Listen to this article

नई दिल्ली के धौला कुआँ स्थित भगवान महावीर मेमोरियल में मंगलवार, को ‘भगवान महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव’ का भव्य आयोजन अत्यंत श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। इस सामूहिक कार्यक्रम में समस्त जैन समाज ने सपरिवार सम्मिलित होकर तीर्थंकर महावीर के सिद्धांतों को याद किया। इस पावन अवसर पर आचार्य श्री महाश्रमण जी के विद्वान शिष्य डॉ. मुनिश्री अभिजीत कुमार जी एवं मुनिश्री जागृत कुमार जी का पावन सानिध्य और आशीर्वचन प्राप्त हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारत सरकार के केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री, माननीय श्री गजेंद्र सिंह शेखावत रहे, जिन्होंने भगवान महावीर के शांति और अहिंसा के संदेश की प्रासंगिकता पर बल दिया। अति विशिष्ट अतिथियों के रूप में दिल्ली सरकार के समाज कल्याण मंत्री माननीय श्री रविंद्र सिंह ‘इंद्रराज’, दिल्ली की सांसद सुश्री बांसुरी स्वराज और भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष माननीय श्री श्याम जाजू ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। दिल्ली पुलिस के उपायुक्त राजा बांठिया ने विषय प्रस्तुति के माध्यम से विचार साझा किए।
समारोह का एक मुख्य आकर्षण फरीदाबाद के राजकुमार ओसवाल को “जैन समाज रत्न” अलंकार से सम्मानित करना रहा, जिन्हें समाज के प्रति उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए यह गौरव प्रदान किया गया। कार्यक्रम का आयोजन भगवान महावीर मेमोरियल समिति के अध्यक्ष के.एल. जैन और जैन महासभा दिल्ली के अध्यक्ष श्री दिनेश दोशी के कुशल नेतृत्व में सफलतापूर्वक किया गया। अंत में, सभी उपस्थित श्रद्धालुओं ने साधार्मिक वात्सल्य भोज का लाभ उठाया। यह आयोजन जैन समाज की एकता और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण का एक अनुपम उदाहरण बनकर उभरा।

Print Friendly, PDF & Email

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *