प्रियंका गांधी बोलीं- अमेरिका के सामने झुककर व्यापार समझौता करने और पश्चिम एशिया युद्ध से देश में संकट बढ़ेगा

Listen to this article

देश पर मंडराते ऊर्जा संकट के बीच कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने कहा है कि मोदी सरकार के अमेरिका के सामने झुककर व्यापार समझौता करने और पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध के कारण आने वाले समय में देश में संकट बढ़ सकता है और सरकार की गलत नीतियों का खामियाजा देश के आम लोग भुगत रहे हैं।

संसद परिसर में पत्रकारों के सवालों के जवाब में केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी हमेशा सच बोलते हैं और वो देश में ऐसे नेता हैं जो सत्ता के सामने झुके नहीं हैं, इसलिए उन पर लगातार व्यक्तिगत टिप्पणियां की जाती हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी बिना झिझके सच बोलते हैं और मोदी सरकार सच को स्वीकार नहीं कर पाती है, इसीलिए बार-बार उन पर वार करती है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने राहुल गांधी की छवि खराब करने के लिए करोड़ों रुपये खर्च किए, सोशल मीडिया और मीडिया में अभियान चलाए, लेकिन सब विफल रहा।

कांग्रेस महासचिव ने कहा कि सरकार महंगाई, बेरोजगारी और किसानों के संघर्ष जैसे मुद्दों पर चर्चा से बच रही है। उन्होंने याद दिलाया कि संसद में वंदे मातरम पर घंटों चर्चा की जाती है, नेहरू जी और इंदिरा जी की आलोचना की जाती है, लेकिन देश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और किसानों के संघर्ष पर बात नहीं होती। देश की संपत्ति अडानी-अंबानी को क्यों सौंप दी गई है और अमेरिका को सब कुछ थाली में परोसकर क्यों दिया जा रहा है, इस पर सरकार से कोई जवाब नहीं मिलता।

प्रियंका गांधी ने कहा कि मोदी सरकार की नीतियों की वजह से देश में संकट पैदा हो रहा है और आम लोग इसका खामियाजा भुगत रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन मुद्दों पर चर्चा होनी चाहिए, लेकिन भाजपा नेता राहुल गांधी के कपड़ों पर चर्चा कर रहे हैं, क्योंकि उनके पास महत्वपूर्ण सवालों का कोई जवाब नहीं है।

कांग्रेस महासचिव ने कहा कि मोदी सरकार ने लोकसभा स्पीकर की स्वतंत्रता छीन ली है और सदन को कमजोर कर दिया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि भाजपा हर संस्था को खत्म करने की कोशिश कर रही है, जबकि कांग्रेस हर उस संस्था को बचाने के लिए लड़ रही है, जिसके ऊपर भारत का लोकतंत्र टिका हुआ है। प्रियंका गांधी ने कहा कि भाजपा को यही बातें पचती नहीं हैं, इसलिए वह सदन को असली मुद्दों से भटकाने की कोशिश करती है। उन्होंने अपनी दादी इंदिरा गांधी के कथन को दोहराते हुए कहा कि कोई नकली छवि बनाने की कोशिश करे या झूठी इमेज दिखाए, अंततः देश की जनता उसकी सच्चाई जान ही जाएगी।

Print Friendly, PDF & Email

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *