- ईडी भाजपा मुख्यालय में बैठकर अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी की रणनीति बना रही है और भाजपा सांसद मनोज तिवारी उसका खुलासा कर रहे हैं- दिलीप पांडे
- भाजपा नेताओं ने साफ संदेश दे दिया है कि आम आदमी पार्टी के एक-एक नेता को गिरफ्तार करने से पहले ईडी थमेगी नहीं- दिलीप पांडे
- भाजपा ‘‘आप’’ के नेताओं को खरीद-तोड़ नहीं पाई तो अब उनको आधारविहीन आरोप लगाकर जेल में डाल रही है- दिलीप पांडे
- मोदी जी ने जब-जब ये साबित करने की कोशिश की कि ‘‘आप’’ खत्म हो गई, तब-तब ‘‘आप’’ और मजबूत होकर आगे बढ़ी- दिलीप पांडे
- भाजपा ने 2024 में हार की डर से अपने स्टार प्रचारक ईडी-सीबीआई को विपक्ष की बुलंद आवाजों के पीछे छोड़ दिया है- दिलीप पांडे
- मोदी जी के सामने जिसने झुकने से इन्कार किया, वो सभी एक-एक कर जेल की सलाखों के पीछे पहुंचाए जाएंगे- दिलीप पांडे
- हम भगत सिंह के चेले हैं, जान दे देंगे, फांसी के फंदे पर झूल जाएंगे, लेकिन भाजपा और मोदी जी के आगे झुकेंगे नहीं- दिलीप पांडे
भाजपा आम आदमी पार्टी को खत्म करने में नाकाम साबित हुई तो अब उसने ईडी के जरिए पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं सीएम अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार करने की आखिरी दांव चला है। ईडी भाजपा के मुख्यालय में बैठकर अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार करने की रणनीति बना रही है और उसकी रणनीति का खुलासा भाजपा के सांसद मनोज तिवारी कर रहे हैं। भाजपा नेताओं ने साफ संदेश दे दिया है कि जब तक ‘‘आप’’ का एक-एक नेता गिरफ्तार नहीं हो जाता, तब तक ईडी रूकने वाली नहीं है। मंगलवार को ‘‘आप’’ विधायक दिलीप पांडे ने पार्टी मुख्यालय में प्रेस वार्ता कर ये बातें कहीं। उन्होंने आगे कहा कि भाजपा और मोदी जी के सामने जिसने झुकने से इन्कार किया, वो सभी एक-एक कर जेल की सलाखों के पीछे पहुंचाए जाएंगे। लेकिन हम भगत सिंह के चेले हैं, जान दे देंगे, लेकिन झुकेंगे नहीं।
आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं विधायक दिलीप पांडे ने कहा कि भाजपा के इशारे पर काम कर रही ईडी लोकतंत्र और संविधान को दरकिनार करके काम कर रही है। अब यह किसी से छिपा नहीं है। भाजपा सभी पार्टियों के तोड़ने, खरीदने और काबू में करना जानती है। लेकिन दिल्ली की जनता के आशीर्वाद से बनी आम आदमी पार्टी ने भाजपा के अश्वमेघ यज्ञ के घोड़े को दिल्ली में रोक दिया। जबकि भाजपा पूरा देश फतह करके आ रही थी। ऐसा केवल एक बार नहीं, बल्कि 2013, 2015 और 2020 में हुआ।
उन्होंने कहा कि जब भाजपा से आम आदमी पार्टी के नेता खरीदे और तोड़े नहीं जा सके तो उसने हमारे नेताओं और मंत्रियों को आधारविहीन आरोप लगाकर कैद कर लिया। लेकिन जब फिर भी ये लोग आम आदमी पार्टी को खत्म नहीं कर पाए तो अब वो अपना आखिरी दांव चलने की कोशिश कर रहे हैं। अब ईडी देश के सबसे लोकप्रिय मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को तथाकथित शराब घोटाले के मामले में जांच के लिए बुला रही है। इसका मकसद साफ है और भाजपा की तरफ से भी संदेश साफ है कि वो आम आदमी पार्टी को खत्म करना चाहती है। आम आदमी पार्टी के एक-एक नेता को गिरफ्तार करने से पहले ईडी थमेगी नहीं। हालांकि भाजपा और नरेंद्र मोदी ने कई बार आम आदमी पार्टी का मसीहा बनने की कोशिश की। जब-जब उन्होंने यह साबित करने की कोशिश की कि आम आदमी पार्टी खत्म हो गई है, तब-तब ‘‘आप’’ कई गुना अधिक ताकत से उठी है, आगे बढ़ी है और जनता की अपेक्षाओं व अकांक्षाओं पर खरा उतरी है।
‘‘आप’’ नेता दिलीप पांडेय ने बताया कि भाजपा का आम आदमी पार्टी को खत्म करने के अलावा और कोई मकसद नहीं है। विपक्ष की जितनी भी बुलंद आवाजें हैं, उन्होंने सबके पीछे साल 2024 के चुनाव में अपनी हार के डर से अपने स्टार कैंपेनर्स ईडी और सीबीआई को छोड़ दिया है। चाहें मामला झारखंड, राजस्थान या दिल्ली का हो, उन तमाम राजनीतिक पार्टियों के टॉप लीडर्स जिन्होंने नरेंद्र मोदी और भाजपा के सामने झुकने से इन्कार कर दिया। वो सब एक-एक करके जेल की सलाखों के पीछे पहुंचाए जाएंगे। फिर चाहें वो हेमंत सोरेन हों या पिनराई विजयन हों।
उन्होंने कहा कि जिस ईडी के स्वतंत्र कार्रवाई पर सुप्रीम कोर्ट ने टिप्पणी की है। ईडी अब भाजपा के मुख्यालय में बैठकर रणनीति बना रही है और रणनीति का खुलासा भाजपा के सांसद पहले आकर कर रहे हैं कि अब सीएम अरविंद केजरीवाल गिरफ्तार होंगे। यह नई बात नहीं है। पर हम भारतीय जनता पार्टी, मनोज तिवारी और बाकी तमाम लोगों से कहना चाहेंगे कि आप कुछ भी कर लो, लेकिन आम आदमी पार्टी के नेता-मंत्री, सीएम अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, संजय सिंह, सत्येंद्र जैन कट्टर ईमानदार और देशभक्त लोग हैं। यह लोग एक एजेंडा लेकर आए हैं कि हमें देश और दिल्ली की जनता की सेवा करनी है। आपने 170 से ज्यादा मुकदमे कर लिए, हजारों रेड कर लीं, अब आप अपना आखिरी दांव चलने वाले हैं। हम आपको साफ-साफ बताना चाहते हैं कि हम आम आदमी पार्टी वाले थोड़ा अलग मिट्टी के बने बने हैं। हम भगत सिंह के चेले हैं, हम जान दे देंगे, फांसी के फंदे पर झूल जाएंगे लेकिन आपके आगे झुकेंगे नहीं। दिल्ली की जनता की सेवा करने की गारंटी लेते हुए हम कहना चाहते हैं कि हम निरंतर सेवा के रास्ते पर चलते रहेंगे और सेवा-निर्माण के रास्ते से पीछे नहीं हटेंगे।
मनीष सिसोदिया के विषय में विधायक दिलीप पांडेय ने कहा कि भाजपा का एक उपनाम बहुत झूठी पार्टी भी है। मनोहर कहानियां गढ़ने में ये और इनके ईडी नाम के फ्रंटल ऑर्गेनाइजेशन के लोग आगे हैं। उन्होंने बताया कि जब मनीष सिसोदिया के मामले में सुनवाई चल रही थी तो हमने देखा कि सुप्रीम कोर्ट के सवालों के आगे ईडी और ईडी के वकीलों की जुबान नहीं खुल रही थी। यह लोग तथ्य के नाम पर कहानियों को आगे कर रहे थे। एक अप्रुवर के बयान के आधार पर गिरफ्तारियों पर जब सुप्रीम कोर्ट सवाल कर रही थी, तब ईडी के पास जवाब नहीं था। लेकिन आज ईडी और भाजपा नेताओं के एक ही स्वर हैं। इसलिए यह समझना अब मुश्किल नहीं है कि भाजपा का केवल एक ही मकसद है कि जिस पार्टी के नेताओं से उन्हें डर है, जिससे सबसे ज्यादा घबराहट होती है, उस पार्टी को खत्म किया जाए, उस पार्टी के नेताओं को जेल की सलाखों के पीछे भेजा जाए। हम उनसे साफ-साफ कहना चाहते हैं कि चाहें जो भी कर लो, जनता की सेवा का यह कारवां रुकेगा नहीं।
उन्होंने कहा कि मनीष सिसोदिया के ऊपर 18 लाख बच्चों के परिवारों का आशीर्वाद है, जिनके उज्जवल भविष्य को उन्होंने अपनी मेहनत से सुनिश्चित किया है। यह उनका प्यार ही था कि उन्हें विदाई देने के लिए लोग सड़कों पर आए थे। सीएम अरविंद केजरीवाल तो दिल्ली ही नहीं, बल्कि देश के सबसे लोकप्रिय नेता हैं।


