*राहुल गांधी की एक झलक पाने के लिए उमड़ पड़े लोग
*राहुल बोले- देश में भाजपा-आरएसएस के लोग नफरत फैला रहे हैं
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रही ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ सातवें दिन शनिवार दोपहर को असम से अरुणाचल प्रदेश में प्रवेश कर गई। यात्रा का अरुणाचल प्रदेश पहुंचने पर भव्य स्वागत हुआ। राहुल गांधी की एक झलक पाने के लिए जगह-जगह स्थानीय लोगों का भारी हुजूम उमड़ पड़ा। इससे पहले शनिवार सुबह यात्रा असम के लखीमपुर से शुरू हुई। यात्रा दोपहर करीब दो बजे असम-अरुणाचल प्रदेश सीमा पर पहुंची। इस दौरान असम कांग्रेस अध्यक्ष भूपेन बोरा ने अरुणाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नबाम तुकी को राष्ट्र ध्वज सौंपा। अरुणाचल प्रदेश के ईटानगर पहुंचने पर राहुल गांधी ने पदयात्रा की और जनसभा को भी संबोधित किया। रात को यात्रा ईटानगर के गांव चिम्पू में रुकी।
ईटानगर की जनसभा में उमड़े जनसैलाब को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि देश में भाजपा-आरएसएस के लोग नफरत फैला रहे हैं। मणिपुर में सिविल वॉर जैसा माहौल बना हुआ है, लोग मारे जा रहे हैं, घर जलाए जा रहे हैं। मणिपुर महीनों से जल रहा है और देश के प्रधानमंत्री आज तक मणिपुर नहीं गए। मणिपुर में जो हुआ और जो हो रहा है, वो भाजपा-आरएसएस की विचारधारा का नतीजा है। मीडिया मणिपुर, बेरोजगारी, महंगाई और जनता के मुद्दों पर बात नहीं करती है। जनता की आवाज न मीडिया उठा रहा है और न सरकार सुन रही है। कांग्रेस जनता के बीच जनता की पीड़ा सुनने आई है, इसलिए इस यात्रा को ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ नाम दिया गया है।
राहुल गांधी ने कहा कि देश में विचारधारा की लड़ाई है। भाजपा भाई को भाई से लड़ाती है, एक धर्म को दूसरे धर्म से लड़ाती है, एक भाषा को दूसरी भाषा से लड़ाती है और दो-तीन लोगों के लिए सरकार चलाती है। इसमें पूरा फायदा दो-तीन बड़े उद्योगपतियों का होता है और जनता का नुकसान होता है। कांग्रेस पार्टी लोगों को जोड़ने का काम करती है, उन्हें प्रतिनिधित्व देने का काम करती है, जैसे अरुणाचल प्रदेश को पूर्ण राज्य का दर्जा दिया गया।
राहुल गांधी ने आगे कहा कि भाजपा की विचारधारा है कि हिंदुस्तान को दिल्ली से चलाया जाना चाहिए। यह यात्रा आपकी संस्कृति और इतिहास की रक्षा करने आई है।
राहुल गांधी ने कहा कि अरुणाचल प्रदेश के चार युवा उनके पास आए। युवाओं ने कहा कि पांच साल की मेहनत के बाद हम सेना में भर्ती हुए, लेकिन सरकार ने नई भर्ती की आड़ में डेढ़ लाख युवाओं को रिजेक्ट कर दिया। राहुल गांधी ने जनता से कहा कि इसी तरह आपके जो मुद्दे हैं, उनके बारे में आप हमें बताइए। कांग्रेस इस यात्रा के माध्यम से उन मुद्दे को उठाएगी।
राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस ने ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की थी। अब ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ नॉर्थ ईस्ट के मणिपुर से शुरू की गई है। क्योंकि कांग्रेस देश को संदेश देना चाहती है कि नॉर्थ ईस्ट बाकी सभी प्रदेशों जितना जरूरी है। इस यात्रा का लक्ष्य जनता के दिल की बात सुनना और जनता के मुद्दे उठाना है।
भारत जोड़ो का नारा लगा रहे स्कूली बच्चों से मिले राहुल गांधी
शनिवार को यात्रा करीब 110 किलोमीटर चली। यात्रा का जहां अरुणाचल प्रदेश में पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। वहीं यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने जगह- जगह सड़क किनारे खड़े लोगों से बातचीत की। इस दौरान सड़क किनारे भारत जोड़ो का नारे लगा रहे स्कूली बच्चों से भी राहुल गांधी ने बस से उतरकर मुलाकात की। राहुल गांधी को अपने बीच पाकर स्कूली बच्चे बेहद खुश नजर आए और भारत जोड़ो के नारे लगाते रहे। यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने इंडियन ऑयल के कर्मचारियों से भी मुलाकात की।



