‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के काफिले पर हमला,कांग्रेस बोली- भाजपा ने कराया हमला

Listen to this article

*यात्रा को मिल रहे जनसमर्थन से भाजपा और भ्रष्ट मुख्यमंत्री सरमा घबराए

*कांग्रेस इन हरकतों से डरने वाली नहीं है

कांग्रेस ने भाजपा पर असम के लखीमपुर में ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के काफिले पर हमला करवाने का आरोप लगाया है। कांग्रेस ने कहा कि ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ को मिल रहे जनसमर्थन से भाजपा और देश के सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा घबरा गए हैं। कांग्रेस पार्टी असम की भाजपा सरकार की इन हरकतों से डरने वाली नहीं है।

हमले की निंदा करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि कांग्रेस असम के लखीमपुर में भाजपा के गुंडों द्वारा ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के वाहनों पर हुए शर्मनाक हमले और कांग्रेस पार्टी के बैनर-पोस्टर फाड़ने की कड़ी निंदा करती है। बीते दस साल में भाजपा ने देश की जनता को संविधान की ओर से मिले हर अधिकार और न्याय को कुचलने का प्रयास किया है। भाजपा लोगों की आवाज दबाना चाहती है। कांग्रेस इन हमलों और धमकियों से डरने वाली नहीं है। भाजपा के इन गुंडों के खिलाफ कांग्रेस कानूनी कार्रवाई करेगी।

वहीं नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में पत्रकार वार्ता करते हुए कांग्रेस के कोषाध्यक्ष अजय माकन ने ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ पर हुए हमले को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला।

अजय माकन ने कहा कि राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ को भरपूर सहयोग और जनसमर्थन मिल रहा है, जिसे देखकर भाजपा व उनके नेता घबरा गए हैं। कल रात असम के लखीमपुर में जिस तरीके से कांग्रेस के लोगों की गाड़ियों को तोड़ा गया, पोस्टर फाड़े गए, पार्टी के खिलाफ नारे लगाए गए, यह इस बात को दर्शाता है कि भाजपा बेहद घबरा गई है।

अजय माकन ने कहा कि असम के लखीमपुर में हुआ हमला इस बात को दर्शाता है कि कांग्रेस और राहुल गांधी को मिल रहे समर्थन से देश के सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा घबरा गए हैं। वे खुद को भाजपा का बड़ा शुभचिंतक दिखाने के नाते ऐसी शर्मनाक हरकतों पर उतर आए हैं। ऐसी हरकतों से कांग्रेस डरने वाली नहीं हैं। उन्होंने कहा कि देश की जनता की आवाज उठाने वाली इस यात्रा को रोकने की हिम्मत न की जाए।

Print Friendly, PDF & Email

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *