मेगा सफाई अभियान के तहत मेयर डॉ शैली ओबरॉय ने लगाई झाड़ू, अनाधिकृत कूड़ा स्थलों पर गमले रखने के दिए निर्देश

Listen to this article

मेयर ने ‘अब दिल्ली होगी साफ’ पहल के तहत विष्णु गार्डन और मादीपुर वार्ड में किया निरीक्षण

  • जिन वार्डों में अनाधिकृत कूड़ा स्थल हैं वहां पर सफाई करने के बाद गमले रखे जाएंगे, ताकि कोई दोबारा कूड़ा न डाले- डॉ. शैली ओबरॉय
  • अभियान के तीसरे दिन भी सभी 250 वार्डों में व्यापक स्तर पर साफ़-सफ़ाई के कार्य किए गए हैं- डॉ. शैली ओबरॉय
  • सफ़ाई कर्मचारियों को पहली तारीख़ को सैलरी मिल रही है, पूरे जोश के साथ फ़ील्ड में मेहनत कर रहे हैं- डॉ. शैली ओबरॉय
  • केजरीवाल सरकार के नेतृत्व में दिल्ली नगर निगम ‘कचरा मुक्त दिल्ली’ के लक्ष्य को साकार करके दिखाएगा- डॉ. शैली ओबरॉय

सीएम अरविंद केजरीवाल के विजन ‘अब दिल्ली होगी साफ’ को साकार करने के लिए मेयर डॉ शैली ओबरॉय मेगा सफाई अभियान की खुद मॉनिटरिंग कर रही हैं। मेयर डॉ शैली ओबरॉय ने आज विष्णु गार्डन वार्ड व मादीपुर वार्ड में निरीक्षण किया। यहां पर विधायक व पार्षद के साथ झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया और सफ़ाई कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जिन वार्डों में अनाधिकृत कूड़ा स्थल हैं, वहां पर सफाई करने के बाद गमले रखे जाएंगे, ताकि कोई दोबारा कूड़ा न डाले। अभियान के तीसरे दिन भी सभी 250 वार्डों में व्यापक स्तर पर साफ़-सफ़ाई व सौंदर्यीकरण कार्य किए गए हैं।

मेयर डॉ शैली ओबरॉय ने क्षेत्रीय विधायक धनवती चंदेला व पार्षद मीनाक्षी चंदेला के साथ सबसे पहले पश्चिमी जोन के वार्ड 95 विष्णु गार्डन में मुख्य सड़कों और गलियों
की सफाई का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए वार्ड में जहां ज़्यादा कूड़ा होता है उन स्थानों को चिन्हित किया जाए। वहाँ साफ़ सफ़ाई व सौंदर्यीकरण कार्य किये जाएं। सड़कों पर पड़े अवैध कूड़े को हटाकर तत्काल गमले रखे जाएं।

इसके बाद मेयर डॉ शैली ओबरॉय ने स्थानीय पार्षद साहिल गंगवाल के साथ वार्ड 93 मादीपुर का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान यह पाया कि एक बंद शौचालय के अंदर कूड़े का ढेर लगा हुआ है। उन्होंने मौक़े पर ही अधिकारियों को निर्देश दिए कि इसे साफ कराकर लाइब्रेरी बनायी जाए। क्षेत्र की आंतरिक सड़कों व गलियों की विशेष रूप से सफ़ाई कराई जाए। इस बात पर विशेष ध्यान दिया जाए कि सड़कों के किनारों पर कूड़े का ढेर न लगा हो। इस दौरान मेयर ने क्षेत्र के सामुदायिक केंद्रों की मरम्मत के भी निर्देश दिए।

मेयर डॉ शैली ओबरॉय ने कहा कि दिल्ली नगर निगम यह मेगा सफाई अभियान पूरे वर्ष चलाएगा। इसके अंतर्गत तीन हजार टीमों का गठन किया गया है। हर टीम 50 गलियों का निरीक्षण करेगी। वे भी बिना किसी पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के वार्डों का दौरा करती रहेंगी, ताकि
सफ़ाई अभियान की वास्तविकता पता किया जा सके।इस अभियान में विधायक, पार्षद, अधिकारी सभी जुड़ेंगे और अपनी सक्रिय सहभागिता के साथ दिल्ली को सुंदर व साफ़ बनाएंगे। सीएम अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में दिल्ली नगर निगम ‘कचरा मुक्त दिल्ली’ के लक्ष्य को सफल करके दिखाएगा।‌ निरीक्षण कार्यक्रम में पश्चिमी ज़ोन के उपायुक्त संदीप शर्मा सहित निगम के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

पहली तारीख को सैलरी मिलने से सफाई कर्मचारी खुश

निरीक्षण के दौरान मेयर ने सफ़ाई कर्मचारियों से भी बातचीत की और उनकी समस्याओं को सुना। इस दौरान सफाई कर्मियों ने तालियां बजाकर गर्मजोशी से मेयर की स्वागत किया। सफाई कर्मचारियों ने कहा कि पहली तारीख़ को ही सैलरी मिल रही है,‌इसलिए वे काफ़ी ख़ुश व उत्साहित हैं। मेयर ने कहा कि सैलरी समय से मिलने से‌ खुश ‌सफाई कर्मी पूरे जोश के साथ फ़ील्ड में मेहनत कर रहे हैं।

Print Friendly, PDF & Email

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *