बुराड़ी की जर्जर सड़कों, जगह-जगह बने बड़े-बड़े गड्ढों और क्षतिग्रस्त मुख्य एवं संपर्क मार्गों के खिलाफ आज Voice of Burari के आह्वान पर बुराड़ी में विशाल विरोध मार्च एवं चक्का जाम का आयोजन किया गया। इसमें हजारों की संख्या में बुराड़ी के नागरिकों, महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं ने भाग लेकर प्रशासन का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर आकर्षित किया।
प्रस्तावित विरोध मार्च बुराड़ी अस्पताल से बुराड़ी मेट्रो स्टेशन तक था और मेट्रो स्टेशन के पास शांतिपूर्ण चक्का जाम का आह्वान किया गया था। लेकिन दिल्ली पुलिस प्रशासन द्वारा प्रदर्शनकारियों को बुराड़ी मेट्रो स्टेशन से लगभग आधा किलोमीटर पहले पेप्सी रोड के पास बैरिकेड लगाकर रोक दिया गया।
इसके बाद Voice of Burari के आह्वान पर सभी प्रदर्शनकारी वहीं शांतिपूर्वक बैठ गए और लगभग दो घंटे तक धरना दिया। प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांग थी कि संबंधित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी अथवा जिला मजिस्ट्रेट स्तर के अधिकारी मौके पर आकर यह ठोस आश्वासन दें कि बुराड़ी की सड़कों की मरम्मत का कार्य एक माह के भीतर पूरा कराया जाएगा।
लगभग दो घंटे के संवाद के बाद दिल्ली पुलिस के ACP ने हस्तक्षेप कर उपराज्यपाल कार्यालय से समन्वय स्थापित किया। इसके बाद Voice of Burari के पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल को उपराज्यपाल कार्यालय भेजा गया। प्रतिनिधिमंडल में मंगेश त्यागी, जितेंद्र फुलारा, शशि मोहन कोटनाला, महेश जोशी और नरेंद्र कुमार सहित अन्य सदस्य शामिल थे।
उपराज्यपाल कार्यालय में हुई बातचीत में अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल को स्पष्ट आश्वासन दिया कि बुराड़ी की सड़कों की मरम्मत का कार्य एक माह के भीतर पूर्ण कर लिया जाएगा। साथ ही यह भी कहा गया कि शीघ्र ही मुख्यमंत्री कार्यालय तथा जिला मजिस्ट्रेट के साथ Voice of Burari के प्रतिनिधिमंडल की बैठक की व्यवस्था की जाएगी। जिला मजिस्ट्रेट के दिल्ली से बाहर होने के कारण वह आज मुलाकात नहीं कर सके।
अधिकारियों से मिले आश्वासनों के बाद Voice of Burari ने चक्का जाम समाप्त करने की घोषणा की।
Voice of Burari ने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन किसी व्यक्ति या सरकार के विरोध में नहीं, बल्कि बुराड़ी के नागरिकों के सम्मानजनक जीवन, सुरक्षित आवागमन और बेहतर बुनियादी सुविधाओं के अधिकार के लिए था। संगठन ने कहा कि वह प्रशासन के साथ सहयोग को तैयार है और उम्मीद करता है कि दिए गए आश्वासन को तय समय में पूरा किया जाएगा।
अब बुराड़ी की जनता एक माह तक सड़क निर्माण कार्य की प्रगति पर नजर रखेगी। यदि निर्धारित समय में संतोषजनक मरम्मत नहीं हुई तो संगठन लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन को और व्यापक करेगा। आइए देखते हैं टोटल ख़बरें के वरिष्ठ संवाददाता राजेश खन्ना की रिपोर्ट में।






