दिल्ली पुलिस के रोहिणी जिले की स्पेशल स्टाफ ने म्यांमार से मणिपुर और उत्तर प्रदेश के रास्ते दिल्ली एनसीआर में फैले अंतरराष्ट्रीय हेरोइन तस्करी नेटवर्क भंडाफोड़ किया है। जानकारी के अनुसार थाना बुद्ध विहार के केस दर्ज एफआईआर के तहत की गई कार्रवाई में कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी के नाम समीर अहमद (21), आशीष सोनी (29), मनोज सोनी उर्फ विक्की (30), संध्या (30), मेहनाज उर्फ बेजी (51), यूनुस (28), सब्बीर (40), मोहम्मद इस्तफाम (28) और फुंद्रीमयुम अमजद अली (34)। इनमें कई आरोपी परिवार आधारित ड्रग सिंडिकेट से जुड़े हैं और पहले भी एनडीपीएस मामलों में शामिल रहे हैं। आरोपियों 1568 ग्राम हेरोइन और 506 ग्राम कच्ची अफीम बरामद की गई है। बताया जाता है कि जब्त कच्ची अफीम से लगभग 1.5 से 2 किलो हेरोइन तैयार की जा सकती थी, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 16 करोड़ रुपये आंकी गई है।
जांच में पता चला कि पहले से गिरफ्तार मनोज सोनी से कई अन्य लोग जुड़े हैं। उसकी निशानदेही पर 21 अप्रैल को तिलक नगर से संध्या (30) को 278 ग्राम हेरोइन के साथ पकड़ा गया। संध्या से पूछताछ के बाद 7 मई को बरेली से मेहनाज उर्फ बेजी (51) को 58 ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया गया। मेहनाज की निशानदेही पर 12.05.2026 को शाहजहांपुर से यूनुस को 578 ग्राम हेरोइन के साथ दबोचा गया। यूनुस ने खुलासा किया कि वह मणिपुर से कच्ची अफीम लाकर अपने घर पर हेरोइन बनाता था। उसकी सूचना पर 17 मई को बाराबंकी से सब्बीर (40) को 300 ग्राम हेरोइन के साथ पकड़ा गया। बताया जाता है कि यूनुस के खुलासे पर 20 मई को स्पेशल स्टाफ की टीम इम्फाल, मणिपुर पहुंची। लगातार छापेमारी के बाद मोहम्मद इस्तफाम (28) और फुंद्रीमयुम अमजद अली (34) को बोलेरो कार से 506 ग्राम कच्ची अफीम की डिलीवरी करते हुए गिरफ्तार किया गया। अफीम कार के गियरबॉक्स में छिपाई गई थी। कार भी जब्त कर ली गई है। आरोपियों ने बताया कि वे म्यांमार सीमा से माल लाते थे। यह ‘गोल्डन रूट’ कहलाता है। पकड़े जाने से बचने के लिए ये हवाई मार्ग से इम्फाल जाते और डिलीवरी लेकर बस-ट्रेन से लौटते थे।
आइए देखते हैं टोटल ख़बरें के वरिष्ठ संवाददाता राजेश खन्ना की रिपोर्ट में
बहरहाल पुलिस ने अब तक 1568 ग्राम हेरोइन, 506 ग्राम कच्ची अफीम, एक मोटरसाइकिल और एक बोलेरो कार जब्त की गई है। टोटल ख़बरें दिल्ली से राजेश खन्ना की विशेष रिपोर्ट ।






