नोएडा सेक्टर-62 स्थित एक्सपो सेंटर के समीप 12वें विशाल कांवड़ सेवा शिविर में छठवें दिन गौरी शिक्षा फाउंडेशन के चेयरमैन मुकेश शर्मा ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में गौरी शिक्षा फाउंडेशन के चेयरमैन मुकेश शर्मा पहुंचे, जिनका शिविर के आयोजक सरोकार मीडिया ग्रुप के प्रबंध संपादक निशांत शर्मा व पत्रकार प्रदीप मिश्रा एवं अन्य लोगों ने फूल-मालाओं और अंगवस्त्र पहनाकर भव्य स्वागत किया।
शिविर पहुंचने के बाद उन्होंने कांवड़ यात्रियों से बातचीत की और सेवा सुविधाओं की जानकारी ली। श्रद्धालुओं को फल व फ्रूटी वितरित करने के साथ उन्होंने भोजन, पेयजल, चिकित्सा तथा विश्राम के प्रबंधों का अवलोकन किया। उन्होंने सेवा में जुटे कार्यकर्ताओं के प्रयासों की प्रशंसा की।
मुकेश शर्मा ने कहा कि युवाओं की सक्रियता सामाजिक बदलाव का आधार बन सकती है। उन्होंने नई पीढ़ी से धार्मिक आयोजनों में केवल भागीदारी तक सीमित न रहने, बल्कि जरूरतमंदों की सहायता के लिए स्वयं आगे आने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि सेवा के दौरान दिया गया समय और श्रम समाज के लिए उपयोगी योगदान है। कांवड़ यात्रियों से भी उन्होंने शालीनता, अनुशासन और यातायात नियमों का पालन करते हुए यात्रा करने की अपील की।
इस दौरान कार्यक्रम में समाजसेवी रिंकू सिंह राठौड़, भव्य वैद, आशीष शर्मा, शुभम आचार्य, वसुधा, दीपक, गोपाल यादव सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता, उद्योग जगत से जुड़े लोग, गणमान्य नागरिक एवं शिवभक्त उपस्थित रहे।
