राहुल बोले- आरएसएस-भाजपा जातिगत जनगणना को रोकने का प्रयास कर रहे, लेकिन कोई भी ताकत इसे रोक नहीं सकती

Listen to this article

*बिहार में कांग्रेस सामाजिक न्याय की राह पर, गरीबों और कमजोर वर्गों को साथ लेकर आगे बढ़ेगी: राहुल गांधी

*देश में दलित, महिला, आदिवासी, अल्पसंख्यक सेकंड क्लास के नागरिक के समान

वरिष्ठ कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने देश में व्याप्त आर्थिक और सामाजिक असमानता पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए भाजपा-आरएसएस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत जातीय जनगणना के खिलाफ हैं, लेकिन कांग्रेस मानती है कि यह एक क्रांतिकारी कदम है। आरएसएस-भाजपा इसे रोकने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन कोई भी ताकत इसे रोक नहीं सकती।

राहुल गांधी सोमवार को बिहार के पटना में संविधान सुरक्षा सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले राहुल गांधी ने बेगूसराय में ‘पलायन रोको और नौकरी दो’ यात्रा में हिस्सा लिया, जहां हजारों युवाओं का जनसैलाब उन्हें अपना समर्थन देने के लिए उमड़ पड़ा। 

संविधान सुरक्षा सम्मेलन को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने विभिन्न क्षेत्रों में दलितों, पिछड़े वर्गों, आदिवासियों और अल्पसंख्यकों के साथ हो रहे भेदभाव का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि देश की आबादी में 90 प्रतिशत से ज्यादा जिन वर्गों का हिस्सा है, उनके लोग उच्च पदों पर नहीं हैं। जातिगत जनगणना से पता चलेगा कि किसके पास कितना धन है और किस जाति के लोग किन पदों पर हैं। उन्होंने तेलंगाना में कांग्रेस सरकार द्वारा कराई गई जाति जनगणना के परिणामों का हवाला देते हुए कहा कि सरकारी और निजी क्षेत्रों की बड़ी कंपनियों में इन वर्गों के लोगों की नगण्य उपस्थिति है, जबकि मेहनत-मजदूरी करने वाले कामों में इनकी संख्या बहुत अधिक है। उन्होंने देश में 50 प्रतिशत आरक्षण की सीमा को तोड़ने को लेकर अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि सभी वर्गों को उनका उचित हक दिलाने के लिए यह आवश्यक है। उन्होंने आगे कहा कि देश में दलित, पिछड़े, आदिवासी, अति पिछड़े, अल्पसंख्यक, महिलाएं सेकंड क्लास के नागरिक हैं।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने संविधान के खिलाफ काम करने को लेकर भी भाजपा-आरएसएस को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि देश के संविधान में सावरकर की सोच नहीं है, क्योंकि वे सच्चाई का सामना नहीं कर पाए। इसमें महात्मा गांधी, जवाहर लाल नेहरू और अंबेडकर जैसे लोगों की सोच है। संविधान हजारों साल पुरानी विचारधारा का रक्षक है। लोकसभा नतीजों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा 400 पार कर संविधान बदलने की बात कर  रही थी, लेकिन जब जनता और इंडिया गठबंधन खड़ा हुआ तो उन्हें संविधान माथे से लगाना पड़ा।
 

राहुल गांधी ने बिहार की नीतीश सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि बिहार सरकार जो काम कर रही है, उससे अडाणी-अंबानी को फायदा हो रहा है।

बिहार में कांग्रेस पार्टी की भूमिका पर बात करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि उनकी पार्टी गरीब और कमजोर वर्गों को साथ लेकर आगे बढ़ने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि पार्टी ने हाल ही में अपने जिला अध्यक्षों की नियुक्ति में भी सामाजिक न्याय का ध्यान रखा है।

Print Friendly, PDF & Email

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *