नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में सार्वजनिक परिवहन को और अधिक सुलभ, किफायती और सुविधाजनक बनाने के लिए दिल्ली ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (DTC) ने एक बड़ी पहल की है। दिल्ली सरकार ने रिहायशी और ग्रामीण-शहरी इलाकों को मुख्य ट्रांसपोर्ट कॉरिडोर से जोड़ने के लिए नए बस रूटों की शुरुआत की है और कुछ पुराने रूटों का विस्तार किया है। इस कदम से दिल्ली के बाहरी व तेजी से विकसित हो रहे इलाकों में रहने वाले लाखों नागरिकों को सीधे तौर पर फायदा पहुंचेगा।
इस बात की घोषणा करते हुए दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता के नेतृत्व में सरकार का मुख्य उद्देश्य ‘लास्ट-माइल कनेक्टिविटी’ को सुधारना है। सरकार की यह प्रतिबद्धता है कि दिल्ली के प्रत्येक नागरिक को उसके घर के पास ही सुरक्षित, सुलभ और प्रदूषण रहित सार्वजनिक परिवहन की उत्तम सुविधा मिल सके।
ग्रामीण इलाकों के लिए नया रूट 806A शुरू
डीटीसी ने पायलट आधार पर दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के द्वारका मोड़ और पापरावत गांव के बीच एक नया रूट ‘806A’ शुरू किया है। यह बस सेवा पापरावत गांव, नांगली सकरावती, ककरोला और उसके आस-पास के इलाकों के नागरिकों को मुख्य शहर से सीधी कनेक्टिविटी देगी। इस रूट के शुरू होने से इन इलाकों के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हुई है, जिससे अब स्थानीय निवासियों की बीच के अन्य महंगे परिवहन साधनों पर निर्भरता कम होगी और उनका सफर किफायती बनेगा।
‘देवी रूट D-6606’ से जुड़ेंगे नए रिहायशी इलाके
फर्स्ट और लास्ट-माइल कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए डीटीसी ने ‘देवी रूट D-6606’ भी लॉन्च किया है। यह रूट उत्तम नगर टर्मिनल को डीडीए फ्लैट्स बक्करवाला से जोड़ता है। इस रूट के जरिए बक्करवाला, काकरोला, मटियाला और द्वारका सेक्टर जैसे तेजी से विकसित हो रहे रिहायशी इलाकों को कवर किया जाएगा। इन क्षेत्रों को प्रमुख मेट्रो स्टेशनों से जोड़कर यह सर्विस छात्रों, कामकाजी लोगों और व्यापारियों को सीधे तौर पर फायदा पहुंचाएगी।
द्वारका सेक्टर-23B तक बढ़ा रूट RL-79
यात्रियों की सुविधा के लिए दिल्ली के ट्रांसपोर्ट नेटवर्क को और मजबूत करते हुए रूट नंबर RL-79 में भी बड़ा विस्तार किया गया है। अब इस रूट की बसें द्वारका सेक्टर-23 पोचनपुर से आगे बढ़कर द्वारका सेक्टर-23B (महादेव अपार्टमेंट्स) तक जाएंगी। इस विस्तार के बाद नई दिल्ली रेलवे स्टेशन और द्वारका के इन नए रिहायशी इलाकों के बीच सीधी बस कनेक्टिविटी स्थापित हो गई है, जिससे महादेव अपार्टमेंट्स और आस-पास की कॉलोनियों के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
ग्रीन और सतत परिवहन को बढ़ावा देगी दिल्ली सरकार
परिवहन मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने जोर देकर कहा कि ये नई पहल सार्वजनिक परिवहन को अधिक समावेशी बनाने के साथ-साथ पूरी दिल्ली में ‘ग्रीन मोबिलिटी’ (सतत परिवहन) के इस्तेमाल को बढ़ावा देने की कोशिशों का हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार भविष्य में भी यात्रियों की जरूरतों का लगातार आकलन करती रहेगी और राजधानी के सभी नागरिकों के लिए एक इंटीग्रेटेड पब्लिक ट्रांसपोर्ट प्रणाली को सुनिश्चित करने के लिए रूटों में सुधार का काम जारी रखेगी।












