- निगम अधिकारियों को चैत्र नवरात्र के दृष्टिगत मंदिरों के आसपास स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश: महापौर सरदार राजा इक़बाल सिंह
- चैत्र नवरात्र के दौरान मंदिरों के आसपास चलाया जाएगा विशेष स्वच्छता अभियान: महापौर सरदार राजा इकबाल सिंह
- महापौर स्वच्छता व्यवस्थाओं की समीक्षा हेतु शहर के विभिन्न मंदिरों का करेंगे निरीक्षण
चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर दिल्ली के माननीय महापौर सरदार राजा इकबाल सिंह ने दिल्ली नगर निगम के अधिकारियों को राष्ट्रीय राजधानी के सभी प्रमुख मंदिरों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने तथा नागरिक व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए हैं।
त्योहार के दौरान स्वच्छता बनाए रखने के महत्व पर बल देते हुए महापौर ने निर्देश दिया कि मंदिरों के अंदर एवं आसपास व्यापक स्वच्छता उपाय सुनिश्चित किए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ, स्वास्थ्यकर एवं सुविधाजनक वातावरण प्राप्त हो सके। उन्होंने निगम अधिकारियों को सभी प्रमुख मंदिरों के साथ-साथ उनके आसपास के क्षेत्रों में विशेष सफ़ाई अभियान चलाने के भी निर्देश दिये है।
इस पहल के तहत नियमित सफाई एवं कचरा संग्रहण सुनिश्चित करने के लिए सफाई कर्मचारियों की समर्पित टीमें तैनात की जाएंगी। महापौर ने विशेष रूप से निर्देश दिया है कि मंदिर परिसरों के आसपास प्रतिदिन कम से कम दो बार सफाई की जाए, ताकि कचरे का जमाव न हो और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
स्वच्छता उपायों के अतिरिक्त, महापौर ने अधिकारियों को मंदिर परिसरों के भीतर एवं आसपास एंटी-मच्छर छिड़काव अभियान चलाने के भी निर्देश दिए हैं, ताकि जनस्वास्थ्य की दृष्टि से आवश्यक सावधानियां बरती जा सकें। यह कदम नागरिकों के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा त्योहार के दौरान सुरक्षित वातावरण बनाए रखने के उद्देश्य से उठाया गया है।
महापौर ने कहा कि वे स्वयं शहर के विभिन्न मंदिरों का दौरा एवं निरीक्षण करेंगे, ताकि व्यवस्थाओं की समीक्षा की जा सके और यह सुनिश्चित किया जा सके कि निर्देशों का पालन पूर्ण रूप से किया जा रहा है।












