राजस्थान में दोबारा कांग्रेस सरकार बनने पर परिवार की महिला मुखिया को मिलेंगे सालाना 10 हजार रु

Listen to this article

*एक करोड़ पांच लाख परिवारों को 500 रु में मिलेगा सिलेंडर

*कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी की राजस्थान के झुंझुनू में आयोजित विशाल रैली में हुई घोषणा

*राजस्थान में भाजपा बिखरी हुई पार्टी, जो जनता के भविष्य को ध्यान में नहीं रख रही- प्रियंका गांधी

*पीएम मोदी की घोषणाएं खोखली हैं और लिफाफे खाली हैं

राजस्थान में दोबारा से कांग्रेस सरकार बनने परिवार की महिला मुखिया को हर साल 10 हजार रु दिए जाएंगे और एक करोड़ पांच लाख परिवारों को 500 रु में गैस सिलेंडर मिलेगा। यह घोषणाएं राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी की झुंझुनू में आयोजित विशाल रैली में की। इस दौरान विशाल जनसैलाब को संबोधित करते हुए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला और राजस्थान में भाजपा की गुटबाजी पर भी तंज कसा।

विशाल रैली में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट, प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा समेत कांग्रेस के तमाम वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भाजपा की गुटबाजी पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा राजस्थान में अपने लोगों को समेट नहीं पा रही है, खुद एक नहीं हो पा रही है। भाजपा अपने वरिष्ठ नेताओं को मार्गदर्शक मंडल में डाल रही है। भाजपा बिखरी हुई पार्टी है, जो जनता के भविष्य को ध्यान में नहीं रख रही है। वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस पार्टी है, जिसके सभी नेता जनता के लिए समर्पित हैं। मोदी जी आकर कहते हैं कि मुझे वोट दो, वे सीएम तो नहीं बनेंगे। वे तो पीएम हैं।

प्रियंका गांधी ने कांग्रेस सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि राजस्थान में 25 लाख रु तक का स्वास्थ्य बीमा मिल रहा है। एक हजार इंदिरा रसोई में आठ रु में पौष्टिक आहार मिल रहा है। 500 रु में गैस सिलेंडर मिल रहा है। एक करोड़ लोगों को बिजली फ्री मिली है। मिनिमम इनकम गारंटी एक्ट लागू किया। पांच लाख गिग वर्कर्स के लिए कानूनी सुरक्षा है। 12वीं कक्षा तक शिक्षा मुफ्त है। नौ सरकारी यूनिवर्सिटी और 309 नए कॉलेज खुले हैं। 2,500 नए महात्मा गांधी राजकीय स्कूल खोले गए हैं। हर जिले में अस्पताल, नर्सिंग होम हैं। सरकारी नौकरियों में ठेका प्रथा खत्म की। 21 लाख किसानों का 14 हजार करोड़ का कर्ज माफ हुआ है। अन्नपूर्णा फूड पैकेट मिल रहा है। मोदी सरकार ने महंगाई इतनी बढ़ा दी कि राज्य सरकार को महंगाई राहत कैंप लगाने पड़ रहे हैं।

देवनारायण जी के मंदिर में प्रधानमंत्री मोदी द्वारा डाले गए लिफाफे में से केवल 21 रु निकलने की टीवी पर दिखाई गई घटना का जिक्र करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि मोदी जी की घोषणाएं खोखली हैं और लिफाफे खाली हैं। मोदी सरकार ने महिला आरक्षण देने का समय नहीं बताया, उसी प्रकार ईआरसीपी का वादा पूरा नहीं किया, यानी मोदी जी का लिफाफा खाली है। भाजपा ने कहा था कि वह एससी, एसटी, ओबीसी के लिए काम करेगी। लेकिन जब कांग्रेस जाति जनगणना की बात करती है तो भाजपा चुप हो जाती है। क्योंकि मोदी जी का लिफाफा खाली है। वहीं कांग्रेस ने जितनी गारंटी दी हैं, उन्हें जमीन पर उतार रही है।

प्रियंका गांधी ने कहा कि मोदी सरकार के पास कोई विजन नहीं है। आज 45 सालों में देश में सबसे ज्यादा बेरोजगारी है। मोदी सरकार रोजगार पैदा नहीं कर रही। मोदी सरकार सिर्फ अपने दो पूंजीपति मित्रों के लिए काम कर रही है। पीएम मोदी ने देश की सरकारी कंपनियां अपने पूंजीपति मित्रों को सौंप दी। रोजगार इन्हीं सारे संस्थानों से आते थे, लेकिन उनका निजीकरण कर दिया। मोदी सरकार ने अग्निवीर योजना लाकर युवाओं का भविष्य बर्बाद कर दिया। जीएसटी-नोटबंदी से रोजगार देने वाले छोटे व्यापारों को खत्म कर दिया। खेती-किसानी भी रोजगार का बड़ा जरिया था, लेकिन मोदी सरकार ने कृषि कानून से इसे खत्म करने का प्रयास किया। जब चुनाव आया, तब जाकर मोदी सरकार ने कृषि कानून वापस लिए। मोदी सरकार से कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन और किसानों के कर्ज माफ़ी की मांग की जाती है तो कहा जाता है कि पैसा नहीं है। अगर पैसा नहीं है तो पीएम मोदी के उद्योगपति मित्रों का हजारों करोड़ रु का कर्ज कैसे माफ हो रहा है। पीएम मोदी के हजारों करोड़ के हवाई जहाज के लिए पैसे कहां से आए?

Print Friendly, PDF & Email

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *