*दिल्ली की जनता आवारा पशुओं की समस्या से त्रस्त,खानपुर में आवारा पशु की टक्कर से मरने वाले व्यक्ति के आश्रितों को मिले एक करोड़ रूपए मुआवजा- सरदार राजा इकबाल सिंह
*निगम की आप सरकार की चुनाव के समय दी गई 10 गारंटी झूठ का पुलिंदा साबित हुई,धरातल पर नही हुआ कोई भी कार्य- सरदार राजा इकबाल सिंह
*विज्ञापन बोर्ड के नाम पर जुर्माने के चलते व्यापारी वर्ग परेशान- सरदार राजा इकबाल सिंह
*अगर मेयर साहिबा से प्रशासन नही चलता तो इस्तीफा दे देना चाहिए
*भाजपा अवैध निर्माण के खिलाफ,आप पार्टी ने निगम के साथ जल बोर्ड एवं बिजली बोर्ड को जोड़ कर भ्रष्टाचार के नए रास्ते खोले- सरदार राजा इकबाल सिंह
*संपत्ति कर के लिए आम माफी योजना तुरंत प्रभाव से लाई जाए- सरदार राजा इकबाल सिंह
दिल्ली नगर निगम मे नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व महापौर सरदार राजा इकबाल सिंह ने गैर जिम्मेदार तरीके से सदन चलाने के चलते दिल्ली की मेयर साहिबा की कार्यशैली पर प्रश्नचिन्ह खड़े किए। सरदार राजा इकबाल सिंह ने कहा कि मेयर साहिबा को समय की बिल्कुल भी कदर नही है 2 बजे की सदन की बैठक के लिए वो एवं आप पार्टी के पार्षद 2:45 तक आते हैं एवं सुचारू रूप से बैठक का आयोजन नहीं किया जाता है। मेयर एवं आप पार्टी के पार्षदों का यह व्यवहार शर्मनाक है। सदन की बैठक में शॉर्ट नोटिस पर चर्चा एवं आधे घंटे का प्रश्नकाल आयोजित किया जाता है। लेकिन मेयर साहिबा द्वारा हमारे प्रश्नों को नकार दिया जाता है एवं आप पार्टी के पार्षद कोई भी प्रश्न नहीं उठाते हैं इसका मतलब है कि आप पार्टी के अनुसार दिल्ली में कोई भी समस्या नहीं है। सरदार राजा इकबाल सिंह ने कहा कि मैं मेयर साहिबा से पूछना चाहता हूं कि जब आपकी मंशा सदन चलन की नहीं है तो निगम का लाखों रुपया क्यों व्यर्थ खर्च किया जा रहा है।
सरदार राजा इकबाल सिंह ने कहा कि सदन में जब उपनेता प्रतिपक्ष श्री जयभगवान ने खानपुर में आवारा पशु के हमले में जान गंवाने वाले व्यक्ति जोकि संयुक्त परिवार में इकलौते कमाने वाले सदस्य थे के लिए एक करोड़ रुपए मुआवजा देने की मांग उठाई तो उस पर मेयर साहिबा द्वारा कोई भी प्रतिक्रिया नहीं दी गई। पीड़ित परिवार का दुख न तो मेयर साहिबा समझती हैं और न ही आप पार्टी के पार्षद।
सरदार राजा इकबाल सिंह ने कहा कि संपत्ति कर की वजह से आम जनता परेशान है जिसके चलते आम माफी योजना तुरंत प्रभाव से लाई जानी चाहिए। सरदार राजा इकबाल सिंह ने कहा कि भाजपा के निगम के 15 वर्ष के शासन में आम माफी योजना लाई जाती थी। हमारी इच्छा है कि इस साल भी यह स्कीम लाई जाए किंतु आप पार्टी को दिल्ली की जनता की जरा सी भी परवाह नहीं है।
सरदार राजा इकबाल सिंह ने कहा कि व्यापारियों को परेशान करने के लिए दुकानों के बोर्डों के लिए लाखों रुपए के नोटिस दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की यह मांग है कि इस नए टैक्स को हटाया जाए। इस संदर्भ में हम प्राइवेट रेजोल्यूशन भी लेकर आए थे जिसे पास नही किया गया। सरदार राजा इकबाल सिंह ने कहा कि निगम चुनाव के दौरान आप सरकार द्वारा दी गई 10 गारंटी झूठ का पुलिंदा साबित हुई हैं दिल्ली में कूड़े के पहाड़ भी वहीं हैं तथा आवारा पशुओं की समस्या भी ज्यों की त्यों है।
सरदार राजा इकबाल सिंह ने कहा कि मेयर साहिबा यह कहकर कि अधिकारी हमारी बात नही सुनते अपना पल्ला नहीं झाड़ सकती अगर आपसे प्रशासन नही चलता तो इस्तीफा दे दीजिए। हमे अच्छा शासन और प्रशासन चाहिए। दिल्ली की जनता को राहत चाहिए एवं बहाने बनाने से काम नही चलेगा।
सरदार राजा इकबाल सिंह ने कहा कि भाजपा सदैव अवैध निर्माण के विरोध में रही है। लेकिन आप पार्टी ने माफिया के साथ मिलकर अवैध निर्माण को बढ़ावा दिया है एवं जमीनों के कब्जे किए हैं। अब आप पार्टी इस कार्य में निगम के साथ दिल्ली जल बोर्ड एवं बिजली वितरण कंपनी को लाकर नए रास्ते खोल रही है जिससे भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिलेगा। आप सरकार को चाहिए कि बिल्डिंग विभाग पर नकेल कसी जाए ताकि अवैध निर्माण रुके किंतु उन्होंने इस कार्य में अपने एमएलए को मिलाकर भ्रष्टाचार के नए आयाम ढूंढने शुरू कर दिए हैं।


