नई दिल्ली, 4 अगस्त 2026: दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने मंगलवार को दिल्ली सचिवालय में ‘टीबी मुक्त भारत अभियान’ के तहत आयोजित जनप्रतिनिधियों की सेंसिटाइजेशन वर्कशॉप में मुख्य अतिथि के रूप में हिस्सा लिया। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन और दिल्ली राज्य स्वास्थ्य मिशन द्वारा आयोजित इस कार्यशाला में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘टीबी मुक्त भारत’ केवल एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि जनभागीदारी से संचालित एक राष्ट्रीय जन-आंदोलन बन चुका है।
इस अवसर पर दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह, सांसद, विधायक, पार्षद, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और स्वास्थ्य विभाग के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
प्रदर्शनी और ‘निक्षय मित्र’ स्टॉल का निरीक्षण
कार्यक्रम के दौरान टीबी जागरूकता पर आधारित एक विशेष वीडियो और दिल्ली में अभियान की उपलब्धियों पर विस्तृत प्रस्तुति दी गई। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने टीबी उन्मूलन अभियान से संबंधित जागरूकता स्टॉलों का निरीक्षण किया।
विशेष रूप से ‘निक्षय मित्र’ स्टॉल का जायजा लेते हुए मुख्यमंत्री ने टीबी मरीजों को दी जा रही पोषण सहायता, सामुदायिक सहयोग और डिजिटल ट्रैकिंग व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस अभियान को प्रत्येक वार्ड, विधानसभा और स्थानीय स्तर तक पहुंचाया जाए ताकि अधिक से अधिक नागरिक इस सामाजिक पहल से जुड़ सकें।
“समय पर जांच और पूरा इलाज ही टीबी का पक्का समाधान”
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार टीबी उन्मूलन के लक्ष्य को हासिल करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। दिल्ली प्रतिवर्ष टीबी मरीजों के नोटिफिकेशन लक्ष्य का 95 प्रतिशत से अधिक हासिल करने में सफल रही है।
उन्होंने जनप्रतिनिधियों का आह्वान करते हुए कहा कि सांसद, विधायक और पार्षद सीधे जनता से जुड़े होते हैं। यदि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को जागरूक करें और टीबी से जुड़ी सामाजिक भ्रांतियों को दूर करें, तो मरीज खुलकर सामने आएंगे और पूरा इलाज लेंगे।
3,300 निक्षय मित्र और 1.2 लाख पोषण किट वितरित
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आम जनता, कॉर्पोरेट घरानों, RWA, व्यापारिक और सामाजिक संगठनों से ‘निक्षय मित्र’ बनने की अपील की। उन्होंने बताया कि:
- दिल्ली में अब तक 3,300 से अधिक निक्षय मित्र टीबी मरीजों की मदद के लिए जुड़ चुके हैं।
- निक्षय मित्रों के सहयोग से टीबी मरीजों को 1.2 लाख से अधिक पोषण आहार किट (Food Baskets) बांटे जा चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक निक्षय मित्र केवल राशन या पोषण सहायता ही नहीं देता, बल्कि मरीज को यह भरोसा दिलाता है कि पूरा समाज उसके साथ खड़ा है।
‘टीबी मुक्त दिल्ली’ की सामूहिक शपथ
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सभी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने ‘टीबी मुक्त भारत’ की सामूहिक शपथ ली।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि दिल्ली सरकार मुख्यमंत्री के नेतृत्व में जनस्वास्थ्य सेवाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि डॉक्टरों, स्वास्थ्यकर्मियों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों के साझा प्रयासों से दिल्ली को जल्द ही टीबी-मुक्त बनाया जाएगा।










