटी दिल्ली सरकार के कामों पर पूरी निगरानी रखेगी। सवाल यह भी उठता है कि क्या प्रधानमंत्री कार्यालय को दिल्ली की मुख्यमंत्री की कार्य क्षमता पर भरोसा नही या वे डमी मुख्यमंत्री बनकर रह जाऐंगी।
देवेन्द्र यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री कार्यालय द्वारा गठित उच्चस्तरीय कमेटी का मुखिया प्रवेश वर्मा को बनाया गया है जिसका सीधा अर्थ निकलता है कि उपमुख्यमंत्री प्रवेश वर्मा को पदोन्न्त करके मोदी जी ने सुपर सी.एम. बनाकर मुख्यमंत्री पद से भी बड़ा बनाकर दिल्ली की सत्ता को चलाने का कार्यभार सौंप दिया है, जबकि प्रवेश वर्मा मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता के अंतर्गत मंत्रीमंडल के सदस्य है।
देवेन्द्र यादव ने कहा कि दिल्ली सरकार के गठन के समय उप मुख्यमंत्री प्रवेश वर्मा दिल्ली के मुख्यमंत्री बनने के प्रबल दावेदार थे, परंतु भाजपा उच्च नेतृत्व ने रेखा गुप्ता को मुख्यमंत्री बना दिया था। जिससे प्रवेश वर्मा नाराज थे और उनकी नाराजगी कई दिनों उनके व्यवहार और उनके नजदीकियों ने सोशल मीडिया के प्लेटफार्म पर खुले रूप से उजागर की थी। श्री यादव ने कहा कि कहीं ऐसा तो नही है कि प्रवेश वर्मा को इस उच्च स्तरीय कमेटी का अध्यक्ष बनाकर प्रवेश वर्मा की नाराजगी को दूर करने का प्रयास किया गया है।


